Home Blog Page 48

आस्था: श्री झण्डे जी पर दर्शन मनौतियों के लिए अब लगा दूनवासियों का तांता

0

देहरादून व आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में माथा टेकने पहुंच रहे श्रद्धालु

अब नगरवासी बढ़ा रहे श्री झण्डे जी महोत्सव की रौनक

देहरादून। श्री दरबार साहिब परिसर में 8 मार्च को श्री झण्डे जी के आरोहण के साथ शुरू हुआ ऐतिहासिक श्री झण्डे जी महोत्सव इन दिनों उत्कर्ष पर है। देश-विदेश से आई संगतें श्री झण्डे जी आरोहण का साक्षी बनने के बाद अपने-अपने गृहक्षेत्रों को लौट चुकी हैं, लेकिन अब देहरादून व आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं व संगतों का तांता लगातार श्री दरबार साहिब की ओर बढ़ रहा है। श्रद्धालु बड़ी आस्था के साथ श्री झण्डे जी व दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं और मेले की रौनक को और भी बढ़ा रहे हैं।
8 मार्च को श्री झण्डे जी आरोहण के बाद 15 मार्च को पहला रविवार होने के कारण मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अवकाश का दिन होने से सुबह से ही दरबार साहिब परिसर और मेला स्थल पर चहल-पहल बनी रही। शनिवार को भी दून व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज पहुंचे और श्री झण्डे जी पर शीश नवाकर अपनी मनौतियां मांगीं।
दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया और श्री झण्डे जी मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु राम राय जी महाराज की कृपा से हर भक्त की झोली भरती है और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
श्री झण्डे जी महोत्सव के अवसर पर लगा विशाल बाजार इन दिनों दूनवासियों से गुलजार है। मेले में दूर-दराज से आए व्यापारियों की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है। रंग-बिरंगी दुकानों, पारंपरिक सामान, खिलौनों, मिठाइयों और घरेलू वस्तुओं की खरीदारी करते हुए लोग मेले का भरपूर आनंद ले रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से मेला स्थल पर इतनी भीड़ उमड़ रही है कि वहां तिल रखने की भी जगह नहीं बच रही।
मेले में लगे विभिन्न झूले और मनोरंजन के साधन बच्चों व युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। झूलों की रौनक और बच्चों की खिलखिलाहट पूरे मेले के वातावरण को जीवंत बना रही है।
वहीं श्री दरबार साहिब स्थित पवित्र सरोवर की सुंदरता भी इन दिनों देखते ही बन रही है। आकर्षक विद्युत सज्जा और रोशनी से जगमगाता सरोवर रात के समय अद्भुत और मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहा है। सरोवर के चारों ओर श्रद्धालु ठहरकर इस दिव्य आभा को निहारते नजर आते हैं। बड़ी संख्या में लोग यहां परिवार और मित्रों के साथ तस्वीरें खिंचवाते दिखाई दे रहे हैं।
शाम ढलते ही मेला स्थल पर रौनक और भी बढ़ जाती है। श्रद्धालु दर्शन के साथ-साथ मेले की चहल-पहल और बाजार की रौनक का आनंद लेते हुए दिखाई देते हैं। आस्था, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सजा यह ऐतिहासिक मेला दूनवासियों और बाहर से आए आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

 

प्रदेश की बेटियों ने UPSC में रैंक हासिल कर बढ़ाया प्रदेश का मान: सीएम धामी 

0

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में चयनित शांभवी तिवारी निवासी किच्छा, प्रिया चौहान काशीपुर, सौम्या गर्ब्याल निवासी भीमताल से अपने निजी आवास नगला तराई में संवाद कर बधाईयां दी। मुख्यमंत्री ने कहा बेटियों ने परिवार ही नहीं बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तीनों बेटियों की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और उनके समर्पण, अनुशासन व मेहनत का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने सिविल सेवा में चयनित तीनों बेटियों को पुस्तक, उपहार व शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा इस सफलता के लिए बधाईयां दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने उनके परिजनों से भी वार्ता की व बधाईयां दी ।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने जनपद की जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट को भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन नई दिल्ली द्वारा आयोजित माउंट चंद्रभागा -13 (6264 )मीटर व माउंट चंद्रभागा – 14 (6074 )मीटर के पर्वतारोहण अभियान का टीम लीडर के रूप में नेतृत्व कर सफलता पूर्वक आरोहण करने के लिए बधाईयां दी व उन्हें शाल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एएसपी डॉ उत्तम सिंह नेगी, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी, प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन आदि मौजूद थे।

