Home Blog Page 108

सीएम धामी ने ताड़ीखेत की न्याय पंचायत जैनोली में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में सुनी जन समस्याएं

0

 

ताड़ीखेत की न्याय पंचायत जैनोली में आयोजित हुआ बहुउद्देशीय शिविर

मुख्यमंत्री ने मुख्यसेवक के स्टाल पर बैठकर सुनी जनसमस्याएं, दिए त्वरित समाधान के निर्देश

प्रशासन गाँव की ओर अभियान के अंतर्गत विकासखंड ताड़ीखेत की न्याय पंचायत जैनोली में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में मुख्यमंत्री ने स्वयं प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिविर में लगाए गए सभी विभागों के स्टालों का एक-एक कर निरीक्षण किया तथा मुख्यसेवक के स्टाल पर बैठकर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
मुख्यमंत्री ने शिविर में उपस्थित नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए प्राप्त शिकायतों पर एक-एक कर चर्चा की और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी सेवाएं आमजन को उनके द्वार पर उपलब्ध हों, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से दौड़-भाग न करनी पड़े। अधिकारी स्वयं गांव में आकर जनता के कार्य करेंगे और उनकी परेशानियों का समाधान करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के सभी विभाग एक ही मंच पर जनता के द्वार पर उपस्थित हैं और आमजन को इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाना चाहिए। यह कार्यक्रम विशेष रूप से जनता की सुविधा के लिए आयोजित किए जा रहे हैं।

शिविर के दौरान पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज जैनोली के जर्जर भवन को लेकर प्राप्त शिकायत पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय भवन के जीर्णोद्धार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन गाँव की ओर अभियान शासन और जनता के बीच संवाद, विश्वास और सहभागिता को सशक्त करने की दिशा में एक प्रभावी पहल है, जिससे जनसमस्याओं का समाधान त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी रूप से किया जा रहा है।

इस दौरान कार्यक्रम में विधायक रानीखेत प्रमोद नैनवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा , जॉइंट मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे

देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान प्रणाली को सशक्त करने की पहल: राष्ट्रीय स्तरीय IKS परीक्षा पोस्टर का विमोचन

0

 

देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय, देहरादून में भारतीय ज्ञान प्रणाली (Indian Knowledge System – IKS) पर आधारित राष्ट्रीय स्तरीय परीक्षा के पोस्टर का औपचारिक विमोचन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। परीक्षा के पोस्टर का विमोचन करते हुए प्रोफेसर (डॉ.) जगमोहन सिंह राणा ने बताया कि यह परीक्षा विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान (VBUSS ) द्वारा Delhi University के सहयोग से आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति बौद्धिक चेतना का विकास करना है।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर उपाध्यक्ष (Vice President) अमन जी सहित सभी पूर्व घोषित अतिथि मंचासीन रहे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रति-कुलपति डॉ. संदीप शर्मा ने परीक्षा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा विज्ञान, कला एवं सामाजिक विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रोफेसर (डॉ .)अनीता रावत , पूर्व निदेशक, उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र (USERC) तथा प्रसिद्ध शिक्षाविद प्रोफेसर (डॉ )जगमोहन राणा , पूर्व अध्यक्ष, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की विशिष्ट उपस्थिति रही। दोनों ही विद्वान अतिथियों ने भारतीय ज्ञान प्रणाली की प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी परीक्षाएँ विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
प्रोफेसर राणा ने अपने संबोधन में बताया कि यह राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी, जिसमें बहुविकल्पीय एवं वर्णनात्मक प्रश्न शामिल होंगे। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय रैंक प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से इस पहल को व्यापक स्तर पर साझा करने तथा युवाओं को इसमें भागीदारी के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अजय कुमार, प्रति-कुलपति डॉ संदीप शर्मा एवं डॉ. रितिका मेहरा, कुलसचिव डॉ. शुभाशीष तथा डीन स्टूडेंट वेल्फेयर दिग्विजय सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

तुलाज़ इंस्टीट्यूट में भारत बोध–IKS राष्ट्रीय परीक्षा 2026 का पोस्टर किया जारी

0

**प्रोफेसर जगमोहन सिंह राणा ने तुलाज़ इंस्टीट्यूट में भारतीय ज्ञान परंपरा पर संकाय से संवाद किया तथा भारत बोध–IKS राष्ट्रीय परीक्षा 2026 का पोस्टर किया जारी**
देहरादून, उत्तराखंड | 22 दिसंबर 2025

