Home Blog Page 63

2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवा निभाएंगे निर्णायक भूमिका : रेखा आर्या

0

देव संस्कृति विश्वविद्यालय में एनएसएस राष्ट्रीय एकीकरण शिविर का शुभारम्भ, 13 राज्यों के युवा हुए शामिल

*हरिद्वार, 23 फरवरी।* देव संस्कृति विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के राष्ट्रीय एकीकरण शिविर का भव्य शुभारम्भ उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने किया। शिविर में देश के 13 राज्यों एवं 185 विश्वविद्यालयों से आए एक हजार से अधिक युवा प्रतिभाग कर रहे हैं। पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित युवाओं ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का सजीव चित्र प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेखा आर्य ने कहा कि आज का भारत युवा भारत है। युवा शक्ति में वह सामर्थ्य है जो हर चुनौती को अवसर में बदल सकती है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प हमारे युवाओं के परिश्रम, नवाचार और राष्ट्रनिष्ठा से ही पूर्ण होगा।

उन्होंने आगे कहा कि सच्चा युवा वही है जिसके विचार पवित्र हों, लक्ष्य स्पष्ट हो और कर्म में निष्ठा हो। आज भारतीय युवाओं की प्रतिभा को वैश्विक मंच पर सम्मान मिल रहा है। स्टार्टअप, विज्ञान, तकनीक और खेल के क्षेत्र में हमारे युवाओं ने विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। आने वाले वर्षों में यही युवा भारत को विश्व की अग्रणी महाशक्ति के रूप में स्थापित करेंगे।

मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय एकीकरण शिविर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि ‘विविधता में एकता’ की भावना को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे शिविर युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करते हैं।
इससे पूर्व उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर स्थित शौर्य दीवार पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह शिविर राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या, समरदीप सक्सेना तथा शांतिकुंज के व्यवस्थापक योगेंद्र गिरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

CM धामी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से की शिष्टाचार भेंट: कुंभ की तैयारियों तथा नमामि गंगे परियोजनाओं पर हुई चर्चा 

0

 

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट कर वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले महाकुंभ की तैयारियों तथा नमामि गंगे से संबंधित परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ 2027 के सफल, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सतत आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के अंतर्गत ₹408.82 करोड़ की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।

 

उन्होंने कहा कि जनवरी से अप्रैल 2027 तक आयोजित होने वाले इस महाआयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है, जिसके दृष्टिगत गंगा की निर्मलता, स्वच्छता एवं अविरलता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों हेतु ₹253 करोड़ के प्रस्तावों की स्वीकृति, जल जीवन मिशन के अंतर्गत अतिरिक्त राशि जारी करने करने के साथ ही इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल एवं जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार का भी अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे असिंचित भूमि की सिंचाई के लिए 665 क्यूसेक पानी उपलब्ध हो सकेगा। जिससे हरिद्वार जिले के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र को लाभ मिलेगा। परियोजना से लगभग 13 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का अनुमान है।

साथ ही क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान भी होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा तथा गंगा संरक्षण के लक्ष्य को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।

 

कोटद्वार के दीपक ने की राहुल गांधी से मुलाकात: – वैभव वालिया

0

 

अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में कोटद्वार के दीपक ने नेता विपक्ष राहुल गांधी से आज नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस अवसर पर वैभव वालिया ने कहा कि भारतीय राजनीति में संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी जी ने कोटद्वार (उत्तराखंड) के हमारे भाई दीपक कुमार जी को अपने आवास पर आमंत्रित कर उनसे आत्मीय मुलाकात की।

दीपक कुमार जो अपने मानवीय कार्यों और इंसानियत की मिसाल के रूप में देशभर में पहचान बना चुके हैं, से राहुल गांधी ने स्नेहपूर्ण संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। यह मुलाकात केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि समाज में मानवता, करुणा और सेवा भाव की भावना का सम्मान है।

इस अवसर पर विजय रावत से भी राहुल गांधी जी ने भेंट की। साथ ही अमित राज, संजय मित्तल, नीरज बहुगुणा और वसीम अहमद भी उपस्थित रहे।

राहुल गांधी जी द्वारा दीपक कुमार जैसे प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व को अपने घर पर आमंत्रित कर सम्मानित करना यह दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी सदैव उन लोगों के साथ खड़ी है जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहे हैं।

हम राहुल गांधी जी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं और उन्हें बारम्बार धन्यवाद व प्रणाम करते हैं कि उन्होंने उत्तराखंड और विशेषकर कोटद्वार के गौरव को सम्मान दिया।

