Home Blog Page 10

विवादित बिल्डर पुनीत अग्रवाल की गुंडागर्दी पर चला DM सविन बंसल का डंडा: जिला बदर की तैयारी

0

 

जनसुरक्षा के दृष्टिगत जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय ने लिया स्वतः संज्ञान; गुंडाएक्ट में किया बुक,  जिला बदर की तैयारी

पूर्व में नाबालिग बच्चों पर लहरा चुका है पिस्टल; डीएम ने ही तब स्वतः कर दिया था शस्त्र लाईसेंस निलिम्बित

डीएम कोर्ट से बिल्डर को गुंडा एक्ट में 07 दिन में सतोंषजनक प्रतिउत्तर प्राप्त न होने पर जिला बदर की कार्यवाही होगी शुरू

बिल्डर के विरूद्ध बीएनएस की धारा 115 (2), 351(2), 352, 74,126(2), 324(4), 447 में पांच मुकदमें है दर्ज

बिल्डर पर मारपीट, उत्पीड़न, पिस्टल तानने, बच्चों से गाली गलौच व गाड़ी से टक्कर मारने का प्रयास, धमकाने अभद्र भाषा का प्रयोग, स्थानिकों एवं आरडब्ल्यूए के सदस्यों को जानबूझकर झूठे मुकदमों एवं निराधार आरोपों में फंसाकर उत्पीड़न का प्रयास, कूटरचित रजिस्ट्री से विधवा महिला की भूमि पर अनाधिकृत आदि मामलों में दर्ज हैं 05 मुकदमें

दबंगई कर जनमानस की जान जोखिम में डालने वालों पर डीएम की नजर; जिला बदर की कार्यवाही तय

देहरादून । शहर के सहस्त्रधारा रोड स्थित एटीएस कालोनी में बिल्डर की गूंडागर्दी पर जिला मजिस्ट्रेट कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए गुंडा एक्ट में नोटिस जारी करते हुए 07 दिन के भीतर प्रतिउत्तर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं प्रतिउत्तर प्राप्त न होने के की दशा में जिला बदर की कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी। इससे पूर्व भी विवादित बिल्डर पर दीपावली में नाबालिग बच्चों पर पिस्टल लहराने तथा लाईसेंसी शस्त्र को प्रदर्शित करने पर डीएम ने शस्त्र लाईसेंसधारक पुनीत अग्रवाल की लापरवाही मानते हुए उनका शस्त्र जब्त करते हुए शस्त्र लाईसेंस निलम्बित कर दिया था। आरोपी बिल्डर पर डीआरडीओं वैज्ञानिक के साथ मारपीट एवं उत्पीड़न, नशे में धुत होकर एटीएस आरडब्ल्यूए अध्यक्ष के साथ मारपीट, बच्चों से गाली गलौच, दीपावली पर पिस्टल तानने, बच्चों से गाली गलौच एवं गाड़ी से टक्कर मारने का प्रयास, जनरल बाडी मीटिंग में धमकाने अभद्र भाषा का प्रयोग, आरोपी द्वारा निवासियों एवं आरडब्ल्यूए के सदस्यों को जानबूझकर झूठे मुकदमों एवं निराधार आरोपों में फंसाकर उत्पीड़न करने का प्रयास, विधवा महिला की भूमि को कूट रचित रजिस्ट्री एवं अनाधिकृत कब्जा मामलों विभिन्न धाराओं में 05 एफआईआर दर्ज हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने जनमानस महिला, बुजुर्ग बच्चे, असहायों की सुरक्षा के दृष्टिगत समय-समय पर कड़े एक्शन लिए है। साथ ही अधिकारियों को सख्त निर्देश हैं कि कानून हाथ में लेकर ऐसा कृत्य करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नही जाएगा। बिल्डर के विरूद्ध बीएनएस की धारा 115 (2), 351(2), 352, 74,126(2), 324(4), 447 में पांच मुकदमें दर्ज हैं। तथा बिल्डर द्वारा आए दिन कोई न कोई विवाद किए जा रहे हैं, जनमानस की सुरक्षा के दृष्टिगत जिला मजिस्टेªट न्यायालय द्वारा स्वतः संज्ञान लेते हुए बिल्डर के विरूद्ध गुंडाएक्ट में बुक करते हुए जिला बदर की तैयारी कर दी है।
ज्ञातब्य है कि शहर के सहस्त्रधारा रोड स्थित एटीएस कॉलोनी में बिल्डर की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। बिल्डर पुनीत अग्रवाल पर नगर निगम/एमडीडीए की जमीन पर अवैध निर्माण के विरोध में 01 डीआरडीओ मे तैनात वैज्ञानिक के साथ मारपीट का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत है कि बिल्डर द्वारा कथित रूप से नगर निगम /एमडीडीए की जमीन पर दीवार निर्माण कराया जा रहा था, जिसका मलबा उनके घर की ओर गिर रहा था। इसका विरोध करने पर बिल्डर ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा विवाद बढ़ने पर बिल्डर ने कथित रूप से डीआरडीओ के सांईटिस्ट से मारपीट की। मारपीट में घायल डीआरडीओ के सांइटिस्ट अनिरुद्ध शर्मा को चोटें आई थी मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों के थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एटीएस कॉलोनी के निवासियों ने आरोप लगाए थे कि बिल्डर के खिलाफ कई शिकायतों के बावजूद सख्त/ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती है।
—0—
कार्यालय जिला सूचना अधिकारी देहरादून