 

देहरादून में एक ही दिन में राष्ट्रीय लोक अदालत में 12,063 मामलों का निस्तारण

0

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के तत्वावधान में दिनांक 14 मार्च 2026 को प्रातः 10.00 बजे से सायं 05.00 बजे तक जिला मुख्यालय देहरादून, बाह्य न्यायालय ऋषिकेश, विकासनगर, डोईवाला, मसूरी एवं चकराता के न्यायालयों में वर्ष 2026 की प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। इस लोक अदालत में मोटर दुर्घटना क्लेम, सिविल मामले, पारिवारिक मामलें, चैक बाउन्स से सम्बंधित मामले, शमनीय प्रकृति के आपराधिक मामलें तथा अन्य प्रकृति के मामले लगाये गये थे। इस लोक अदालत में जनपद देहरादून में फौजदारी के शमनीय प्रकृति के 207 मामलें, चैक सम्बंधी 693 मामलें, धन वसुली सम्बंधी 18 मामले, मोटर दुर्घटना क्लेम ट्राईबुनल के 62 मामलें, पारिवारिक विवाद सम्बंधी 129 मामलें श्रम सम्बंधी 01 मामले, मोटर वाहन अधिनियम के अन्तर्गत शमनीय अपराधों के 6075 मामले, उपभोक्ता फोरम सम्बंधी 15 एवं अन्य सिविल प्रकृति के 55 मामलों सहित कुल 7255 मामलों का निस्तारण किया गया तथा 496212074/- रू0 की धनराशि पर समझौता हुआ। साथ ही बाह्य न्यायालय, विकासनगर के न्यायिक अधिकारियों द्वारा लोक अदालत में कुल 739 मामलों का आपसी राजीनामे के आधार पर निस्तारण किया गया, जिसमें कुल 9958000/-रू० की धनराशि पर समझौता किया गया तथा बाह्य न्यायालय ऋषिकेश के न्यायिक अधिकारियों द्वारा लोक अदालत में कुल 911 मामलों का निस्तारण कर कुल 33198531/- रूपये की धनराशि पर समझौता किया गया। बाह्य न्यायालय डोईवाला द्वारा 312 मामलों का निस्तारण कर कुल 272474100/- रूपये की धनराशि पर समझौता किया गया। बाह्य न्यायालय मसूरी द्वारा 47 मामलों का निस्तारण कर कुल 2504711/- रूपये की धनराशि पर समझौता किया गया तथा बाह्य न्यायालय चकराता द्वारा 14 मामलों का निस्तारण कर कुल 1952500/- रूपये की धनराशि पर समझौता किया गया । इस राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न बैंकों व अन्य संस्थानों द्वारा प्री-लिटिगेशन स्तर के मामले भी निस्तारित किये गये। उक्त लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन स्तर के कुल 4808 मामलों का सफल निस्तारण किया गया तथा 3,22,11,036/- रू0 की धनराशि पर पक्षकारों के मध्य समझौता हुआ।

 

LPG गैस की कालाबाजारी पर जिला प्रशासन सख्त: दो गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण

0

 

गैस डिलिविरी अनियमितता पर सुपरवाईजर, डिलिविरीमैन पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश

देहरादून दिनांक 14 मार्च 2026, (सूवि), जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण के हेतु नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह एवं उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि द्वारा जनपद अवस्थित अमरदीप गैस एजेंसी एवं सत्यशील गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर ने गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं की मांग, वितरण व्यवस्था, बैकलॉग एवं उपलब्ध स्टॉक की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं की समस्याएं भी सुनी गईं तथा उनका मौके पर समाधान किया गया। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, अतः अनावश्यक रूप से घबराने की आवश्यकता नहीं है।