वैभव वालिया
सचिव
संचार विभाग
कांग्रेस

DM का कोरोनेशन निरीक्षण:  पैथोलॉजी का समय 1 घंटे बढा, अनुबन्धित चंदन लैब की 3 माह की रिपोर्ट तलब

0

 

किचन, गायनी ओटी, वेयरहाउस, ओपीडी मरम्मत को 10 लाख मौके पर ही स्वीकृत

आटोमेटेड मकैनिकल पार्किंग 100 प्रतिशत् क्षमता पर संचालित मरीजों, तीमारदारों, आमजन को व्यापक रिलिफ

निर्माणाधीन ब्लड बैंक का कार्य 15 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश; ब्लड बैंक चिकित्सक स्टॉफ, उपकरण की जिले स्तर से ही करवाई व्यवस्था।

चन्दन लैब की 3 माह की रिपोर्ट तलब; एसडीएम व सीएमओ देगें संयुक्त रिपोर्ट; आधा भुगतान रोकने के निर्देश

एसएचजीएस हिलांस कैन्टीन प्रतिदिन 500 उपभोक्ता क्षमता से संचालित; तीमारदार स्टॉफ दिखे अत्यंत संतुष्ट

गायनी न होने पर रेफर किए जाने की शिकायत पर एसडीएम व सीएमओ से मांगी सयंुक्त आख्या

जनमानस की सुविधा के दृष्टिगत सेन्ट्रल लैब के सैंपल का समय आज से ही 1 घंटा बढाया

बाल वार्ड में लाईब्रेरी के साथ ही अब रहेंगे ड्रांईग व कलर; अभिभावकों से अपील बच्चों को रखे फोन से दूर

आवश्यक जीवन रक्षक दवा स्टॉक में रहे उपलब्ध; कंपनियों के साथ एग्रीमेंट का सख्ती से हो पालन

मा0 मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में कोरोनेशन अस्पताल की सूरत बदलने की कवायद में जुटे डीएम

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने के लिए डीएम ने स्वयं संभाला मोर्चा

देहरादून । ‌जिलाधिकारी सविन बसंल ने आज जिला चिकित्सालय कोरोनेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जानी। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन ब्लड बैंक के कार्यों का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को 15 मार्च 2026 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश। डीएम ने सेन्ट्रल पैथोलॉजी का समय आज से ही 11 बजे से 1 घंटा बढकार अब 12 बजे तक करने के निर्देश दिए। चन्दन लैब के निरीक्षण के दौरान 3 माह के दिन-रात्रि में लिए गए सैम्पल की रिपोर्ट तलब करते हुए अनुबन्ध के अनुसार कार्य न किये जाने पर आधा भुगतान रोकने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय में संचालित चन्दन लैब का निरीक्षण करते हुए लैब के अनुबन्ध के अनुसार 24×7 कार्य की जानकारी प्राप्त करते हुए रात्रि में लिए गए सैम्पल का विवरण मांगने पर लैब की इंचार्ज जानकारी नही दे पाई जिसपर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर/प्रभारी अधिकारी स्वास्थ्य एवं मुख्य चिकित्साधिकारी को 03 माह में दिन व रात्रि में लिए गए सैम्पल की जांच करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि यदि अनुबन्ध के अनुसार लैब द्वारा 24×7 कार्य होना नही पाया जाता तो चन्दन लैब का आधा भुगतान रोक लिया जाए।
जिलाधिकारी ने सेन्ट्रललैब के निरीक्षण के दौरान तैनात कार्मिकों स्टॉप की जानकारी ली। सेन्ट्रल लैब के बाहर लगी भीड़ का कारण पूछा जिस पर बताया गया कि लैब प्रातः 11 बजे तक ही खुलती है, इसलिए सैम्पल देने वालो की भीड़ है जिस पर जिलाधिकारी ने आज से ही लैब का समय 1 घंटा बढाते हुए 12 तक करने के साथ ही निर्देशित किया कि जितने भी लोग सैम्पल हेतु बैंठे है सभी का सैम्पल आज ही लिए जाएं। जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में किचन, गायनी ओटी, वेयरहाउस, ओपीडी मरम्मत को 10 लाख मौके पर ही स्वीकृत करते हुए कार्य प्रारम्भ कराने के निर्देश दिए।