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने सीएफएल द्वारा आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर का किया दौरा

0

 

भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर श्री संजय मल्होत्रा ने देहरादून जिले के भोपालपानी, बडासी और सोडा सरौली ग्राम पंचायतों के स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के लिए क्रिसिल फाउंडेशन के सहसपुर स्थित वित्तीय साक्षरता केंद्र (सीएफएल) द्वारा आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर का दौरा किया।

इस मौके पर उन्होंने वित्तीय साक्षरता के महत्व पर ज़ोर देते हुए नागरिकों को सशक्त बनाने की बात कही। उन्होंने वित्तीय जागरूकता, समृद्धि और दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता को बढ़ावा देने, भारत सरकार की विभिन्न पेंशन तथा बीमा संबंधित सामाजिक योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने सीएफएल अधिकारियों से समाज के सभी वर्गों, विशेष रूप से दूरदराज और वंचित क्षेत्रों में रहने वालों को शिक्षित करने के लिए और अधिक प्रयास करने का आह्वान किया, ताकि वित्तीय समावेशन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने प्रतिभागियों से ऐसे शिविरों के दौरान प्राप्त वित्तीय जागरूकता को अपने परिवार के सदस्यों, मित्रों और पड़ोसियों के साथ साझा करने का आग्रह किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के सदस्यों से भी बातचीत की।

शिविर में बिजनेस कोरेस्पोंडेंटों (बीसी) द्वारा बुनियादी बैंकिंग सुविधाओं सहित कई सेवाएं उपलब्ध कराई गई। शिविर स्थल पर सिक्के और नीट बदलने के लिए काउंटर भी स्थापित किए गए थे। इस मौके पर एक मोबाइल एटीएम वैन उपलब्ध थी तथा कुछ स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन भी किया, जिसमें गवर्नर ने काफी रुचि दिखाई और सराहना की।

इस मौके पर क्षेत्रीय निदेशक, आरबीआई, देहरादून श्री अरविंद कुमार सहित भारतीय रिज़र्व बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के वरिष्ठ अधिकारी तथा ब्लॉक विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

28 अप्रैल को मशाल जुलूस निकालेगी भाजपा: महिला आरक्षण के विरोध में विपक्षी दलों के रुख के खिलाफ हल्ला बोल

0

 

महिला सशक्तिकरण मंत्री रेखा आर्या ने कहा है कि महिला आरक्षण के विरोध में विपक्षी दलों के रुख से महिलाओं में व्यापक आक्रोश है। इस आक्रोश को अभिव्यक्ति देने के लिए 28 अप्रैल को एक दिन के विधानसभा सत्र के अलावा उसे दिन शाम को देहरादून में विशाल मशाल जुलूस निकाला जाएगा।

रविवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय पर आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि विपक्षी दलों के विरोध के कारण महिलाओं को उनका लोकतांत्रिक अधिकार नहीं मिल पाया।

मंत्री ने बताया कि इन जनभावनाओं को अभिव्यक्ति देने और राज्य की आवाज को स्पष्ट रूप से सामने रखने के उद्देश्य से 28 अप्रैल को विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र आहूत किया गया है।

इसके अलावा, उसी दिन शाम 6 बजे महिलाओं और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा मशाल जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस विपक्षी दलों की महिला विरोधी मानसिकता के खिलाफ आयोजित किया जाएगा।

रेखा आर्य ने पार्टी प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ मशाल रैली की तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि इस विशेष सत्र और मशाल रैली में उत्तराखंड की महिलाओं की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जाना चाहिए, ताकि महिला आरक्षण का विरोध करने वाले राजनीतिक दलों को स्पष्ट संदेश दिया जा सके।

 

चमोली के डिप्टी कलेक्टर सोहन सिंह रांगड़ बने BKTC के नए CEO

0

 

गोपेश्वर। उत्तराखण्ड शासन द्वारा बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है, कर्णप्रयाग के उपजिलाधिकारी सोहन सिंह रांगड़ (पीसीएस) को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति का मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। शासन के इस निर्णय का बीकेटीसी कर्मचारी संघ सहित धार्मिक संगठनों ने स्वागत किया है।

बता दें कि कुछ दिनों पहले मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल अपने मूल विभाग मंडी समिति में चले गये थे बाद में जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग विशाल मिश्रा को मुख्य कार्याधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। वर्तमान में शासन की ओर से राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सोहन सिंह रांगण को बीकेटीसी का पूर्णकालिक मुख्य कार्याधिकारी बनाया गया है विभिन्न धार्मिक संगठनों ने बीकेटीसी में पूर्णकालिक सीईओ की नियुक्ति का स्वागत किया है कहा है कि पूर्णकालिक सीईओं की नियुक्ति से श्री बदरीनाथ केदारनाथ यात्रा व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी।

उपजिलाधिकारी ने कर्णप्रयाग में अपने उपजिलाधिकारी कार्यकाल के दौरान प्रभावी प्रशासन, जनहितकारी फैसलों और मजबूत प्रबंधन क्षमता का परिचय दिया है। आपदा प्रबंधन में तत्परता, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान तथा विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से उन्होंने अपनी अलग पहचान बनायी है।अब बदरीनाथ केदारनाथ धाम जैसे विश्वप्रसिद्ध आस्था केंद्रों की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी। उनकी नियुक्ति से उम्मीद है कि मंदिर समिति की कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-हितैषी बनेगी।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि बीकेटीसी कर्मचारी संघ, सहित विभिन्न धार्मिक संगठनों जनप्रतिनिधियों,हकहकूकधारियों ने नवनियुक्त बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी को शुभकामनाएं दी है शासन के निर्णय का स्वागत किया और विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में बदरीनाथ -केदारनाथ धाम की यात्रा व्यवस्थाएं और अधिक मजबूत होंगी।

जारी आदेश के मुताबिक, आईएएस अधिकारी विशाल मिश्रा (2018 बैच) को उनके वर्तमान पद से अवमुक्त करते हुए मुख्य कार्याधिकारी, श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC), देहरादून के पद से हटाया गया है। वहीं, पीसीएस अधिकारी श्री सोहन सिंह, जो वर्तमान में डिप्टी कलेक्टर कर्णप्रयाग चमोली के पद पर तैनात थे, को अब मुख्य कार्याधिकारी, बीकेटीसी, देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शासन ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारी अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें। साथ ही, स्थानांतरण प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, यह सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने सीएम धामी से की भेंट:  यात्रा को लेकर हुई चर्चा

0

 

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने भेंट की। उन्होंने आगामी यात्रा को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत भी कराया।