तुलाज़ इंस्टीट्यूट, देहरादून में विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, उत्तराखंड के अध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भौतिक शास्त्री तथा उत्तराखंड लोक से आयोग के पूर्व अध्यक्ष*प्रोफेसर जगमोहन सिंह राणा** के आगमन के अवसर पर महत्वपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियाँ संपन्न हुईं। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा (Indian Knowledge System–IKS) विषय पर संकाय सदस्यों के साथ विस्तृत संवाद किया तथा **भारत बोध–IKS राष्ट्रीय परीक्षा 2026** के पोस्टर का औपचारिक विमोचन किया। इसी क्रम में राष्ट्रीय गणित दिवस का भी आयोजन किया गया।

संकाय संवाद सत्र के दौरान प्रो. डॉ. जे. एम. एस. राणा ने उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए तथा विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान की भूमिका, उद्देश्य और दूरदृष्टि पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारत बोध–IKS परीक्षा की संरचना, उद्देश्य और राष्ट्रीय महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह परीक्षा विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध बौद्धिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ उनके शैक्षणिक दृष्टिकोण और आलोचनात्मक चिंतन को सशक्त बनाने में सहायक होगी।

सीएम धामी ने अल्मोड़ा में किया खेल महोत्सव का शुभारंभ: खिलाड़ियों को किया सम्मानित

0

 

आर्टिफिशियल टर्फ मैदान, 200 सोलर लाइटें और छात्रावास निर्माण की घोषणा

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अल्मोड़ा में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन किया तथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी श्रीमती एकता बिष्ट और खेल प्रशिक्षकों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि जनपद अल्मोड़ा में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जी.आई.सी. ग्राउंड में हॉकी एवं फुटबॉल के लिए दिन एवं रात्रि उपयोग हेतु बहुउद्देशीय आर्टिफिशियल टर्फ मैदान का निर्माण किया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने और स्वच्छ व हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने हेतु 200 सोलर लाइटें उपलब्ध कराई जाएंगी। हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम, अल्मोड़ा में 50 बिस्तरों की क्षमता वाला छात्रावास बनाया जाएगा। वहीं, हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम का बैडमिंटन कोर्ट अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार पुनर्निर्मित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है, जो अपने परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प के बल पर सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार करने की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति मानकर ‘विकसित और आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उनकी प्रेरणा से “फिट युवा फॉर विकसित भारत” की थीम पर आयोजित हो रहा यह “सांसद खेल महोत्सव” केवल एक सामान्य खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का एक महाभियान है। यह हमारे गाँव-गाँव में छिपी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का सशक्त मंच प्रदान करने के साथ ही युवा शक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्षशीलता जैसे गुणों को विकसित करने का प्रभावी माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया मूवमेंट” जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा दे रही है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के भव्य एवं सफल आयोजन से उत्तराखंड “देवभूमि” के साथ-साथ “खेलभूमि” के रूप में भी स्थापित हुआ है। राष्ट्रीय खेलों में हमारे खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर एक नया इतिहास रचा है। उत्तराखंड अब विश्वस्तरीय “स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर” के मामले में भी देश के प्रमुख राज्यों में गिना जाने लगा है और अब प्रदेश में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होने लगा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य में शीघ्र ही एक “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” लागू करने जा रही है, जिसके अंतर्गत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। हल्द्वानी में उत्तराखंड का प्रथम खेल विश्वविद्यालय तथा लोहाघाट में एक महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी तेज़ी से कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश में खेलों के समग्र विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नई खेल नीति भी लागू की गई है, जिसके अंतर्गत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी प्रदान की जा रही है। ‘मुख्यमंत्री खेल विकास निधि’, ‘मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना’, ‘मुख्यमंत्री उदियमान खिलाड़ी योजना’ तथा ‘खेल किट योजना’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य के उभरते युवा खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा के समग्र विकास के लिए पर्यटन, रोजगार और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने हेतु भी कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत पिछले चार वर्षों में अल्मोड़ा जनपद में ढाई सौ किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया है। साथ ही करोड़ों रुपये की लागत से विभिन्न मोटरमार्गों का निर्माण एवं नवीनीकरण भी किया गया है। लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से अल्मोड़ा- पौड़ी गढ़वाल-रुद्रप्रयाग को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कराया गया है। लगभग 922 करोड़ रुपये की लागत से अल्मोड़ा-बागेश्वर सड़क के चौड़ीकरण को भी मंजूरी दी गई है। ‘उड़ान योजना’ के अंतर्गत अल्मोड़ा में पर्यटन को बढ़ावा देने और आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से हेली सेवाएं प्रारंभ की गई हैं। फलसीमा में हेलीपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है, जो क्षेत्र को बेहतर हवाई सेवाओं से जोड़ते हुए आवागमन को और अधिक सुलभ बनाएगा। क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सशक्त बनाने के लिए गगास नदी पर 31.27 करोड़ रुपये की लागत से जलाशय परियोजना का कार्य किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए शोभन सिंह जीना मेडिकल इंस्टीट्यूट में 100 नई एमबीबीएस सीटें बढ़ाने के साथ-साथ 36 आईसीयू बेड भी जोड़े गए हैं, जिससे भविष्य में चिकित्सा सुविधाएं और अधिक बेहतर होंगी।