जिला चिकित्सालय में गायनी चिकित्सक न होने से अन्य चिकित्सालयों को रेफर किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर/प्रभारी अधिकारी स्वास्थ्य एवं मुख्य चिकित्साधिकारी को संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन ब्लड बैंक का निरीक्षण करते हुए 15 मार्च तक कार्य पूर्ण करने के साथ ही ब्लड बैंक में किए गए कार्यों का थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने बल्ड बैंक के लिए चिकित्सक, स्टॉफ, उपकरण की जिले स्तर पर ही व्यवस्था कराई है। जिलाधिकारी ने ईमरजेंसी वार्ड, सामान्य वार्ड, का निरीक्षण करते हुए भर्ती मरीजों का हालचाल जाना तथा सफाई एवं खाने की गुणवत्ता की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सफाई एवं खाने की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार कोताही क्षम्य नही की जाएगी।
जिलाधिकारी बाल चिकित्सावार्ड का निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया कि वार्ड में लाईब्रेरी से बच्चों को पुस्तक दी जाएं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि एक छोटे बच्चे के हाथ में फोन था, जिस पर जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अनुरोध किया कि बच्चों के हाथ में फोन न दिए जाएं इसके लिए स्थान पर ड्राईंग कलर खेलने को दिए जाएं। डीएम ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि बाल चिकित्सा वार्ड में रखे गए बच्चों के लिए ड्राईंग एवं कलर दिए जाएं, जिससे बच्चों का मोबाईल के स्थान पर क्रियेटिविटी में ध्यान रहे।
इस दौरान जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय में संचालित हिलांस आउटलेट का निरीक्षण किया इस दौरान वहां भोजन कर रहे लोगों से खाने की गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा इस दौरान जिलाधिकारी ने आटोमेटेड पार्किंग का भी निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान पार्किंग अपनी पूरी क्षमता के साथ संचालित थी जिससे मरीजों, तीमारदारों एवं आमजन को बेहतर सुविधा मिली है।
जिलाधिकारी सविन बसंल एक्शन मोड में है डीएम ने आज जिला चिकित्सालय कोरोनेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। डीएम ने अस्पताल के हर वार्ड और अनुभाग का बारीकी से जायजा लिया। डीएम ने मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद करते हुए चिकित्सालय में व्यवस्थाएं मिल रही सुविधा की गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की। डीएम ने अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा फार्मेसी में जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश पीएमएस को दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर/प्रभारी अधिकारी स्वास्थ्य हरिगिरि, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ मनोज कुमार शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक मन्नू जैन, प्रमोद पवंार, समाजसेवी मनमोहन खत्री सहित सम्बन्धित चिकित्सक आदि उपस्थित रहे।
–0–
कार्यालय जिला सूचना अधिकारी देहरादून।

 

दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत सुआखोली में लगेगा एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर

0

 

दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु ग्रामीण विकास मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके अंतर्गत जनपद में लक्ष्यों की पूर्ति हेतु प्रशिक्षण कार्य तेजी से किया जा रहा है।

इस योजना के तहत जनपद में सामान्य, एस०सी०, एस०टी० और माइनोरिटी वर्ग के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने हेतु ग्राम पंचायत सुआखोली, रायपुर में 25 फरवरी 2026 को परियोजना क्रियान्वयन एजेंसी के माध्यम से एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है।

परियोजना निदेशक विक्रम सिंह ने ग्रामीण युवक-युवतियों से अपील की है कि वे इस शिविर में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करें। उन्होंने विशेष रूप से बी०एम०एम०यू० के माध्यम से एस०एच०जी० सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों के सहयोग से भी ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं तक प्रशिक्षण शिविर की जानकारी पहुँचाने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि इस शिविर में प्रतिभागी युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उनके कौशल में वृद्धि होगी और भविष्य में रोजगार के अवसरों में सुधार आएगा।

जिला सूचना अधिकारी, देहरादून।

 

आर्थिक संकट के बीच उम्मीद की किरण बना DM  जनदर्शन: नंदिता की शिक्षा प्रोजेक्ट नंदा सुनंदा से रहेगी जारी

0

जिला प्रशासन का जनदर्शन बना जनविश्वास का मंच, सुरक्षा की गारंटी, त्वरित एक्

अपनों की प्रताड़ना झेल रही बुजुर्ग विधवा सुनीता की करूण पुकार पर डीएम ने भरण-पोषण में कराया वाद दर्ज

*विधवा के तीन बच्चों की टीसी रोके जाने पर डीएम सख्त, सीईओ को तत्काल कार्रवाई के आदेश,*

*आर्थिक तंगी में राहत, जल कर माफी के लिए परेशान महिला को मिला प्रशासन का साथ, प्रकरण अग्रसारित*