नगर मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर ने उपभोक्ताओं को जागरूक करते हुए कहा कि गैस डिलिवरी से संबंधित ओटीपी नंबर किसी भी व्यक्ति को फोन पर साझा न करें। गैस की होम डिलिवरी के समय ही डिलिवरी मैन को ओटीपी नंबर प्रदान करें। साथ ही गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया गया कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति केवल होम डिलिवरी के माध्यम से ही सुनिश्चित की जाए तथा उपभोक्ताओं की जागरूकता के लिए एजेंसी परिसर में बड़े फ्लेक्सी के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्रदर्शित की जाए। इसके साथ ही उपभोक्ताओं से विनम्र व्यवहार करने के निर्देश भी दिए गए।
अमरदीप गैस एजेंसी के निरीक्षण के दौरान कुछ उपभोक्ताओं द्वारा शिकायतें भी दर्ज कराई गईं। उपभोक्ता अरुण खरबंदा (बड़ोवाला) एवं जितेंद्र अरोड़ा (आशुतोषनगर, अमृत विहार) ने बताया कि डिलिवरी मैन द्वारा फोन पर ओटीपी नंबर मांगा गया तथा ओटीपी देने के बाद गैस डिलिवरी का मैसेज प्राप्त हो गया, लेकिन वास्तविक रूप से सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की गई। इसी प्रकार खुड़बुड़ा निवासी पंकज ठाकुर ने बताया कि उनके खाते में 6 फरवरी को गैस डिलिवरी दर्शाई गई, जबकि उन्हें सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ। वहीं बहादुर रोड, सेलाकुई निवासी रविंद्र ने भी शिकायत की कि 3 मार्च को गैस डिलिवरी दर्शाई गई है, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिला और अब पुनः बुकिंग 25 दिन बाद ही संभव बताई जा रही है। इन शिकायतों के संबंध में जब गैस एजेंसी के सुपरवाइजर से जानकारी ली गई तो वह संतोषजनक उत्तर देने में असमर्थ रहे। इस पर नगर मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर ने पूर्ति निरीक्षक को संबंधित सुपरवाइजर एवं डिलिवरी मैन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर ने स्पष्ट किया कि जनपद में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा उपभोक्ता पूर्व की भांति अपनी आवश्यकता के अनुसार गैस सिलेंडर प्राप्त करें। साथ ही एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया गया कि ओटीपी आधारित होम डिलिवरी प्रणाली का कड़ाई से पालन किया जाए तथा उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए एजेंसी के बाहर सूचना फ्लेक्सी अनिवार्य रूप से लगाई जाए। निरीक्षण के दौरान सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल, पूर्ति विभाग के अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
–0–
देहरादून दिनांक 14 मार्च 2026 (सूवि), दूनमेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय की मैस में गैस सिलेंडर की किल्लत के सम्बन्ध में विभिन्न माध्यम से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सविन बसंल ने सम्बन्धित अधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराने तथा समाधान करने के निर्देशों के अनुपालन में नगर मजिस्टेªट प्रत्युष सिंह एवं उप जिलाधिकारी सदर ने मुख्य चिकित्साधिकारी, दूनमेडिकल कालेज के चिकित्सक एवं जिला पूर्ति अधिकारी के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में अवगत कराया गया कि चिकित्सालय मैस के पास खपत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर है। बताया गया कि दून मेडिकल प्रतिमाह 30 सिलेंडर, गांधी शताब्दी चिकित्सालय में 8, जिला चिकित्सालय में 08, इन्दिरेश हास्पिटल में 12, तथा चकशाह नगर टेªनिंग सेंटर में 8 सिलेंडर प्रतिमाह खपत है तथा संस्थान में प्रतिदिन आवश्यकतानुसार पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर की उपलब्धता है। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ मनोज कुमार, जिलापूर्ति अधिकारी के.के अग्रवाल दून मेडिकल कालेज से डॉ बबली, कारोनेशन से डॉ नौटियाल उपस्थित रहेे।
–0–
कार्यालय जिला सूचना अधिकारी देहरादून।