इस दौरान अध्यक्ष श्री नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को 20 मई 2026 को श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 के पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। यात्रा व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि हेमकुंड साहिब यात्रा को सफल, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि 20 मई 2026 को श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 के पहले जत्थे का विदाई समारोह आयोजित होगा। इस पहले जत्थे का नेतृत्व पारंपरिक रूप से पंज प्यारों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 के कपाट 23 मई 2026 को खुलने वाले हैं। लाखों श्रद्धालु इस पावन यात्रा में शामिल होकर गुरु गोबिंद सिंह जी की पावन तपोभूमि के दर्शन करेंगे।

 

सीएम धामी ने पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 133वाँ संस्करण को सुना

0

 

”मन की बात” कार्यक्रम से मिलती है आगे बढ़ने की प्रेरणा: सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मोथरोवाला, देहरादून में बड़ी संख्या में उपस्थित स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 133वें संस्करण को सुना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम देशवासियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न वर्गों के प्रेरक कार्यों, नवाचारों, स्टार्टअप, स्वच्छता, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण एवं लोक संस्कृति से जुड़े विषयों को प्रभावी रूप से सामने रखते हैं, जिससे लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम ने आमजन के प्रयासों को एक मंच प्रदान किया है। इससे देश के कोने-कोने में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को पहचान मिल रही है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वातावरण बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम अनवरत रूप से निरंतर जारी है, जो करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणादायक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेहनत, परिश्रम और काम करने वाले लोगों को अवश्य फल मिलता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का मान, सम्मान, स्वाभिमान प्रत्येक क्षेत्र में बड़ रहा है। भारत बड़ी आर्थिक शक्ति बनकर उभरा है। हमारा देश विज्ञान, रक्षा, ए.आई के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। आज हम रक्षा उपकरणों, हथियारों का अन्य देशों को निर्यात भी करते हैं, जो आत्मनिर्भर भारत की तस्वीर दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। देश के सीमांत क्षेत्रों में भी अब रोड, रेल और आधुनिक सुविधाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा उत्तराखंड, विकसित भारत के संकल्प में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। बाबा केदार की भूमि से प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था, जिस संकल्प पर राज्य सरकार निरंतर आगे कार्य कर रही है और अब इसके परिणाम भी सामने आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार का संकल्प है कि हम उत्तराखंड की संस्कृति, आस्था और साधना को हमेशा संरक्षित रखें। राज्य सरकार, देवभूमि के दैवत्व को हमेशा अमर रखने का काम करेगी। राज्य सरकार ने सख्त दंगारोधी कानून, धर्मांतरण कानून, नकल विरोधी कानून, जैसे कई कानून लागू किए हैं जो अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन रहा है। उन्होंने कहा जहां डबल इंजन की सरकार है वहां विकास दुगनी रफ़्तार से आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, दायित्वधारी प्रताप सिंह पंवार, सरिता डंगवाल, मोहित शर्मा एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

 

विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियां तेज:  राजनीतिक दलों के साथ अहम बैठक सम्पन्न

0

 

*देहरादून । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की संभावित घोषणा से पूर्व जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में राजनीतिक दलों को अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं की सूची के साथ-साथ नए मतदाताओं से संबंधित प्रारूप-9, 10, 11, 11क एवं 11ख उपलब्ध कराए गए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्री-रिवीजन गतिविधियों के तहत वर्ष-2003 की निर्वाचक नामावली के मतदाताओं का वर्तमान नामावली से बीएलओ एप के माध्यम से 24 अप्रैल 2026 तक 81 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष कार्य निरंतर जारी है।

जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1882 मतदेय स्थल चिन्हित किए गए हैं, जहां पुनरीक्षण कार्य संपादित किया जाएगा। इनमें चकराता में 237, विकासनगर 142, सहसपुर 212, धर्मपुर 236, रायपुर 214, राजपुर 141, देहरादून कैंट 152, मसूरी 178, डोईवाला 191 तथा ऋषिकेश में 179 मतदेय स्थल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 164 नए मतदेय स्थलों का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति कर इसकी सूचना शीघ्र उपलब्ध कराने का आह्वान किया, ताकि पुनरीक्षण कार्य पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता के साथ संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से मतदाता अपने बूथ लेवल ऑफिसर से सीधे संपर्क कर सकते हैं। यह सुविधा ईसीआईनेट प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इसके अलावा, वोटर हेल्पलाइन टोल-फ्री नंबर 1950 के माध्यम से भी निर्वाचन संबंधी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।