*क्यारा-धनोल्टी मोटर मार्ग निर्माण में देरी, डीएम ने अधिशासी अभियंता से मांगी विस्तृत रिपोर्ट*

*जनता दर्शन में उमड़ी भीड़ः 1़9़1 फरियादी पहुंचे समाधान की आस में,*

*मा0 मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन के जनदर्शन पर बढ़ता जन जन का विश्वास*

*देहरादून 23 फरवरी,2026 (सू.वि),*
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनता दर्शन/जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन कर जनसमस्याओं का निस्तारण किया गया। जनता दरबार में उपस्थित फरियादियों ने भूमि विवाद, निजी भूमि का सीमांकन, अवैध कब्जा, आपसी विवाद, आर्थिक सहायता, रोजगार, शिक्षा, नगर निगम से संबंधित कुल 191 शिकायतें एवं समस्याएँ जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी ने सभी जनशिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

नालापानी चौक निवासी विधवा वृद्धा सुनीता शर्मा ने अवगत कराया कि उनके पति द्वारा जीवनकाल में अपने छोटे पुत्र एवं पुत्रवधू को संपत्ति से बेदखल किया गया था तथा संपत्ति संबंधी वाद सिविल न्यायालय में विचाराधीन है। पति के निधन के उपरांत छोटा पुत्र एवं बहू उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने एसडीएम को भरण-पोषण एक्ट के अंतर्गत वाद दायर करते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

धर्मपुर निवासी विधवा पिंकी सैनी ने बताया कि पति के निधन के उपरांत आर्थिक अभाव के कारण वह अपनी बिटिया की विद्यालयी शुल्क जमा करने में असमर्थ हैं। इस पर जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को जांच कर पुत्री नन्दिंता की शिक्षा निरंतर बनाए रखने हेतु ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत कराने के निर्देश दिए।

चन्द्रबनी निवासी विधवा बविता सिंह ने बताया कि उनके पति की मृत्यु के पश्चात आर्थिक संकट के कारण उनके तीनों बच्चों की पढ़ाई बाधित हो गई है। बच्चे पूर्व में दून बैन्टेज स्कूल में अध्ययनरत थे, किन्तु शुल्क न जमा होने के कारण विद्यालय द्वारा स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) निर्गत नहीं किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि तीनों बच्चों का टीसी तत्काल दिलवाया जाए तथा उनका प्रवेश निकटवर्ती राजकीय विद्यालय में सुनिश्चित किया जाए।

विन्दाल निवासी विधवा अलीशा खत्री ने बताया कि उनका पुत्र एसजीआरआर विद्यालय में कक्षा 9 में अध्ययनरत है, किन्तु विगत आठ माह से शुल्क न जमा होने के कारण विद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा में बैठने से रोका जा रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को छात्र की शुल्क विवरणी उपलब्ध कराने तथा बच्चे की पढ़ाई जारी रखने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

प्रतीपनगर निवासी अनीता देवी ने आर्थिक तंगी के कारण जल कर (पानी का बिल) माफ करने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने प्रकरण को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के अंतर्गत आर्थिक सहायता हेतु अग्रसारित करने के निर्देश दिए।

विकासनगर निवासी रूपा गुप्ता ने अवगत कराया कि उनकी संपत्ति संबंधी वाद सिविल न्यायालय में विचाराधीन है तथा यथास्थिति बनाए रखने के आदेश के बावजूद जल संस्थान द्वारा जल संयोजन काट दिया गया है। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को तत्काल जल संयोजन बहाल करने तथा कनेक्शन विच्छेदन के कारणों सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

पंचायत घर क्यारा में नवीन आंगनबाड़ी भवन निर्माण की मांग पर आवश्यक जांच उपरांत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। क्षेत्र पंचायत सदस्य द्वारा अवगत कराया गया कि क्यारा-धनोल्टी मोटर मार्ग का निर्माण लंबित होने के कारण लगभग 15 गांव सड़क सुविधा से वंचित हैं। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को प्रकरण में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

राजकीय इंटर कॉलेज काण्डोई भरम में पेयजल समस्या के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी को जल संस्थान के माध्यम से शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

इन्द्रलोक कॉलोनी निवासी 75 वर्षीय हरीश सिंह ने सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

प्रेमनगर निवासी 92 वर्षीय चंचल सिंह ने भूमि के दाखिल-खारिज न होने की शिकायत की। इस पर तहसीलदार को जांच कर शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।