 

Action: जिला प्रशासन की बड़ी कार्यवाही 17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों, 05 पेट्रोलपम्प का औचक निरीक्षण

0

 

19 गैस सिलेंडर जब्त; गैस की कालाबाजारी में 02 गिरफ्तार; 2 मुकदमें दर्ज

देहरादून ।  जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी गैस से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोलरूम सक्रिय है। जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल के निर्देशों जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र में संचालित कंट्रोलरूम में नागरिकों की एलपीजी गैस सम्बन्धी शिकायतों/समस्याओं के निस्तारण के सम्बन्ध कार्यवाही की जा रही है।


जिला प्रशासन द्वारा प्रसारित 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 के माध्यम से 05 बजे तक कुल 341 शिकायतें एलपीजी गैस की आपूर्ति के सम्बन्ध में दर्ज हुई है, वही कंट्रोल रूम में मौजूद जिला खाद्य पूर्ति विभाग, देहरादून में सप्लाई कर रही एलपीजी गैस के सभी एजेंसियों के प्रतिनिधित्व और जिला प्रशासन की टीम द्वारा लगातार आ रही एलपीजी गैस की आपूर्ति, सिलेंडर उपलब्धता या अन्य किसी प्रकार की समस्या को लेकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में आज लगभग 29120 अधिक उपभोक्ताओं कोे घरेलू तथा 69 अपभोक्ताओं को व्यवसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई है। जबकि घरेलू गैस सिलेंडर में 67 हजार के लगभग बैकलॉग है। 1 मार्च से अब तक 191548 घरेलू तथा 15336 व्यवसायिक गैस सिलेंडर का वितरण किया गया है। स्टॉक में 31807 सिलेंडर शेष है जिलें में एलपीजी गैस की मांग अनुसार आपूर्ति किये जाने हेतु लोड बढा दिए गए हैं, जिससे जल्द ही बैकलॉग में कमी आयेगी। जनमानस की सुविधा के लिए विभिन्न माध्यमों से गैस बुकिंग की सुविधा प्रदान की गई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर आज जिला प्रशासन की विभिन्न टीमों द्वारा जिले में 17 गैस एजेसियों 45 प्रतिष्ठानो, 05 पैट्रोल पम्प का औचक निरीक्षण किया गया। 19 गैस सिलेंडर जब्त किए गए डोईवाला में एक प्राथमिकी दर्ज करते हुए 2 को गिरफ्तार किया गया।
जिला प्रशासन ने जनमानस से अपील की है कि वे घबराएं नही होमडिलिविरी के माध्यम से प्रत्येक उपभोक्ता तक घर तक गैस आपूर्ति की जाएगी। वर्तमान में शहरी क्षेत्र के लिए एक बार गैस सिलेंडर प्राप्त करने के उपरान्त 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद ही अगला सिलेंडर बुकिंग करा पाएंगे।
–0–
कार्यालय जिला सूचना अधिकारी देहरादून।

चारधाम यात्रा से पहले ट्रैफिक व्यवस्थाओं का जायजा लेने सचिव डॉ. आर राजेश कुमार पहुंचे ग्राउंड जीरो पर

0

 

गौचर कर्णप्रयाग-चमोली में पार्किंग परियोजनाओं का निरीक्षण

सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने चारधाम यात्रा से पहले मौके पर पहुंचकर किया ट्रैफिक व्यवस्थाओं का  निरीक्षण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों पर चारधाम यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आवास विभाग के सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने जनपद चमोली के गौचर, कर्णप्रयाग और चमोली में निर्माणाधीन तथा प्रस्तावित पार्किंग परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्राथमिकता के अनुरूप चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

गौचर में पार्किंग निर्माण पूरा, संचालन जल्द
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सचिव डॉ आर राजेश कुमार को बताया कि गौचर में पार्किंग का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इस पार्किंग की वाहन क्षमता 27 वाहनों की है और इसका निर्माण उत्तराखंड पेयजल एवं निर्माण निगम द्वारा कराया गया है। सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पार्किंग को जल्द से जल्द संचालन के लिए तैयार किया जाए ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान ऐसे छोटे लेकिन महत्वपूर्ण पार्किंग स्थल यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