बैठक में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी हरीश पुरोहित, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सोनिया बहुगुणा, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि अरविंद जैन, बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि दिग्विजय सिंह, सीपीआईएम के प्रतिनिधि सहित निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक शोभन अंसारी, पिरंजन कुशवाह समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला सूचना अधिकारी, देहरादून।

 

जिला योजना के क्रियान्वयन पर मंथन:  सीडीओ ने विभागों से मांगी विस्तृत कार्ययोजना

0

 

जनहित, नवचार और स्वरोजगार सृजन पर विशेष फोकस, बजट के प्रभावी उपयोग पर जोर

*देहरादून ।
जिला योजना वर्ष 2026-27 की संरचना एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने शनिवार को विकास भवन में विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में विभागों को अनुमोदित धनराशि के सापेक्ष योजनाओं एवं मदवार प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित जिला योजना की मदवार विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला योजना में जनोपयोगी एवं आमजन से सीधे जुड़े प्रस्तावों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही स्वरोजगार योजनाओं, चालू परियोजनाओं तथा नवाचार आधारित कार्यक्रमों को भी कार्ययोजना में शामिल कर बजट का श्रेष्ठतम् और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, प्रारंभिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, उद्योग, पर्यटन, युवा कल्याण, खेल,ं सूचना सहित अन्य विभागों की प्रस्तावित कार्ययोजनाओं की गहन समीक्षा की गई। सीडीओ ने विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए योजनाओं को परिणामोन्मुख बनाने पर जोर दिया।

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने जिला योजना के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी शशि कांत गिरि, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढौंडियाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला पर्यटन अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय, जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

जिला सूचना अधिकारी, देहरादून।

पूर्व मुख्यमंत्री स्व0 हेमवती नन्दन बहुगुणा की जयन्ती पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल एवं कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि 

0

 

देहरादूनः- देश के महान नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं अविभाजित उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व0 हेमवती नन्दन बहुगुणा जी की जयन्ती के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में स्वo हेमवती नन्दन बहुगुणा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि गढ़वाल के एक छोटे से गांव बुघाणी में सामान्य परिवार में जन्मे हेमवती नन्दन बहुगुणा जी ने जिस प्रकार से गढ़वाल से इलाहाबाद तक की शैक्षणिक यात्रा, छात्र राजनीति, स्वतंत्रता संग्राम और फिर देश की आजादी के बाद उत्तर प्रदेश के विधायक से लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, भारत सरकार के संचार मंत्री से लेकर वित्त मंत्री और लम्बे समय तक विपक्ष के नेता के रूप में देश को नेतृत्व दिया और जीवनभर जिस विचारधारा पर चले कभी उन पर समझौता नहीं किया। उन्होंने देश की भावी पीढ़ियों को धर्मनिरपेक्षता की ठोस विचारधारा विरासत में दी और देश में सामाजिक न्याय के वैचारिक कीर्तिमान स्थापित किये।

गोदियाल ने कहा कि हेमवती नन्दन बहुगुणा व्यक्ति नहीं बल्कि विचारधारा थे। उन्होंने हमेशा कहा कि ‘हिमालय टूट सकता है पर झुक नहीं सकता’। बहुगुणा जी के ऊपर अंग्रेज सरकार ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान दस हजार जिन्दा या मुर्दा इनाम रखा था और जब वे गिरफ्तार हुए तो माफी मांगने की शर्त पर अंग्रेज सरकार ने उनको छोडने की पेशकश उनके पिता के माध्यम से की थी किन्तु बहुगुणा जी ने माफी मांगने से साफ मना कर दिया था।

उन्होंने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश में जिस प्रकार से जनहित की अनदेखी की जा रही है, वह बेहद चिन्ताजनक है। महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है, जबकि बहुगुणा जी ने अपने कार्यकाल में हमेशा जनता को केन्द्र में रखकर नीतियां बनाई थीं। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है सरकार बहुगुणा जी के आदर्शो से सीख ले, लेकिन दुर्भाग्यवश सत्ता में बैठे लोग जनसेवा के बजाय केवल प्रचार और दिखावे की राजनीति मे लगे हुए है।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी, प्रवक्ता अभिनव थापर, शीशपाल सिंह बिष्ट, राकेश सिंह नेगी, अमेन्द्र सिंह बिष्ट, अभिषेक तिवाडी, सुशीला शर्मा, राजकुमार जयसवाल, अश्विनी बहुगुणा, यशपाल चैहान, अजय रावत, नितिन बिष्ट, आादि कांग्रेसजन उपस्थित थे।
मीडिया विभाग, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ।

 

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित: बालिकाओं ने एक बार फिर मारी बाजी

0

इस वर्ष इंटरमीडिएट का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 85.11% रहा, जबकि हाईस्कूल का कुल परिणाम 92.10% रहा

रामनगर । उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रामनगर स्थित परिषद कार्यालय में परिणाम जारी करते हुए छात्र-छात्राओं को बधाई दी।
इस वर्ष इंटरमीडिएट का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 85.11% रहा, जबकि हाईस्कूल का कुल परिणाम 92.10% रहा। दोनों कक्षाओं में बालिकाओं ने बालकों को पीछे छोड़ते हुए बेहतर प्रदर्शन किया।
इंटरमीडिएट परिणाम
• कुल उत्तीर्ण: 85.11%
• बालिकाएं: 88.09%
• बालक: 81.93%
इस वर्ष इंटरमीडिएट में 1,02,986 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,00,452 परीक्षा में सम्मिलित हुए और 85,499 उत्तीर्ण हुए। पिछले वर्ष 2025 की तुलना में परिणाम में 1.88 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
हाईस्कूल परिणाम
• कुल उत्तीर्ण: 92.10%
• बालिकाएं: 96.07%
• बालक: 88.03%
हाईस्कूल में 1,12,266 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,983 परीक्षा में बैठे और 1,00,373 उत्तीर्ण हुए। पिछले वर्ष की तुलना में 1.33 प्रतिशत सुधार हुआ।
मंत्री का बयान
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा, “इस वर्ष समय पर और बेहतर परिणाम घोषित होने का श्रेय परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं की मेहनत को जाता है।” उन्होंने मेधावी छात्रों और उनके अभिभावकों से फोन पर बात कर बधाई दी।
टॉपर्स की सूची
इंटरमीडिएट (कक्षा 12)
• प्रथम स्थान (संयुक्त): गीतिका पंत (सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर) एवं सुशीला मेहदीरत्ता (भंजूराम अमर इंटर कॉलेज, ऊधम सिंह नगर) — 98%
• द्वितीय: आर्यन (सरस्वती विद्या मंदिर, ऋषिकेश) — 97.80%
• तृतीय: वंशिका (सरस्वती विद्या मंदिर, मायापुर, हरिद्वार) — 97%
हाईस्कूल (कक्षा 10)
• प्रथम: अक्षत गोपाल (एम.पी. हिन्दू इंटर कॉलेज, रामनगर) — 98.20%
• द्वितीय (संयुक्त): इशांत कोठारी (एस.वी.एम. इंटर कॉलेज, चिन्यालीसौड़) एवं भूमिका (जी.बी. पंत राजकीय इंटर कॉलेज, खैरना) — 98%
• तृतीय: योगेश जोशी (विवेकानंद वी.एम. इंटर कॉलेज, मण्डलसेरा, बागेश्वर) — 97.80%
जनपदवार प्रदर्शन
बागेश्वर जनपद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंटरमीडिएट में 94.84% और हाईस्कूल में 96.98% के साथ प्रथम स्थान हासिल किया।
परीक्षाफल सुधार परीक्षा परिणाम
10वीं सुधार परीक्षा का परिणाम 68.67% और 12वीं का 66.27% रहा।
विशेष
परिणाम घोषित होने के बाद शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत हाईस्कूल टॉपर अक्षत गोपाल के घर पहुंचे और उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने अक्षत की मेहनत को सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर विधायक रामनगर दिवान सिंह बिष्ट, परिषद सभापति, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती और सचिव विनोद कुमार सेमल्टी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।