टिहरी बांध परियोजना के अंतर्गत पुनर्वास स्थल बंजरावाला तथा देहरादून में आवंटित कृषि भूखंड संख्या 23 एवं 24 की पैमाइश कराने के अनुरोध पर तहसीलदार को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को शीघ्र राहत मिल सके। जनता दरबार में अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम अपर्णा ढ़ौडियाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

जिला सूचना अधिकारी, देहरादून।

 

खिलाड़ियों, किसानों और युवाओं के प्रति प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता प्रेरणादायक : रेखा आर्या

0

 

22 फरवरी, देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र के डालनवाला मंडल में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात को सुना।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रत्येक संबोधन ऊर्जा, उत्साह और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा से परिपूर्ण होता है।

उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम में उन्हें विशेष रूप से यह बात अत्यंत उत्साहजनक लगी कि प्रधानमंत्री खिलाड़ियों का उल्लेख करना कभी नहीं भूलते। टी-20 वर्ल्ड कप का उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि विश्व की विभिन्न टीमों में भारत के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं, जो देश की खेल क्षमता और वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है।

मंत्री ने केरल में एक बालिका द्वारा अंगदान के माध्यम से आठ लोगों को जीवनदान देने की प्रेरक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी कहानियाँ समाज को नई दिशा देती हैं और सेवा, संवेदनशीलता व मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाती हैं।

डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी जैसे बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों को केवाईसी या री-केवाईसी के नाम पर आने वाले फर्जी फोन कॉल्स से सावधान रहने का महत्वपूर्ण संदेश दिया। डिजिटल युग में यह जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।

किसानों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सदैव देश के अन्नदाता को अपनी प्राथमिकताओं में रखते हैं। उनके प्रत्येक संबोधन में किसानों के उत्थान और कल्याण की स्पष्ट झलक दिखाई देती है।
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए प्रधानमंत्री का संदेश उनके दूरदर्शी नेतृत्व और देश के भविष्य के प्रति गंभीरता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि देश का नेतृत्व एक ऐसे विजनरी नेता के हाथों में है, जो वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की भी चिंता करते हैं और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करते हैं।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पूनम शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशीष, हरीश, राजेंद्र, ओम कक्कड़, अशोक वर्मा, दीपचंद, रोहन चंदेल, रायपुर गंगोला, मोहनलाल वर्मा, मदन मोहन नेगी, इंदू बाला, मोती राम, नवीन कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने किया भारत उदय एक्सपो 2026 प्रदर्शनी के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग

0

 

लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित भारत उदय एक्सपो 2026 के अंतर्गत “विकसित भारत 2047” की संकल्पना को साकार करने हेतु कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के मावकोट गेंद मेले के प्रांगण में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं।

मुख्य अतिथि श्रीमती खण्डूडी भूषण ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से आई स्वयं सहायता समूहों एवं महिला उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना की। उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को प्राप्त करने में ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कुटीर एवं लघु उद्योग तथा महिला उद्यमियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती शशि बाला केस्टवाल, मण्डल अध्यक्ष श्री आशीष रावत, पार्षदगण श्री शशिकांत जोशी, श्री योगेश राणा, श्री अमिताभ अग्रवाल, श्री राजेंद्र जजेड़ी, श्री विवेक भारती, श्री दीपक ध्यानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया।

 

गोरखा हिमालयन फेस्टिवल के अंतिम दिन रैंप पर उतरीं हिमालयी संस्कृतियाँ

0

अमेरिका से आये एनआरआई ने दो छात्रों को शिक्षा के लिए दी आर्थिक सहायता

देहरादून। शहीद मेजर दुर्गा मल्ल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा गढ़ी कैंट स्थित महेन्द्रा ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय ‘गोरखा हिमालयन फेस्टिवल’ का रविवार को शानदार समापन हुआ। उत्सव के अंतिम दिन जहाँ ज्ञानवर्धक सत्रों का आयोजन हुआ, वहीं सांस्कृतिक संध्या में हिमालयी राज्यों की विविध कला और वेशभूषा का अनूठा संगम देखने को मिला। इस मौके पर संस्था के कार्यों से प्रभावित होकर अमेरिका में निवासरत एनआरआई प्रदीप गर्ग द्वारा दो छात्रों सबिया थापा पुत्री धुवन सिंह थापा सेलाकुई और राजकुमाल पुत्र जयराम कुमाल को शिक्षा प्रदान करने के लिए आर्थिक सहयोग दिया गया।

