देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को दून सैनिक इंस्टीट्यूट, गढ़ी कैंट में ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और भारतीय सेना के शौर्य के कारण ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा, “जब पूरा देश सो रहा था, तब हमारे जवानों ने मात्र 22 मिनट में पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। चार दिनों के भीतर पाकिस्तान को युद्धविराम के लिए भारत के सामने झुकना पड़ा।”



धामी ने कहा कि उत्तराखंड के हर परिवार का सेना से गहरा भावनात्मक लगाव है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सेना को अत्याधुनिक हथियारों और तकनीक से सुसज्जित किया जा रहा है। रक्षा सामग्री के निर्यात में 38 गुना वृद्धि हुई है और भारत अब 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की घोषणाएं दोहराईं
• शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में पांच गुना बढ़ोतरी
• शहीद परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी
• नौकरी के लिए आवेदन की अवधि 2 वर्ष से बढ़ाकर 5 वर्ष
• वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों को सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा
• 25 लाख तक की संपत्ति खरीद पर पूर्व सैनिकों को 25% स्टाम्प ड्यूटी छूट
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर नारी सम्मान और राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा का प्रतीक है। यह संदेश देता है कि भारत अब अन्याय बर्दाश्त नहीं करता।
इस अवसर पर सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, मेजर जनरल शमी सभरवाल, मेजर जनरल डी. अग्निहोत्री, मेजर जनरल पीएस राणा, ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट सहित कई सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