*नंदा राजजात यात्रा से पहले कर्णप्रयाग पार्किंग पूरी करने के निर्देश*
इसके बाद सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने कर्णप्रयाग में निर्माणाधीन पार्किंग परियोजना का निरीक्षण किया। इस पार्किंग का निर्माण जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, चमोली द्वारा कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने निर्माण कार्यों की गति तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि आगामी नंदा राजजात यात्रा से पहले इस पार्किंग का निर्माण हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और उस समय यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था बेहद जरूरी है।

*चमोली में दो नई पार्किंग से मिलेगी राहत*
इसी क्रम में सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने चमोली में टैक्सी स्टैंड के समीप स्थित पार्किंग और खड्ड साइड स्थित पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि टैक्सी स्टैंड के पास बनने वाली पार्किंग की क्षमता 21 वाहनों की है, जबकि खड्ड साइड स्थित पार्किंग की क्षमता 82 वाहनों की होगी। इन दोनों पार्किंग स्थलों का निर्माण ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है। सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए ताकि आगामी चारधाम यात्रा से पहले इन पार्किंग स्थलों को श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए संचालित किया जा सके।

जाम वाले स्थानों की पहचान कर बनाई जाएगी नई पार्किंग
निरीक्षण के दौरान सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने चारधाम यात्रा मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जाए जहां अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न होती है। उन स्थानों के समीप उपयुक्त भूमि का चयन कर नई पार्किंग विकसित की जाए ताकि भविष्य में चारधाम यात्रा मार्ग पर लगने वाले जाम की समस्या का प्रभावी समाधान किया जा सके।

आवास सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं, ऐसे में पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन की मजबूत व्यवस्था बेहद जरूरी हो जाती है। डॉ आर राजेश कुमार ने बताया कि गौचर, कर्णप्रयाग और चमोली में विकसित की जा रही पार्किंग परियोजनाएं स्थानीय यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आगामी चारधाम यात्रा और नंदा राजजात जैसे बड़े आयोजनों के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम मार्ग पर ऐसे स्थानों की पहचान की जाए जहां जाम की समस्या अधिक रहती है और वहां नई पार्किंग विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए। इससे भविष्य में यातायात प्रबंधन को और अधिक सुगम बनाया जा सकेगा।

सीएम धामी ने पंतनगर में आयोजित 119वाँ अखिल भारतीय किसान मेले में किया प्रतिभाग 

0

सीएम धामी ने पंतनगर किसान मेले में मडुवे की लस्सी का लिया स्वाद

पंतनगर। पंतनगर में आयोजित 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंतनगर विश्वविद्यालय के एक स्टॉल पर पहुंचकर मडुवे (रागी) की लस्सी का आनंद लिया। इस दौरान पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान मुख्यमंत्री को विश्वविद्यालय के स्टॉल पर ले गए, जहां उन्होंने उन्हें मडुवे की लस्सी का सेवन कराया।

 
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि मोटे अनाज, विशेषकर मडुवा, को प्रोत्साहित करने से किसानों की आय बढ़ेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में मोटे अनाज को लेकर किसानों में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है और कई किसान पारंपरिक खेती की ओर फिर से आकर्षित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मडुवे की लस्सी के स्वाद की सराहना करते हुए इसे पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक पेय बताया। उन्होंने लोगों से ऐसे पारंपरिक और पोषक उत्पादों को अपने आहार में शामिल करने की अपील की। साथ ही कहा कि राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों और मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिससे किसानों को बेहतर बाजार और आय के अवसर मिल सकें।