गोरखा हिमालयन फेस्टिवल के अंतिम दिन सुबह के कार्यक्रमों की शुरुआत पर्यावरण के अनुकूल जीवन पर आयोजित कार्यशाला से हुई,जिसमे डॉ नेचर से आई हुई बुद्धारानी लिम्बू द्वारा कैसे जीवन को पर्यावरण के अनुकूल बनाया जाए, इसकी जानकारी दी गई। दूसरी कार्यशाला खाद्य प्रसंस्करण पर आयोजित की गई, जिसमें उद्यान विभाग के सहायक विकास अधिकारी दीपक रतूड़ी ने ‘पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना’के तहत मिलने वाली सब्सिडी और स्वरोजगार के अवसरों के बारे में बताया।
संस्था के कार्यों से प्रभावित होकर अमेरिका में निवासरत एनआरआई प्रदीप गर्ग द्वारा दो छात्रों सबिया थापा पुत्री धुवन सिंह थापा सेलाकुई और राजकुमाल पुत्र जयराम कुमाल को शिक्षा प्रदान करने के लिए आर्थिक सहयोग दिया गया, जिस पर ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला थापा द्वारा उन्हें धन्यवाद दिया गया।
सांस्कृतिक मंच पर शाम पांच बजे से सुरों और ताल का सफर शुरू हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शिरकत की। उनके साथ समाजसेवी चिरंजीव शर्मा और राजीव शर्मा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने हिमालयी संस्कृति के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा और पहचान को दर्शाने वाले ऐसे आयोजन निरंतर होने चाहिए।
इस अवसर पर उत्तराखंड की नौनी सोसायटी की ओर से ‘हिमालयी क्षेत्र के परिधान’ प्रदर्शन कार्यक्रम में विशेष सहयोग किया गया, जो कि विशेष आकर्षण का केंद्र रहा । शो के दौरान सागरिका दीवान (राय ड्रेस), पूनम थापा (मगर ड्रेस), नूपुर शाही (असमी ड्रेस), सोनिका भंडारी (मणिपुरी ड्रेस) और अंशिका थापा (गुरुंग ड्रेस) सहित गढ़वाली,कुमाऊंनी, लिम्बू, तामांग, तिब्बती और क्षेत्र की संस्कृति के पारंपरिक परिधानों को पहन रैंप पर प्रदर्शित कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा, गीतांजलि योगशाला ने ‘नमो नमो’ गीत पर और गुनियो चोली ग्रुप ने ‘मखमली’ गीत पर अपनी कला का प्रदर्शन किया । यमु राणा ग्रुप द्वारा प्रस्तुत ‘सालैजो’ नृत्य और सोनाली राय के गीतों ने भी उत्सव की रौनक बढ़ाई ।स्थानीय कलाकारों में दीप्ति राणा और देविन शाही की जुगलबंदी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिन्होंने ‘भुई सोरी ढोगे है’, ‘यो गाउँको ठिट्टो म’ के साथ-साथ ‘गोली सीसाको’ और ‘लाठी चार्ज नगर’ जैसे गीतों से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया । इनके साथ ही सतीश थापा ने भी ‘मेडले’ गीतों की श्रृंखला में अपनी गायकी से शाम को और भी यादगार बना दिया । सिलीगुड़ी से आये गायक विक्रम कालाकोटी और सुरक्षा सिंचुरी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को झुमा दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के ओएसडी भूपेंद्र बसेड़ा ने शहीदों को समर्पित कविता और देव स्तुति गीत की प्रस्तुति दी।कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री गणेश जोशी की पत्नी निर्मला जोशी, ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला थापा, सचिव प्रभा शाह, संकल्प, उपासना बिष्ट, गोदावरी थापली, पदम सिंह थापा, वंदना बिष्ट, सूर्य विक्रम शाही आदि ने विशेष सहयोग किया।
……………

हिमालयी पारंपरिक घर बना रहा आकर्षण का केंद्र
मेले में आये आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा प्रवेश द्वार पर स्थित एक छोटा सा पहाड़ी शैली में बना हुआ घर, जिसमें हिमालयी पारंपरिक घर और घरेलू पारंपरिक वस्तुओं को दर्शाया गया।ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला थापा और सचिव प्रभा शाह ने बताया कि ये पर्यावरण अनुकूल घर जो केवल प्राकृतिक संसाधनों से बना हुआ था। जो ऑटो इनशुलेशन पर आधारित तथा भूकंपरोधी है. इसके आलावा पारंपरिक गोरखा समाज की घरेलु वस्तुएँ जैसे जाटों,डोको.डालो, धनुष बाण,खूंखरि,ओखल और मूसल शामिल थे. उन्होंने बताया कि नॉर्थ ईस्ट से लेकर कई हिमालयन क्षेत्र में ऐसे घर और ये सभी वस्तुएँ देखने को मिलती हैं,जो समृद्ध हिमालय क्षेत्र की संस्कृति को दर्शाते हैं।