कार्यक्रम के दौरान सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री भारत सरकार श्री अजय टम्टा, मेयर नगर निगम श्री अजय वर्मा, जागेश्वर विधायक श्री मोहन सिंह मेहरा, उपाध्यक्ष महिला उद्यमिता परिषद श्रीमती गंगा बिष्ट, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती हेमा गैड़ा, पूर्व विधायक श्री कैलाश शर्मा, पूर्व विधायक श्री रघुनाथ सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री महेश नयाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए का कड़ा प्रहार, शहर की सुनियोजित विकास नीति पर कोई समझौता नहीं

0

 

अवैध निर्माण और भू-माफिया के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’, सख्त कार्रवाई जारी

*शहर और आसपास के क्षेत्रों का विकास मास्टर प्लान और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होगा- बंशीधर तिवारी*

मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्यवाही लगातार जारी है। एमडीडीए की टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों, अवैध प्लॉटिंग, अनधिकृत सड़क कटान और नियमों के विपरीत किए गए निर्माणों को चिन्हित कर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण का स्पष्ट संदेश है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों का विकास केवल निर्धारित मानकों और स्वीकृत मास्टर प्लान के अनुरूप ही होगा। एमडीडीए को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ भू-माफिया और निजी डेवलपर्स नियमों को दरकिनार कर कृषि भूमि एवं अन्य श्रेणी की भूमि पर अवैध प्लॉटिंग कर रहे हैं। इन गतिविधियों से न केवल शहर की भौगोलिक संरचना और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि आम नागरिकों को भी भ्रमित कर अवैध रूप से भूखंड बेचे जा रहे हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एमडीडीए ने विशेष प्रवर्तन टीमें गठित की हैं, जो नियमित रूप से क्षेत्रवार निरीक्षण कर रही हैं।

प्राधिकरण की कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों में बनाई गई आंतरिक सड़कें, बाउंड्री वॉल और प्लॉटिंग के अन्य ढांचे ध्वस्त किए गए। एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर दबाव या प्रभाव को स्वीकार नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी भूमि या भूखंड की खरीद से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य करें और एमडीडीए से स्वीकृति की पुष्टि करें। अवैध प्लॉटिंग न केवल शहरी अव्यवस्था को बढ़ावा देती है, बल्कि जल निकासी, यातायात, हरित क्षेत्र और बुनियादी सुविधाओं पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है। इसी को देखते हुए प्राधिकरण ने अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई है। प्रवर्तन कार्यवाही के साथ-साथ संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार नोटिस, सीलिंग और विधिक प्रक्रिया भी अमल में लाई जा रही है। एमडीडीए यह भी सुनिश्चित कर रहा है कि भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग, ड्रोन सर्वे और स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए। प्राधिकरण का उद्देश्य केवल ध्वस्तीकरण नहीं, बल्कि आमजन में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुनियोजित, सुरक्षित व पर्यावरण संतुलित विकास को बढ़ावा देना है।

*उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी का बयान*
मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। शहर और आसपास के क्षेत्रों का विकास मास्टर प्लान और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होगा। जो लोग नियमों को ताक पर रखकर अवैध प्लॉटिंग कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील है कि वे किसी भी प्रकार की भूमि खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की पुष्टि एमडीडीए से अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

*सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया का बयान*
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ चल रही कार्रवाई पूरी तरह नियमों के अनुरूप और पारदर्शी है। प्रवर्तन टीमें नियमित रूप से क्षेत्रीय निरीक्षण कर रही हैं और जहां भी अनियमितता पाई जा रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि शहर का सुनियोजित और सुरक्षित विकास सुनिश्चित करना है।

 

 UPES और जूनिपर नेटवर्क्स ने नेटवर्किंग एवं साइबर सिस्टम्स में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की की स्थापना

0

देहरादून, 22 दिसंबर 2025। यूपीईएस देहरादून ने जूनिपर नेटवर्क्स (अब एचपीई जूनिपर नेटवर्किंग) के साथ एक रणनीतिक शैक्षणिक साझेदारी की है, जिसके तहत यूपीईएस स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस में नेटवर्किंग एवं साइबर सिस्टम्स के क्षेत्र में एक अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) की स्थापना की जाएगी। इस सहयोग को 10 दिसंबर 2025 को आयोजित जूनिपर ग्लोबल एकेडमिक समिट के दौरान दोनों संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापन (MOU) के आदान-प्रदान के माध्यम से औपचारिक रूप दिया गया।
यह MOU शिशिर सिंह, ग्लोबल सीनियर वाइस प्रेसिडेंट – कोर टेक्नोलॉजीज़, नेटवर्किंग एवं सिक्योरिटी तथा एम. मुथुकुमार, ग्रुप वाइस प्रेसिडेंट एवं इंडिया कंट्री हेड, जूनिपर नेटवर्क्स की उपस्थिति में संपन्न हुआ। यह साझेदारी यूपीईएस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और वैश्विक मंच पर भारत के अग्रणी तकनीकी विश्वविद्यालयों में इसकी मजबूत स्थिति को दर्शाती है।
इस साझेदारी के माध्यम से यूपीईएसए जूनिपर नेटवर्क्स क्लाउड एवं ऑटोमेशन अकादमी का आधिकारिक सदस्य बन गया हैए जिससे वैश्विक उद्योग मानकों के अनुरूप व्यावहारिक और अनुभवात्मक शिक्षण प्रदान करने वाला विश्वस्तरीय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा। जूनिपर नेटवर्क्स में यह कार्यक्रम व्यापक स्तर पर आगे बढ़ रहा है, जिसकी निरंतरता अर्चना यादवए ग्लोबल प्रोग्राम मैनेजर- अकादमिक अलायंस द्वारा सुनिश्चित की जा रही है।