सीएम धामी ने कहा कि हमारे किसान भाई केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के नायक हैं, जिनका परिश्रम और समर्पण प्रेरणादायक है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री Narendra Modi जी की प्रेरणा से हमारी सरकार भी किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के उपलब्ध कराया जा रहा है, कृषि उपकरणों की खरीद के लिए फार्म मशीनरी योजना के अंतर्गत सब्सिडी दी जा रही है तथा किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जा रहा है। शहद उत्पादन के क्षेत्र में उत्तराखंड देश में आठवें स्थान पर पहुंच चुका है और मौन पालन में भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं। हमारी सरकार का संकल्प है कि किसानों को सशक्त बनाते हुए कृषि को अधिक समृद्ध, आधुनिक और लाभकारी बनाया जाए।

इस अवसर पर माननीय विधायक श्री तिलकराज बेहड़ जी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजय मौर्या जी, मेयर श्री विकास शर्मा जी, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री कमल जिंदल जी उपस्थित रहे।

 

महिला आयोग की अध्यक्ष द्वारा कोटद्वार में महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर सेल का औचक निरीक्षण

0

महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना और परिवारों को टूटने से बचाना शासन प्रशासन की संयुक्त जिम्मेदारी : कुसुम कंडवाल

​आज उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल द्वारा कोटद्वार आगमन पर महिला हेल्प डेस्क का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डेस्क में चल रही काउंसलिंग प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अध्यक्ष महोदय ने स्वयं भी काउंसलिंग में प्रतिभाग किया और वहां मौजूद दोनों पक्षों की समस्याओं को सुनकर आपसी समन्वय के माध्यम से विवादों को सुलझाने का सार्थक प्रयास किया।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हेल्प डेस्क का मुख्य उद्देश्य पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना और परिवारों को टूटने से बचाना शासन प्रशासन की संयुक्त जिम्मेदारी है।
​निरीक्षण के क्रम में अध्यक्ष ने हेल्प डेस्क प्रभारी से वर्ष 2025-26 के पंजीकृत केसों की विस्तृत जानकारी ली।

समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 540 मामले पंजीकृत किए गए, जिनका सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है।

वहीं, वर्तमान वर्ष के शुरुआती महीनों (जनवरी-फरवरी 2026) में अब तक 112 नए केस दर्ज हुए हैं, जिन पर वर्तमान में सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया निरंतर जारी है।

महिला हेल्प डेस्क के उपरांत अध्यक्ष ने साइबर सेल का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से संबंधित ऑनलाइन अपराधों व साइबर बुलिंग के मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्कूल कॉलेजों में बेटियों को सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव से अवगत कराने व जागरूकता करने के निर्देश दिए। वहीं प्राइवेट संस्थानों में भी महिला कर्मचारियों को कार्यस्थल पर उत्पीड़न सम्बंधित शिकायत की ICC कमेटी की जानकारी साझा करने के निर्देश दिए।

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के अवसर पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन का पूर्ण सहयोग रहा। निरीक्षण के दौरान कोटद्वार थाना प्रभारी प्रदीप नेगी, महिला हेल्पलाइन प्रभारी एस.आई. दीपिका बिष्ट तथा अध्यक्ष महिला आयोग के निजी सचिव आधार वर्मा उपस्थित रहे।

बीटल्स आश्रम में विरासत और पर्यटन का संगम:  121 कुटियाओं के रेट्रोफिटिंग व संग्रहालय होगा समृद्ध

0

 

DM ने बर्ड वॉचिंग ट्रेल व पर्यटक सुविधाओं के विकास पर जोर

जिलाधिकारी द्वारा बीटल्स आश्रम में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण, ऐतिहासिक स्वरूप को संरक्षित रखते हुए विकास कार्य करने के निर्देश

पौड़ी जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जा रहे बीटल्स आश्रम व चौरासी कुटिया में स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत संचालित विकास एवं संरक्षण कार्यों की प्रगति का जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने निर्देश दिए कि आश्रम परिसर में किए जा रहे सभी निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य उसकी ऐतिहासिक और पौराणिक पहचान को संरक्षित रखते हुए किए जाएं, ताकि इसे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित किया जा सके और यहां आने वाले पर्यटकों को इसकी मूल विरासत का अनुभव हो सके।