 

SSP दून के कुशल नेतृत्व में हत्या की घटना में शामिल मुख्य हत्यारोपी चढे दून पुलिस के हत्थे

0

घटना को अंजाम देने वाले 03 अभियुक्तों को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार

पैसों के लेन-देन के विवाद के चलते अभियुक्तों द्वारा दिया गया था घटना को अंजाम

घटना के बाद अपने एक अन्य साथी की टैक्सी से शव को ठिकाने लगाने ले गये थे चिडियापुर के जंगलों में

*घटना में शामिल टैक्सी चालक को पुलिस द्वारा पूर्व में किया गया था गिरफ्तार, जिसकी निशानदेही पर मृतक के शव को चिडियापुर के जंगलों से किया था बरामद*

दिनांक 11 फरवरी 2026 को श्री संतराम धीमान निवासी शास्त्री नगर, बसंत विहार द्वारा थाने पर अपने पुत्र दिगंबर धीमान उम्र 28 वर्ष के दिनांक 09 फरवरी 26 को घर से बिना बताए कहीं चले जाने के सम्बन्ध में थाना बसंत विहार पर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। गुमशुदगी की जांच के दौरान गुमशुदा दिगंबर धीमान के विरुद्ध थाना बसंत विहार पर पंजीकृत अभियोग में उसके दिनांक: 09-02-26 को कोर्ट की तारीख पर आने तथा कोर्ट में अगली तिथि मिलने पर बाद में घर आने की बात कहते हुए कही चले जाने की जानकारी प्राप्त हुई। साथ ही गुमशुदा दिगम्बर धीमान के कुछ अन्य साथियों जिनके साथ बैठकर वह अक्सर नशा करता था के भी दिगम्बर की गुमशुदगी के बाद से ही अपने घरों से गायब होना प्रकाश में आया।

जांच के दौरान गुमशुदा के साथियों का दिनांक: 09-02-26 की रात्रि में एक टैक्सी के माध्यम से एक साथ जाने की जानकारी पुलिस को प्राप्त हुई। जिस पर पुलिस टीम द्वारा उक्त संदिग्ध टैक्सी के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए दिनांक: 17-02-26 को उक्त संदिग्ध टैक्सी को तलाश कर उसके चालक राजनन्दन पुत्र मनमोहन ठाकुर निवासी: न्यू पटेलनगर देहरादून को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गयी तो उसके द्वारा दिनांक: 09-02-26 की रात्री में गुमशुदा के साथियों द्वारा उसकी टैक्सी से एक व्यक्ति के शव को कम्बल में लपेटकर चिडियापुर के जंगलों में ले जाकर फेंकना बताया गया। जिसकी निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा गुमशुदा दिगम्बर धीमान के शव को चिडियापुर के जंगलों से बरामद करते हुए टैक्सी चालक राजनन्दन को गिरफ्तार किया गया। घटना के सम्बन्ध में मृतक दिगम्बर के धीमान के पिता श्री सन्तराम पुत्र बुधई दास निवासी: शास्त्रीनगर खाला, बसन्त विहार के बयानों व दिये गये प्रार्थना पत्र के आधार पर उक्त गुमशुदगी को तरमीम करते हुए प्रकाश में आये अभियुक्तों हेमन्त सेमवाल, आदिल, संजू तथा अन्य के विरूद्ध थाना बसन्त विहार पर मु0अ0सं0: 30/26 धारा: 103 (1), 238 (1), 61 (2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पूछताछ में मृतक दिगम्बर धीमान के साथियों द्वारा रेसकोर्स स्थित कमरे में उसकी हत्या किये जाने सम्बन्धी तथ्य प्रकाश में आने पर अभियोग की विवेचना को थाना नेहरू कालोनी स्थानान्तरित किया गया।

घटना की गम्भीरता के दृष्टिगत उसमें शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा अभियुक्तों के सम्बन्ध में जानकारी हेतु सुरागरसी-पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही सर्विलांस के माध्यम से भी अभियुक्तों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए उनके सभी सम्भावित स्थानों पर लगातार दबिशें दी गई। पुलिस द्वारा लगातार किये जा रहे प्रयासों तथा मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा घटना में शामिल तीनांे अभियुक्तों हेमन्त सेमवाल, संजू तथा आदिल को दिनांक: 21-02-26 को आई0एस0बी0टी0 के पास हरिद्वार बाईपास रोड से गिरफ्तार किया गया, जिनकी निशानदेही पर उनके द्वारा घटना मे प्रयोग की गई स्टील की रॉड, लोहे के हथोडे व मृतक को जूतों को नेपाली फार्म के पास पुल के नीचे सूखी नदी से बरामद किया गया।

*पूछताछ का विवरण:-*

पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि उनका पैसों के लेन-देन को लेकर मृतक दिगम्बर से विवाद चल रहा था। दिगम्बर द्वारा उनसे ढाई लाख रू0 लिये गये थे, जो वह वापस नहीं कर रहा था। दिनंाक: 09-02-26 को अभियुक्तों को दिगम्बर के कोर्ट की तारीख में आने की जानकारी मिली, जिस पर अभियुक्त हेमन्त द्वारा मृतक दिगम्बर से सम्पर्क कर उसे रेसकोर्स सी-ब्लाक स्थित अपने घर पर बुलाया गया। जहां तीनो अभियुक्तों द्वारा दिगम्बर के साथ बैठकर नशा किया, इस दौरान अभियुक्तों द्वारा दिगम्बर से अपने पैसे वापस मांगने तथा उसके द्वारा आनाकानी करने पर अभियुक्तों द्वारा उसे टार्चर करने की नीयत से उस पर घर में रखी लोहे की रॉड, हथौडे तथा पेंचकस से वार किये गये, जिससे उसे काफी गम्भीर चोटें आई तथा ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मृत्यू हो गई। घटना के बाद अभियुक्त हेमन्त द्वारा अपने परिचित टैक्सी चालक रामनन्दन को टैक्सी लेकर अपने कमरे में बुलाया तथा उसे घटना के बारे में बताते हुए शव को ठिकाने लगाने में मदद के एवज में 15 हजार रू0 देने की बात कही। जिसके बाद चारों अभियुक्त मृतक के शव को कम्बल में लपेटकर उसे गाडी की डिग्गी में डालकर हरिद्वार की ओर ले गये तथा रास्ते में अभियुक्तों द्वारा घटना में प्रयुक्त लोहे ही रॉड, हथौडा व मृतक के जूतों को नेपाली फार्म से आगे पुल से नीचे नदी में फेक दिया तथा मृतक के शव को चिडियापुर के जंगलों में ले जाकर नहर किनारे रेत मे दबा दिया।

*विवरण गिरफ्तार अभियुक्त:-*

(1) हेमंत कुमार पुत्र जगदीश प्रसाद सेमवाल निवासी नई बस्ती सी ब्लॉक रेसकोर्स, थाना नेहरू कॉलोनी, जनपद देहरादून, उम्र 37 वर्ष।
(2) आदिल पुत्र आबिद हुसैन निवासी नई बस्ती सी ब्लॉक रेसकोर्स, थाना नेहरू कॉलोनी, जनपद देहरादून, उम्र 38 वर्ष।
(3) वैभव भट्ट उर्फ संजू पुत्र पिंटू भट्ट निवासी नई बस्ती सी ब्लॉक रेसकोर्स, थाना नेहरू कॉलोनी, जनपद देहरादून, उम्र 25 वर्ष।

*बरामदगी:-*

01: घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड व हथौडा
02: मृतक के जूते

*आपराधिक इतिहास अभियुक्त हेमन्त सेमवाल:-*

01: मु0अ0सं0: 59/22 धारा: 147, 148 ,323, 326 452 307 34 भादवि कोतवाली नगर देहरादून ।
02: मु0अ0सं0: 623/25 धारा: 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट कोतवाली पटेलनगर देहरादून ।

*आपराधिक इतिहास अभियुक्त आदिल:-*

01: मु0अ0सं0: 59/22 धारा: 147, 148 ,323, 326 452 307 34 भादवि कोतवाली नगर देहरादून ।
02: मु0अ0सं0: 623/25 धारा: 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट कोतवाली पटेलनगर देहरादून ।

*आपराधिक इतिहास अभियुक्त वैभव:-*

01: मु0अ0सं0: 623/25 धारा: 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट कोतवाली पटेलनगर, देहरादून ।

*पुलिस टीम:-*

थाना बसन्त विहार, थाना नेहरू कालोनी तथा एसओजी की संयुक्त टीम ।11