इस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को उद्योग-स्तरीय जूनिपर हार्डवेयर सूट से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे उन्नत कॉन्फ़िगरेशन, सिमुलेशन और रियल-टाइम नेटवर्क टेस्टिंग संभव होगी। विद्यार्थियों को जूनिपर के एसोसिएट और स्पेशलिस्ट स्तर के पाठ्यक्रमों तक 100 प्रतिशत सब्सिडी के साथ पहुंच प्रदान की जाएगीए जिनका मूल्य प्रति विद्यार्थी सामान्यतः 3,000-4,000 अमेरिकी डॉलर होता है। इसके साथ ही जूनिपर की वैश्विक सर्टिफिकेशन परीक्षाओं (प्रति परीक्षा 200-300 अमेरिकी डॉलरद) पर 75 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी।
यह सहयोग एसोसिएट एवं स्पेशलिस्ट लर्निंग पाथवेए क्यूरेटेड कंटेंट और गाइडेड लैब्स तक संपूर्ण पहुंच प्रदान करता है, जिससे यूपीईएस के फैकल्टी सदस्य नेटवर्किंग, सिक्योरिटी, क्लाउड और एआई-नेटिव नेटवर्किंग जैसे उन्नत पाठ्यक्रमों का प्रभावी संचालन कर सकेंगे। साथ हीए नेटवर्किंग, क्लाउड ऑटोमेशन और साइबर सुरक्षा के क्षेत्रों में फैकल्टी और विद्यार्थियों के लिए गहन अपस्किलिंग पहल भी की जाएगी।
यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विद्यार्थियों को वैश्विक मानकों के अनुरूप तकनीकी दक्षता, गहन व्यावहारिक अनुभव और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सर्टिफिकेशन प्रदान करेगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता और इंजीनियरिंग कौशल में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इस अवसर पर एम. मुथुकुमार, ग्रुप वाइस प्रेसिडेंट एवं इंडिया कंट्री हेड, जूनिपर नेटवर्क्स इंडिया ने कहा “हम यूपीईएस के साथ इस MOU के माध्यम से अपनी शैक्षणिक साझेदारी को औपचारिक रूप देने को लेकर प्रसन्न हैं। जूनिपर नेटवर्क्स में हम उद्योग-तैयार प्रतिभा के निर्माण के लिए गहराई से प्रतिबद्ध हैं। अत्याधुनिक नेटवर्किंग पाठ्यक्रम, व्यावहारिक शिक्षण अनुभव और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से विश्वविद्यालयों को सशक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है। भविष्य-उन्मुख शिक्षा पर यूपीईएस का मजबूत फोकस, उद्योग और शिक्षा के बीच कौशल अंतर को पाटने तथा आने वाले डिजिटल कार्यबल को तैयार करने के जूनिपर के मिशन के साथ पूरी तरह मेल खाता है।”
इस साझेदारी पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री मनीष मदानए रजिस्ट्रार, यूपीईएस ने कहा, “जूनिपर नेटवर्क्स के साथ यह सहयोग हमारे तकनीकी शिक्षा इकोसिस्टम को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उद्योग-स्तरीय अवसंरचना, वैश्विक सर्टिफिकेशन और प्रैक्टिशनर-नेतृत्व वाले शिक्षण को अपने अकादमिक ढांचे में एकीकृत कर हम अपने विद्यार्थियों को नेटवर्किंग और साइबर सुरक्षा के वास्तविक चुनौतियों का आत्मविश्वास और दक्षता के साथ सामना करने के लिए तैयार कर रहे हैं।”
इस साझेदारी के माध्यम से यूपीईएस वैश्विक नेटवर्किंग और साइबर सुरक्षा टैलेंट पाइपलाइन में अपनी भूमिका को और मजबूत करता है तथा अपने स्नातकों को एक तेजी से जुड़ती डिजिटल दुनिया में नेतृत्व के लिए तैयार करता है।

DM Action: आईएसबीटी निकासी गेट पर बने निर्माण ध्वस्त: चौकी शिफ्ट करने के निर्देश

0

 

  • आईएसबीटी; दिल्ली जाने वाला गेट मिला बंद; नपे एआरएम, डीएम ने दिए कड़ी कार्यवाही के निर्देश

फ्लाईओवर के नीचे अतिरिक्त कट होंगे बंद; बनेगा क्रासओवर व व्यवस्थित कलर कोड पार्किंग

हरिद्वार बाईपास रोड आईएसबीटी के समीप सड़क किनारे टाइल्स पार्किंग विकसित करने को मौके पर ही एनएच को धन की स्वीकृति

आईएसबीटी क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था; अतिक्रमण;यातायात बाधा बर्दाश्त नही; अधिकारियों की जिम्मेदारी तय

देहरादून, दिनांक 22 दिसम्बर 2025 (सूवि) जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था, पार्किंग, निकासी मार्ग एवं अव्यवस्थित गतिविधियों का गहन जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हरिद्वार बाईपास की तरफ आईएसबीटी फ्लाई ओवर के समीप सड़क किनारे खाली बड़ी खाली जगह पर टाइल्स लगाकर सुव्यवस्थित पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों एवं आमजन को जाम की समस्या से राहत मिल सके। दिल्ली जाने वाली बसों के लिए बनाए गए निकासी गेट के बंद पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा एमडीडीए को तत्काल गेट खोलने के निर्देश दिए। पूर्व में दिए गए निर्देशों का अनुपालन न होने पर उन्होंने संबंधित एआरएम के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने फ्लाईओवर के नीचे अवैध कट बंद करते हुए सुरक्षित क्रॉसओवर बनाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही फ्लाईओवर के नीचे व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने तथा निकासी गेट के समीप बनी पुलिस चौकी को अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आईएसबीटी गेट के पर किए गए निर्माण को ध्वस्त कर निकासी गेट को पूर्ण रूप से सुचारू करने के निर्देश भी दिए गए। ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके। जिलाधिकारी ने आरटीओ को सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएच) के अधिकारियों को आईएसबीटी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे टाइल्स लगाकर पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए। इसके लिए जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही आवश्यक धनराशि की स्वीकृति भी प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आईएसबीटी क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अतिक्रमण अथवा यातायात बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम नमामी बंसल, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, नगर मजिस्टेªट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, संभागीय परिवहन अधिकारी अनिता चमोला, एमडीडीए, एनएच के अधिकारी उपस्थित रहे।

—0—
कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, देहरादून

जनता दर्शन में डीएम ने 171 लोगों की सुनी समस्या, कई मामले मौके पर निपटाए

0

 

डीएम जनदर्शनः सुनवाई से समाधान तक भरोसे का सफर

*गरीबी आड़े नहीं आएगी शिक्षा में, डीएम के निर्देश पर ममता के मूक-बधिर बच्चे का स्पेशल स्कूल में निःशुल्क दाखिला*

*स्कूल फीस न होने से दो बच्चों की पढ़ाई पर आया संकट, मां की गुहार पर प्रशासन का संबल,*

*जन सुनवाई में छलका 70 वर्षीय बुजुर्ग का दर्द, परिवार के सदस्यों पर भरण पोषण में वाद दर्ज*

*भूमि सौदे में जालसाजी पर डीएम सख्त, 07 लाख की धोखाधड़ी में मौके पर एफआईआर दर्ज*

*जल जीवन मिशन में अनियमितता, सीडीओ को जांच रिपोर्ट पेश करने के निर्देश,*

*सहसपुर-कोटडा मार्ग पर आवागमन संकट, रोडवेज को तत्काल बस संचालन के आदेश*

 

*देहरादून ।
जिलाधिकारी सविन बसंल ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जन समस्याएं सुनी। जनता दरबार में दूर दराज से बडी संख्या में पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, भूमि का पट्टा निर्गत करने, आपसी विवाद, मारपीट, ऋण माफी, मुआवजा, आर्थिक सहायता, स्कूल फीस, भरण पोषण आदि से जुड़ी 171 समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जिलाधिकारी ने बारी बारी से सबकी समस्याएं सुनी और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया और विभागों से संबंधित कुछ प्रकरणों को इससे जुड़े विभागों को अग्रसारित करते हुए विधि सम्मत त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

गरीब, असहाय बिहार निवासी महिला रीना देवी ने डीएम को अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि उनका 11 वर्ष का बेटा कुछ बोल और सुन नहीं पाता है। अपने पुत्र को पढ़ाना चाहती हूॅ। मजदूरी करके किसी तरह परिवार का पालन पोषण हो रहा है। स्कूल की फीस देने में सक्षम नहीं हूॅ। इस पर जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन एवं समाज कल्याण अधिकारी को बालक का स्पेशल चाइल्ड विद्यालय में निःशुल्क दाखिला करवाने के निर्देश दिए।

आर्थिक संकट से जूझ रही बंजारावाला निवासी रश्मि चौहान ने अपने दो बच्चों की फीस माफ करने की गुहार पर जिला शिक्षा अधिकारी को प्रश्नगत प्रकरण पर संबंधित विद्यालयों से वार्ता करते हुए फीस का समाधान करने और बच्चों की पढ़ाई हर हाल में जारी रखवाने के निर्देश दिए।

जन सुनवाई में पहुंचे 70 वर्षीय बुजर्ग बीमार एवं दिव्यांग मदन सिंह ने अपनी पीडा सुनाते हुए कहा कि मेरे बच्चों एवं पत्नी द्वारा मेरे साथ धोखा करके फर्जी तरीके से मुझे मेरी ही संपत्ति से बेदखल कर दिया है। उन्होंने जीवन यापन हेतु सुरक्षा देने और जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग पर डीएम ने मौके पर ही भरण पोषण में वाद दर्ज कराया।

पति द्वारा प्रताड़ित पत्नी मंगला सिंह ने बताया कि उनके पति ने मारपीट कर उनको दो वर्ष पूर्व घर से निकाल दिया है। पूर्व में मुकदमे के बाद पति द्वारा भरण पोषण भत्ता मिलता था, जिससे वो गुजारा करती थी। लेकिन पिछले 05 महीनों से पति द्वारा भरण पोषण भत्ता न दिए जाने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस पर एसडीएम और सीओ प्रेम नगर को पीडित महिला को त्वरित न्याय दिलाने के निर्देश दिए।

गाजियाबाद निवासी विकास ने बताया कि भूमि के एवज में अनुबंध पत्र पर जालसाजी करके उनके साथ 07 लाख की धोखाधड़ी की गई है। अपने पैसे वापस मांगने पर अब जान से मारने की धमकी दे रहे है। इस पर जिलाधिकारी मौके पर दूसरे पक्ष के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाई।

सहसपुर से होरावाला-कोटडा तक तीन वर्ष पहले बसों का संचालन बंद होने पर कुछ समय पहले से टाटा मैजिकों का संचालन भी बंद होने से इलाके में ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी की शिकायत पर रोडवेज परिवहन को तत्काल बसों के संचालन हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सेलाकुई नगर पालिका के पर्यावरण मित्र सौरभ ने विगत पांच महीनों से वेतन न मिलने की ईओ नगर पालिका को संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध एक्शन लेते हुए पर्यावरण मित्रों का मानदेय भुगतान कराने के निर्देश दिए।

शाकुम्भरी गौ रक्षा सेवा समिति के पदाधिकारियों ने निराश्रित गौवंश के आश्रय के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग पर एसडीएम और सीवीओ को भूमि चयन करते हुए गौवंश संचालन हेतु तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत कांडी च्यामा गाता के अंतर्गत ग्राम गाता में जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत पेयजल योजना के टैंक व चौंबर का निर्माण न होने के बावजूद पेयजल लाइन का भुगतान करने की शिकायत पर सीडीओ को जल जीवन मिशन के नोडल अधिकारी से 05 जनवरी तक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्राम भट्ोवाला ऋषिकेश में बिला जल कनेक्शन के पानी के बिल जारी किए जाने शिकायत पर सीडीओ को जांच सौंपी।

ग्राम धनपौ से लोहारी तक दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग की मरम्मत न होने की शिकायत पर एसडीमए चकराता को पैदल मार्ग की मरम्मत का प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ग्राम भट्ोवाला में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित सार्वजनिक मार्ग पर अवैध कब्जा करते हुए दीवार निर्माण करने तथा मार्ग को निजी भूमि बताने की शिकायत पर एसडीएम ऋषिकेश एवं एक्शन लोनिवि को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अजबपुर कलां में सरकारी भूमि पर कब्जा करने की शिकायत पर उप नगर आयुक्त को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

जन सुनवाई में मोहना निवासी मोहन सिंह, सुशीला देवी, कालू राम आदि ने बताया कि 50-60 वर्षाे से मजदूरी करते हुए मोहना में निवास करते है। उन्होंने भूमि का पट्टा दिलाए जाने की गुहार लगाई। इस दौरान पीडित लोगों ने भूमि का सीमांकन, रजिस्ट्री, अवैध कब्जा हटवाने से जुड़ी तमाम शिकायतें और समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जनता दरबार में एसडीमए स्मृता परमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम विनोद कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

जिला सूचना अधिकारी, देहरादून।

बड़ी खबर: रिस्पना पुल पर चलती गाड़ी में अचानक लगी आग

0

 

देहरादून। आज रिस्पना पुल पर चलती गाड़ी में अचानक आग लग गई जिसके कारण अफरा तकरी मच गई। जानकारी के अनुसार छिदरवाला 4 युवक देहरादून की ओर आ रहे थे जो की हल्द्वानी के रहने वाले ‌थे। पुलिस की मुस्तैदी से आग पर काबू प्रकार युवकों को सुरक्षित बचाया गया।

उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र देहरादून को सूचना मिली कि एक वाहन में आग लग गई है इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फायर यूनिट देहरादून तत्काल घटनास्थल पर रवाना हुई घटना स्थल पर पहुंचकर देखा कि एक वाहन मारुति सुजुकी Scross Uk04 AG 4789 जो की छिद्दरवाला से एमएलए हॉस्टल देहरादून की तरफ जा रहे थे।वाहन द्वारा अचानक आग पकड़ ली गई।
फायर सर्विस देहरादून की त्वरित कार्यवाही से आग को तत्काल काबू में लाया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

एमडीडीए द्वारा मसूरी अटल उद्यान में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का हुआ गरिमामय लोकार्पण

0

 

*प्रेस रिलीज*
मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए)
दिनांक: 21 दिसम्बर 2025

मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा मसूरी स्थित अटल उद्यान में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण आज अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। लगभग 23 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह प्रतिमा राष्ट्र के प्रति अटल जी के अतुलनीय योगदान, उनके दूरदर्शी नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का स्थायी प्रतीक है।
प्रतिमा का लोकार्पण महेन्द्र भट्ट, माननीय सांसद (राज्यसभा) एवं प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखण्ड के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर गणेश जोशी, माननीय मंत्री, कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण एवं ग्राम्य विकास विभाग, उत्तराखण्ड सरकार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद मसूरी की माननीय अध्यक्ष श्रीमती मीरा सकलानी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों व पर्यटकों ने सहभागिता कर आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।

*अटल जी के विचार और विरासत को समर्पित स्मारक: प्रेरणा का स्थायी केंद्र*

माननीय सांसद महेन्द्र भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने वैचारिक दृढ़ता, संवेदनशीलता और संवाद की संस्कृति से देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और समावेशी विकास का आदर्श उदाहरण है। मसूरी जैसे ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व के नगर में उनकी प्रतिमा की स्थापना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

*माननीय मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि* उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण में अटल बिहारी वाजपेयी की ऐतिहासिक भूमिका रही है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के कारण ही उत्तराखण्ड को अलग राज्य का स्वरूप मिला। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा केवल एक स्थापत्य संरचना नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माण में अटल जी के योगदान की जीवंत स्मृति है। उन्होंने मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण की सराहना करते हुए कहा कि प्राधिकरण ने इस परियोजना को समयबद्ध, गुणवत्ता-संपन्न और सौंदर्यपरक ढंग से पूर्ण किया है।

नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष श्रीमती मीरा सकलानी ने कहा कि अटल उद्यान में स्थापित यह प्रतिमा मसूरी नगर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक गरिमा को और अधिक समृद्ध करेगी। उन्होंने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को समर्पित था। यह उद्यान अब केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि विचार, प्रेरणा और सेवा का केंद्र बनेगा।

मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित यह प्रतिमा उच्च गुणवत्ता की सामग्री से तैयार की गई है, जिसमें अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व की सरलता, ओजस्विता और विचारशीलता को कलात्मक ढंग से उकेरा गया है। प्रतिमा के साथ-साथ अटल उद्यान का सौंदर्यीकरण भी किया गया है, जिससे यह स्थल स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि कवि, विचारक और संवेदनशील मानव थे। उनकी कविताएं, भाषण और विचार आज भी युवाओं को राष्ट्रसेवा, लोकतंत्र और मानवीय मूल्यों के लिए प्रेरित करते हैं। इस प्रतिमा के माध्यम से उनके आदर्शों और विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी क्षेत्र की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और वैचारिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ऐसे कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे, ताकि विकास के साथ-साथ मूल्यों और परंपराओं का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम के अंत में प्राधिकरण द्वारा सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।

*मोहन सिंह बर्निया, सचिव, मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण* मसूरी अटल उद्यान में भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का लोकार्पण प्राधिकरण के लिए गौरव का विषय है। यह प्रतिमा अटल जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी।

*बंशीधर तिवारी, उपाध्यक्ष, मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण* ने कहा श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। मसूरी अटल उद्यान में उनकी प्रतिमा का स्थापित होना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण है। प्राधिकरण का उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचे का विकास ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और वैचारिक विरासत का संरक्षण भी है। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को अटल जी के आदर्शों से प्रेरित करेगी और मसूरी नगर की पहचान को और अधिक सशक्त बनाएगी।