शनिवार को किए गए निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आश्रम परिसर में स्थित 121 कुटियाओं के पुनरोद्धार कार्य को पुरातन स्वरूप के अनुरूप करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुटियाओं की दीवारों का रंग भी पुराने स्वरूप के अनुसार किया जाए, ताकि आश्रम की ऐतिहासिकता और मौलिकता बनी रहे।

संग्रहालय के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने क्यूरेटर द्वारा संग्रहालय का थ्री-डी डिजाइन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिससे संग्रहालय का स्वरूप आकर्षक और प्रभावी बन सके। उन्होंने कहा कि संग्रहालय को इस प्रकार विकसित किया जाए कि आगंतुकों को यह एक जीवंत ऐतिहासिक अनुभव प्रदान करे, बल्कि एक सुव्यवस्थित और समृद्ध संग्रहालय के रूप में दिखाई दे। साथ ही निर्देश दिए कि यदि परिसर में कोई पुरानी या ऐतिहासिक वस्तुएं प्राप्त होती हैं तो उन्हें भी सुरक्षित रूप से संग्रहालय में संरक्षित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कैंटीन परिसर का निरीक्षण करते हुए पर्यटकों की सुविधा के लिए कैंटीन के बाहर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में अलग अलग स्थानों पर प्राकृतिक शैली में लकड़ी से निर्मित बैठने की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि आगंतुक आराम से बैठ सकें और साथ ही परिसर का प्राकृतिक वातावरण भी यथावत बना रहे। उन्होंने पुराने किचन ब्लॉक का निरीक्षण करते हुए कहा कि यहाँ मरम्मत का कार्य प्रगति पर है तथा भविष्य में कैंटीन का संचालन इसी परिसर से किया जाएगा।

परिसर में बैंक भवन के स्वरूप पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इतिहासकारों के साथ समन्वय कर इसे इस प्रकार विकसित किया जाए कि यह पुराने समय में संचालित होने वाले बैंक की शैली को प्रदर्शित करे। उन्होंने कहा कि इसे उसी ऐतिहासिक स्वरूप में प्रस्तुत किया जाए, जिससे पर्यटक उस कालखंड की झलक महसूस कर सकें। निरीक्षण के दौरान हॉस्टल भवन में चल रहे रेट्रोफिटिंग कार्य की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हॉस्टल में जो पुरानी पेंटिंग्स प्राप्त हुई हैं, उन्हें यथावत संरक्षित रखा जाए और शेष निर्माण कार्य नियमानुसार जारी रखा जाए।

जिलाधिकारी ने परिसर में स्थित म्यूजिक हॉल का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि यहां रेट्रोफिटिंग के साथ आवश्यक संरचनात्मक सुधार किए जाएं। साथ ही यहां बीटल्स के संगीत से संबंधित बैकग्राउंड साउंड सिस्टम की व्यवस्था की जाए, ताकि आने वाले पर्यटक उस दौर के संगीत और माहौल को महसूस कर सकें। उन्होंने कहा कि बीटल्स अपने संगीत के कारण विश्वभर में प्रसिद्ध हैं, इसलिए इस स्थान पर उनके संगीत से जुड़ी स्मृतियों को जीवंत रखने का प्रयास किया जाना चाहिए।

जिलाधिकारी ने चौरासी कुटिया क्षेत्र का भी निरीक्षण किया, जहां एक ओर भूमि कटाव की स्थिति पायी गयी। इस पर उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि इसका विस्तृत आकलन तैयार किया जाए तथा इसे डीपीआर में शामिल किया जाए, ताकि समय रहते सुरक्षा संबंधी आवश्यक कार्य किए जा सकें। उन्होंने परिसर में विकसित किए जा रहे मार्ग के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए कि यहां आधुनिक टाइल्स का प्रयोग न किया जाए, बल्कि पुराने समय की शैली के अनुरूप पत्थर के रास्ते का ही निर्माण किया जाए।

इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि परिसर के आसपास विभिन्न प्रकार के पक्षियों का आगमन होता है। इस पर जिलाधिकारी ने परिसर के पीछे स्थित मार्ग को बर्ड वॉचिंग ट्रेल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों को एक नया अनुभव मिल सके। जिलाधिकारी ने आश्रम परिसर में साइनेज (सूचनात्मक संकेतक) की व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्पष्ट और आकर्षक साइनेज लगाए जाएं, जिनसे यह जानकारी मिल सके कि पहले परिसर के किस हिस्से में क्या गतिविधि होती थी। इससे यहां आने वाले पर्यटकों और शोधकर्ताओं को इस ऐतिहासिक स्थल के अतीत और महत्व के बारे में बेहतर जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि बीटल्स आश्रम को एक व्यवस्थित, ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी तहसीलदार वैभव जोशी, कानूनगो यशपाल नेगी, पटवारी वेद प्रकाश सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

*सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल*

अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में राज्यपाल ने दिया विश्व शांति, एकता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश

0

 

ऋषिकेश परमार्थ निकेतन में आयोजित 38वें अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में राज्यपाल हुए शामिल

विश्व में शांति, स्वास्थ्य और संतुलन का मार्ग है योग : राज्यपाल

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शनिवार को परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव–2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर राज्यपाल गंगा तट पर आयोजित भव्य गंगा आरती में भी सम्मिलित हुए। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस महोत्सव में विश्व के 80 से अधिक देशों से लगभग 1500 से अधिक योग साधक, अनेक देशों के राजदूत, योगाचार्य, आध्यात्मिक साधक तथा युवा विद्यार्थी सम्मिलित हुए। परमार्थ निकेतन पहुंचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदोरिया द्वारा राज्यपाल का स्वागत किया गया।

देश विदेश से आए योग प्रेमियों की को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि माँ गंगा के पावन तट और हिमालय की गोद में आयोजित यह अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता को जोड़ने वाली आध्यात्मिक चेतना का उत्सव है। उन्होंने कहा कि जब विश्व के विभिन्न देशों से आए हजारों साधक एक स्थान पर योग और साधना के माध्यम से एकत्रित होते हैं, तो यह ब्रह्मांडीय ऊर्जा और प्रेरणा का अद्भुत संगम प्रतीत होता है।

राज्यपाल ने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के भीतर के परिवर्तन और आत्मिक जागरण की प्रक्रिया है। योग का वास्तविक उद्देश्य शरीर, मन और आत्मा को एक बिंदु पर लाकर मनुष्य को प्रकृति और परमात्मा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से व्यक्ति के विचारों और धारणाओं में सकारात्मक परिवर्तन आता है तथा उसके भीतर रचनात्मकता, सकारात्मकता और गतिशीलता का विकास होता है। राज्यपाल ने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे इस योग को केवल अपने तक सीमित न रखें, बल्कि इसके शांतिपूर्ण और सकारात्मक संदेश को पूरे विश्व में फैलाएँ।

राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड सदैव अपनी “अतिथि देवो भवः” की परम्परा के साथ विश्व का स्वागत करता आया है। यहाँ आने वाला प्रत्येक अतिथि हमारे लिए परिवार के सदस्य के समान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्व के विभिन्न देशों से आए साधक जब यहाँ से अपने-अपने देशों में लौटेंगे, तो वे योग, शांति और मानवता के इस संदेश को पूरी दुनिया में फैलाने के दूत बनेंगे।

राज्यपाल ने परमार्थ निकेतन में आये विभिन्न देशों के सभी राजदूतों योग साधकों और शिक्षकों का स्वागत किया और परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि को इस भव्य आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी।

इस अवसर पर परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि योग भारत द्वारा विश्व को दिया गया वह अमूल्य तोहफा है, जो मनुष्य को जीवन के वास्तविक उद्देश्य की ओर अग्रसर करता है। योग व्यक्ति के व्यक्तित्व को शालीन, दयावान, विवेकशील और ज्ञानवान बनाते हुए जीवन को सार्थक दिशा प्रदान करता है।

इस अवसर पर प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, परमार्थ निकेतन की साध्वी भगवती सरस्वती, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, रेखा आर्या सहित देश-विदेश से आए बड़ी संख्या में योग साधक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::
*सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल*