Home Blog Page 70

मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा सिविल न्यायालय में एक करोड़ की लागत से नव निर्मित चैम्बर का किया लोकार्पण

0

 

उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर एक करोड़ की लागत से खटीमा सिविल न्यायालय में अधिवक्ताओं हेतु नव निर्मित चैम्बर का फीता काटकर व दीप प्रज्वालित कर लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं को महाशिवरात्रि पर्व व नए चैम्बर बनने की बधाई व शुभकामनायें दीं। उन्होंने कहा कि नया चैम्बर अधिवक्ताओं के लिए न्यायिक विमर्श व विधि अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा तथा न्यायिक कार्य सरलता से व त्वरित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेर्तत्व न्याय व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने हेतु कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे है। उन्होंने कहा कि खटीमा व खटीमा के आस पास से आने वाले अधिवक्ताओं के लिए व आम जन के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।

सीएम धामी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जो पुराने गैर जरूरी व अंग्रेजो के जमाने से चले आ रहे कानूनों को हटाकर वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 लागू करने का ऐतिहासिक काम किया है। जिससे न्यायिक व्यवस्था प्रभावी हो रही है, ई-कोट्स प्रोजेक्ट, नेशनल ज्यूडिसियल डाटाक्रेट, फास्टट्रेक, स्पेशल कोर्ट, महिला एवं बाल अपराधों के लिए त्वरित न्याय तंत्र, ऑनलाइन के माध्यम से सुनवाई और डिजिटल केस मैनेजमेंट सिस्टम जैसी पहलों के द्वारा न्याय व्यवस्था को और अधिक तेज और सुगम बनाने की दिशा में क्रन्तिकारी परिवर्तन किये गए है। उन्होंने कहा की आज न्यायलयों में तकनीकी के प्रभावी उपयोग ने न केवल समय की बचत की है बल्कि प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाया है। जिससे न्याय प्रक्रिया पहले से अधिक विश्वसनीय वैज्ञानिक और प्रामाणिक बनी है।
मुख्यमंत्री ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के पश्चात देश भर में लगभग 7 हजार से अधिक कोर्ट का व 11 हजार आवासीय इकाइयों का निर्माण किया गया है, जो अपने आप में एक बहुत बड़ा रिकॉर्ड है।
सीएम धामी ने कहा कि हम प्रधानमंत्री जी से प्रेरणा लेकर उत्तराखंड में भी न्याय व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने,विधि शिक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा खटीमा का हर क्षेत्र में विकास किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं के लिए 20 नए चैंबर बनाने हेतु 02 करोड़ 50 लाख रुपए देने की घोषणा की।

इस दौरान कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य,विधायक गोपाल सिंह राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा,जिला जज सिकंद कुमार त्यागी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिला जज मंजू सिंह मुंडे, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय,बार एसोसिएशन अध्यक्ष सूरज प्रकाश राणा, सचिव भरत पांडे, अधिवक्ता गोपाल सिंह बिष्ट, के डी भट्ट सहित अधिवक्तागण, जनप्रतिनिधि,जनता मौजूद थे।

देहरादून में कल रहेगा रूट डायवर्ट:  ट्रैफिक प्लान देखकर ही निकले घर से

0

 

दिनांक 16-02-24 को प्रस्तावित रैली हेतु रुट डायवर्जन प्लॉन

◆ रैली के परेड ग्राउण्ड से प्रस्थान करने पर ओरियण्ट चौक से कनक चौक जाने वाले ट्रैफिक को ग्लोब चौक होते हुये भेजा जायेगा, साथ ही लैन्सडाउन चौक/बुद्वा चौक से आवश्कतानुसार ट्रैफिक को डायर्वट किया जायेगा।

◆ रैली के कनक चौक पहुँचने पर पेसिफिक तिराहा से कनक चौक जाने वाले ट्रैफिक को तनेजा आप्टिकल कट से रोजगार तिराहा की ओर डायर्वट किया जायेगा।

◆ रैली के ओरियण्ट चौक पहुँचने पर कनक चौक से ओरियण्ट चौक जाने वाले ट्रैफिक को पेसिफिक तिराहा होते हुये भेजा जायेगा ओर ग्लोब चौक से ओरियण्ट जाने वाले ट्रैफिक का पेसिफिक तिराहा होते हुये भेजा जायेगा, साथ ही घंटाघर से ओरियण्ट चौक जाने वाले ट्रैफिक को दर्शनलाल चौक की ओर डायर्वट किया जायेगा।

◆ रैली के ओरियण्ट चौक पास करने पर ग्लोब चौक से ओरियण्ट चौक जाने वाले ट्रैफिक को पेसिफिक तिराहा होते हुए भेजा जायेगा, घण्टाघर से ओरियण्ट चौक जाने वाले ट्रैफिक को दर्शनलाल चौक की ओर डायवर्ट किया जायेगा।

◆ रैली के ग्लोब चौक पहुँचने पर ग्लोब चौक से बहल चौक जाने वाले ट्रैफिक को पेसिफिक तिराहा से बैनीबाजार की ओर भेजा जायेगा, रैली के पीछे कोई भी ट्रैफिक नहीं भेजा जायेगा।

◆ रैली के बहल चौक पास करने पर राजपुर रोड और बैनीबाजार चौक से आने वाले ट्रैफिक को आवश्यकतानुसार रोक-रोक कर चलाया जायेगा, साथ ही एनेक्सी तिराहा से हाथीबडकला की ओर कोई भी ट्रैफिक नहीं जायेगा, उक्त ट्रैफिक को सीएसडी तिराहा और वाटिका तिराहा होते हुये बिन्दाल की ओर डायर्वट किया जायेगा ।

◆ रैली के दिलाराम चौक पास करने पर कालीदास तिराहा से दिलाराम जाने वाले ट्रैफिक को पथरियापीर/ नेशविला रोड़ की ओर डायर्वट किया जायेगा ।

◆ रैली के राज प्लाजा पहुँचने पर राजपुर रोड से कैण्ट की ओर जाने वाले ट्रैफिक को घण्टाघर की ओर डायर्वट किया जायेगा।

◆ रैली के दिलाराम चौक पहुँचने पर कालीदास रोड से आने वाले ट्रैफिक को पथिरियापीर से नेशविला रोड के लिये डायर्वट किया जायेगा।

*नोट – उक्त रैली के दौरान असुविधा से बचने के लिये राजपुर रोड और हाथीबडकला रोड का समय 11.00 से रैली समाप्ति तक प्रयोग करने सें बचे।*

*पार्किंग*

1- गुरूनानक ग्राउण्ड रेसकोर्स (बड़ी बसों हेतु)

2- रेजर्स ग्राउण्ड (सिटी बसों हेतु)/ (रैली में नियुक्त समस्त पुलिस बल के वाहनों हेतु)

3- खेल मैदान परेड ग्राउण्ड (रैली में प्रतिभागियों के छोटे वाहनों की पार्किंग)

4- स्मार्ट सिटी शैड पार्किंग परेड ग्राउण्ड (वीआईपी वाहनों हेतु पार्किंग)

*डायवर्जन/बैरियर प्वाईंट*

1- दिलाराम चौक
2- ऐनेक्सी तिराहा
3-कालीदास तिराहा
4-ओरियण्ट चौक
5- पेसिफिक तिराहा
6- ग्लोब चौक
7- वाटिका तिराहा

 

श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलेंगे श्रद्धालुओं के लिए 

0

शिवरात्रि के पावन अवसर पर हुआ कपाट खुलने की तिथि का ऐलान

22 अप्रैल वृष लग्न में प्रातः आठ बजे खुलेंगे बाबा केदारनाथ धाम के कपाट ,, भक्तों में भारी उत्साह

शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में हुई घोषणा

रुद्रप्रयाग। ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट इस यात्रा वर्ष 22 अप्रैल को वृष लग्न में प्रात: 8 बजे दर्शनार्थ खुलेंगे।
आज रविवार पूर्वाह्न शिवरात्रि के अवसर पर परंपरानुसार केदारनाथ रावल रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल एवं मंदिर समिति सदस्यों, धर्माचार्यों,जन प्रतिनिधियों वेदपाठियों एवं पंचगाई हकहकूकधारियों, प्रशासन की उपस्थिति में शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में पंचांग गणना के पश्चात कपाटोद्घाटन की तिथि घोषित हुई ।

भगवान श्री केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली के केदार प्रस्थान का कार्यक्रम भी घोषित हो गया। इस अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ को भब्य रूप से साढ़े नौ क्विंटल फूलों से सजाया गया था। तथा दानीदाताओं ने भंडारे आयोजित किये सैकड़ो श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में दर्शन किये वातावरण जय श्री केदार के उदघोष के साथ भक्तिमय हो गया।

बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने कहा कि श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि निश्चित होते ही बीकेटीसी ने यात्रा तैयारियां पूरी कर ली है इसी संदर्भ में मंदिर समिति कार्यालयों विश्राम गृहों का निरीक्षण भी चल रहा है।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि आज पूर्वाह्न शिवरात्रि को शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में संपन्न हुए कपाट खुलने की तिथि निर्धारण के कार्यक्रम में भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली यात्रा का केदारनाथ पहुंचने का कार्यक्रम भी घोषित हुआ। दिनांक श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में 18 अप्रैल को भैरवनाथ जी की पूजा अर्चना संपन्न हो जायेगी।भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से 19 अप्रैल को फाटा रवाना होगी, 20 अप्रैल दूसरे पड़ाव गौरीकुंड तथा 21 अप्रैल अप्रैल को पंचमुखी डोली श्री केदारनाथ धाम पहुंच जायेगी 22 अप्रैल को प्रात: 8 बजे इस यात्रा वर्ष श्री केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुलेंगे।
इस यात्रा वर्ष श्री केदारनाथ धाम में एम टी गंगाधर मुख्य पुजारी का दायित्व संभालेंगे।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा की मौजूदगी में भाजपा ने 2027 की चुनावी रणनीति पर किया मंथन

0

भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में सरकार और कार्यकर्ताओ के बीच समन्वय पर जोर

देहरादून। भाजपा प्रदेश कोर कमेटी बैठक में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सरकार और कार्यकर्ताओ के बीच समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने प्रदेश में संगठन और सरकार के मध्य बेहतर समन्वय विकास कार्यों की उपलब्धियों के लिए धामी सरकार की पीठ थपथपाई। वहीं तीन बिंदुओं पर फोकस इस बैठक में 27 के चुनावों में जीत को लेकर रणनैतिक मार्गदर्शन दिया।

मीडिया ब्रीफिंग में बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बताया कि आज श्री नड्डा के समक्ष संगठन के कार्यक्रमों और सरकार के कामों की विस्तार से समीक्षात्मक चर्चा की गई। जिसमें उनके द्वारा प्रदेश संगठन और सरकार की पीठ थपथपाते हुए सभी से 27 के चुनाव को लेकर कमर कसने का आह्वान किया। इस दौरान उनके द्वारा रणनीतिक मार्गदर्शन दिया गया कि कैसे पार्टी को एकजुटता से काम करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों में पहले से भी बड़ी जीत को हासिल करना है।भट्ट ने कहा कि बैठक में मुख्यत तीन बिंदुओं पर चर्चा हुई जिसमें सरकार और संगठन के समन्वय को अधिक बेहतर करते हुए जन जन तक अपनी उपलब्धियां को पहुंचाया जाए। जिसकी शुरुआत आगामी 17 फरवरी को मुख्यमंत्री के साथ संगठन बैठक से होगी जिसमें प्रदेश पदाधिकारी जिला अध्यक्ष जिला प्रभारी एवं जिला सह प्रभारी सम्मिलित होंगे। शीघ्र विधानसभा चुनाव की दृष्टि से मंडल स्तर पर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और बीएलए के सम्मेलन किए जायेंगे। जिसमें पार्टी का लक्ष्य है कि सभी बूथों को मजबूत किया जाए। विशेषकर जहां पिछले चुनावों में हारे गए बूथों के नतीजे भी बदले जाएं। पार्टी 23 मार्च को प्रदेश भाजपा सरकार के 4 वर्ष पूरे होने पर 1.5 से 2.0 लाख की संख्या वाली रैली आयोजित की जाएगी, जिसके लिए प्रधानमंत्री या गृहमंत्री से समय मांगा जाएगा।
इसी तरह 17 फरवरी से पार्टी प्रदेश में प्रशिक्षण महा अभियान की शुरुआत प्रदेश कार्यशाला से करने वाली है। जिसके बाद मंडल और जिले स्तर पर प्रशिक्षण महा अभियान की कार्यशाला संचालित की जाएगी। भट्ट ने कहा कि कोर कमेटी में संगठन के आयोजित कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री श्री अजेय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, टिहरी सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कल्पना सैनी, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश कैबिनेट मंत्री सतपाल महराज, डाक्टर धन सिंह रावत, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक शामिल हुए।

ज्योलीग्रांट स्थित कार्यक्रम स्थल में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, ऋषिकेश जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री व सीएम धामी ने किया प्रतिभाग

0

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विभिन्न संकायों में डिग्री प्राप्त करने वाले 1001 छात्र-छात्राओं को दी शुभकामनाएं

1001 विद्यार्थियों को सौंपी गई डिग्रियां, CDOE का शुभारंभ

यह दीक्षांत केवल एक शैक्षणिक पड़ाव नहीं, बल्कि जीवन की नई यात्रा की है शुरुआत: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा

देहरादून। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जॉलीग्रांट स्थित स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह में क्रमशः मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न संकायों में डिग्री प्राप्त करने वाले 1001 छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दीक्षांत केवल एक शैक्षणिक पड़ाव नहीं, बल्कि जीवन की नई यात्रा की शुरुआत है। डिग्री के साथ मानव निर्माण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व भी जुड़ा होता है।
उन्होंने कहा कि अमृतकाल के अगले 25 वर्ष विकसित भारत के निर्माण के निर्णायक वर्ष होंगे, जिनमें आज के युवा साक्षी ही नहीं, कर्ताधर्ता भी बनेंगे। प्राप्त शिक्षा का उपयोग मानवता, गरीब और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए करने का आह्वान उन्होंने किया।
केंद्रीय मंत्री ने विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान मानव सेवा, चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की मजबूत और स्थिर अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्धियों, आयुष्मान भारत योजना, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में सुधार, टीबी-मलेरिया-डायरिया उन्मूलन में प्रगति और कैंसर के अर्ली डिटेक्शन जैसी पहलों को रेखांकित किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबोधन करते हुए सभी डिग्री प्राप्तकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत है और स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय ने शिक्षा, चिकित्सा और जनसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, टेलीमेडिसिन, पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में केंद्र सरकार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का उल्लेखनीय सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी जी के उत्तराखंड के तीसरे दशक” की अवधारणा के अनुरूप उत्तराखंड में विकास कार्य संपादित किया जा रहे हैं। उन्होंने रिवर्स पलायन, राज्य के जल- जंगल बचाने के लिए लिए गए ठोस निर्णयों, दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़क-बिजली-इंटरनेट कनेक्टिविटी की पहुंच, पर्यटन विकास, एसडीजी रैंकिंग, मत्स्य विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में हो रहे सकारात्मक बदलावों की से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, कौशल और संवेदनशीलता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें, ताकि उनके कार्यों में करुणा, मानवता और सेवा की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो।

राज्य के शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आज स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्तराखंड मानव संसाधन से लेकर और संरचनात्मक सभी स्तर पर बेहतर कार्य कर रहा है और केंद्र सरकार से उत्तराखंड को स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास में लगातार अनुकरणीय सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने स्वामी राम हिमालयन संस्थान के उत्तराखंड में स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना ने शिक्षा को केवल डिग्री मात्र नहीं बल्कि आत्मज्ञान, सशक्तिकरण और परिवर्तन का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि संस्थान का मुख्य फोकस मानव सेवा और नैतिकता के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है।

दीक्षांत समारोह में मेडिकल, एलाइड हेल्थ, नर्सिंग, मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, योग विज्ञान एवं बायो-साइंसेज संकायों के 1001 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की गईं।
31 विद्यार्थियों को अकादमिक अवार्ड, 2 छात्रों को स्वामी राम बेस्ट ग्रेजुएट अवार्ड तथा 14 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि से सम्मानित किया गया।

समारोह के अवसर पर “सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (CDOE)” का ऑनलाइन शुभारंभ किया गया।
विश्वविद्यालय को NAAC से A+ ग्रेड प्राप्त होने के कारण CDOE के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रम यूजीसी से एंटाइटल्ड हैं, जिससे विद्यार्थियों को मान्यता प्राप्त गुणवत्तापूर्ण ऑनलाइन शिक्षा मिलेगी।इस अवसर पर कार्यक्रम में उत्तराखंड के समृद्ध सांस्कृतिक झलक भी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में ‌विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ राजेंद्र डोभाल, प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सीएम धामी ने उधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का किया शुभारम्भ: क्षेत्र को दी कई‌ सौगातें 

0

 

सीएम धामी ने उधम सिंह नगर में 295.21 करोड़ के विकास कार्यो का किया लोकार्पण एवं
शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गांधी पार्क में आयोजित भव्य उधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का फीता काटकर किया शुभारम्भ। उन्होने 295.21 करोड़ के 61 कार्यो का लोकार्पण/शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री धामी ने 123.91 करोड़ के 26 कार्य जिसमे चिकित्सा विभाग का 20.35 करोड़ के 01 कार्य, लोनिवि के 9.01 करोड़ के 05, नगर निगम रूद्रपुर के 38.60 करोड़ के 09, पशुपालन विभाग के 4.74 करोड़ का 01, संस्कृति विभाग का 95 लाख का 01, सिंचाई विभाग का 26.52 करोड़ के 02, खेल विभाग के 19.02 करोड़ के 04, शिक्षा विभाग के 3.18 करोड़ का 01, नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी का 96 लाख का 01, नगर पालिका परिषद बाजपुर का 58 लाख का 01 कार्य का लोकार्पण किया। इस तरह 171.30 करोड़ के 35 कार्यो का लोकार्पण किया। जिसमे लोनिवि के 93.92 करोड़ के 05 कार्यो का, नगर निगम रूद्रपुर के 59.53 करोड़ के 19 कार्याे का, पशुपालन विभाग के 3.47 करोड़ का 01 कार्य, शिक्षा विभाग के 7.41 करोड़ के 02 कार्यो, ग्रामीण निर्माण विभाग के 6.97 करोड़ के 08 कार्यो का शिलान्यास किया।


माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 05 घोषणाएं की जिसमें मानसखंड कोरिडोर के अंतर्गत गोल्ज्यू मंदिर,शिव मंदिर व नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए शिव प्रतिमा की स्थापना, नगर निगम रूद्रपुर के पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा में आवास निर्माण किए जाने, भूरारानी व गंगापुर रोड का चौड़ीकरण, अटारिया चौक से इंद्रा कॉलोनी तक रोड का निर्माण, गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष O2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ करने की घोषणा की।

इससे पूर्व माननीय मुख्यमंत्री धामी ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया उससे पूर्व उन्होंने कांवरियों की पैर पखारे एवं उनको अंगवस्त्र व पुष्प माला भेंट कर उनका अभिवादन किया, इसके उपरांत त्रिशूल चौक से सरस मेला कार्यक्रम स्थल गांधी पार्क तक आयोजित शिव बारात में प्रतिभाग किया। शिव बारात में माननीय मुख्यमंत्री का विभिन्न संगठनों व जनता द्वारा फूलमाला,पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे रुद्रपुर के चहुंमुखी विकास के लिए 288 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की 61 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं रुद्रपुर को विकास, विश्वास और भविष्य की नई ऊँचाइयों तक ले जाने का मज़बूत आधार बनेंगी। आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमारा राज्य विकास और समृद्धि के नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा आज राज्य के शहरों से लेकर सुदूर पर्वतीय गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में हमारी सरकार द्वारा जनपद ऊधमसिंह नगर और रूद्रपुर क्षेत्र के विकास के लिए भी विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से कार्य किए जा रहे हैं। आज हम जहां एक ओर लगभग 590 करोड़ रुपए की लागत से रूद्रपुर बाईपास का निर्माण करा रहे हैं, वहीं, रूद्रपुर को खटीमा-टनकपुर एवं गदरपुर-जसपुर से जोड़ने वाली चार लेन सड़कों का निर्माण भी करा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से मानूनगर-गदरपुर से दिनेशपुर-मटकोटा होकर सीधे हल्द्वानी को जोड़ने वाले मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य कर रहे हैं। रुद्रपुर रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण के साथ-साथ नई सिग्नल लाइनों और दो रेल ओवरब्रिज का निर्माण भी कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए रुद्रपुर के मास्टर ड्रेनेज प्लान को मंजूरी प्रदान की गई है, और सार्वजनिक स्थानों में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट्स का निर्माण भी प्रगति पर है। इतना ही नहीं, रुद्रपुर में 15 करोड़ रुपये की लागत से उत्तराखंड के पहले कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट का भी निर्माण कराया जा रहा है, साथ ही, 17 करोड़ रुपये की लागत से एक एडवांस कूड़ा प्रबंधन प्लांट भी स्थापित किया गया है। उन्होंने आज उधमसिंह नगर जनपद के किच्छा में 351 करोड़ रूपए की लागत से 100 एकड़ भूमि पर एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। साथ ही, हम पंतनगर हवाईअड्डा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के रूप में बदलने जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने जहां एक ओर गदरपुर और खटीमा में बाईपास का निर्माण कार्य कराया है, वहीं खटीमा और किच्छा में बस अड्डों का निर्माण भी कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, हमने रूद्रपुर, गदरपुर और चकरपुर में खेल स्टेडियम, बहुउद्देश्यीय हॉल, साइकिलिंग ट्रैक और एथलेटिक्स ट्रैक सहित विभिन्न प्रकार की खेल सुविधाओं का निर्माण कार्य भी कराया है। उन्होंने कहा कि हम जहां एक ओर काशीपुर में अरोमा पार्क, सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, काशीपुर में इलैक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर, पंतनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क की स्थापना की है। वहीं, खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी की स्थापना के माध्यम से इस पूरे क्षेत्र के विकास और रोजगार को गति देने का प्रयास भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना का निर्माण पुनः प्रारंभ कर पूरे तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई की समस्या का स्थाई समाधान करने का प्रबन्ध कर दिया है। जिस दिन ये परियोजना पूर्ण होगी, हमारे पूरे तराई क्षेत्र में पीने के पानी और सिंचाई के पानी की समस्या पूर्ण रूप से दूर हो जाएगी। उन्होंने जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप सभी को पता होगा कि बांग्लादेश से विस्थापित होकर बड़ी संख्या में लोग हमारे उधमसिंह नगर जिले में भी रहते हैं। दुर्भाग्य की बात थी कि इस समाज के लोगों के जाति प्रमाण पत्र पर पूर्वी पाकिस्तान से विस्थापित लिखा जाता था। उन्होंने कहा कि मैंने मुख्यसेवक के रूप में राज्य की सत्ता सँभालने के बाद ये कहा था कि दशकों से बंगाली समाज के लोग यहां रहकर इसी मिट्टी की सेवा कर रहे हैं। इसलिए ये लोग भी हमारे अन्य नागरिकों की तरह ही हैं, इनके साथ भेदभाव बिल्कुल नहीं होने दिया जाएगा। हमने फैसला लिया कि इनके जाति प्रमाण पत्र में पूर्वी पाकिस्तान से विस्थापित होकर आए हैं, नहीं लिखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने नजूल भूमि पर बड़ी संख्या में बसे हुए बंगाली समाज के परिवारों को उनकी भूमि का मालिकाना हक दिलाने का काम भी किया, जिससे वो बेफिक्र होकर अपना पक्का मकान बना सकें। उन्होंने कहा कि हम राज्य के समग्र विकास के साथ-साथ अपने सांस्कृतिक मूल्यों और डेमोग्राफी को संरक्षित रखने हेतु भी पूर्ण रूप से संकल्पबद्ध है। एक ओर जहां हम प्रदेश का चहुंमुखी विकास कर रहे हैं, वहीं सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून सबके लिए एक है, इसलिए हम धर्मांतरण विरोधी कानून लाए, दंगा फैलाने वालों पर लगाम कसी और देवभूमि को अस्थिर करने वाली हर साज़िश पर सीधी चोट की। उन्होंने कहा कि हमने प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की, जिसे देशभर में सराहा गया। उन्होंने कहा कि हमने मदरसा बोर्ड समाप्त कर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक प्राधिकरण शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया है, जो अब ये सुनिश्चित करेगा कि शिक्षा राष्ट्र निर्माण का माध्यम बने, न की कट्टरता का।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने 250 से अधिक अवैध मदरसों पर ताला लगाकर स्पष्ट संदेश दिया कि अब उत्तराखंड में अवैध मदरसों की आड़ में बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हमने नकल को उद्योग बनाने वालों के खिलाफ देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लाकर नकल माफिया की कमर तोड़ने का काम किया है। इसी का परिणाम है कि हमने साढ़े चार वर्षों में जहां 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की, वहीं 100 से अधिक नकल माफियाओं को सलाखों के पीछे भेजा। उन्होंने कहा कि आज राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति के अंतर्गत सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमने प्रदेश के इतिहास में पहली बार, आईएएस और पीसीएस स्तर के अधिकारियों सहित बीते तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की है। इस सख्ती और पारदर्शिता का सीधा लाभ हमारे उद्यमियों को मिल रहा है और उन्हें योजनाओं की स्वीकृति, जमीन आवंटन, औद्योगिक लाइसेंस या अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में अब अनावश्यक बाधा का सामना नहीं करना पड़ता।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने सरस मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरिक्षण किया व स्टॉलों की निरिक्षण की दौरान उन्होंने दिए बनाये एवं सूत भी काता।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट,विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं जनता का स्वागत व आभार व्यक्त किया एवम् सभी को बधाई दी। उन्होंने रूद्रपुर व जनपद में किए जा रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारियां दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम व जनपद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से सरलीकरण, समाधान व निस्तारण के मूल मंत्र के साथ कार्य कर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगे भी रखी।

कार्यक्रम की उपरांत माननीय मुख्यमंत्री ने सरस मेले की प्रथम दिवस में स्टार नाईट में शिव जागरण का ज्योति जलाकर शुभारम्भ किया।

कार्यक्रम जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य,विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली,दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू,फरजाना बेगम, उत्तम दत्ता,मंजीत सिंह,खतीब अहमद,मुकेश कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी,जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल,मनोज पाल, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम,पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा,राजेश शुक्ला, गुंजन सुखीजा,श्रीनेत्र पाल मौर्या, रामपाल सिंह,अनिल चौहान,राजेश कुमार, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा, पी डी हिमांशु जोशी नगर आयुक्त शिप्रा जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, जनता मौजूद थे।

राज्य आंदोलनकारी हमारे राज्य निर्मातागण: आपकी समस्याओं का निस्तार शासन-प्रशासन की प्राथमिकता:  डीएम

0

 

मुख्यमंत्री के संकल्पानुसार राज्य आंदोलनकारी चयन हमारी प्राथमिकता

प्राप्त सुझाव; मानको में संशोधन; चयन कमेटी निर्धारण आपके सौजन्य व विमर्श से ही होगा: डीएम

देहरादून।, जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आज ऋषिपर्णा सभागार कलेक्ट्रेट में राज्य आंदोलनकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण सहित विभिन्न लंबित विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान राज्य आंदोलनकारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव एवं मांगें प्रस्तुत कीं। विशेष रूप से शपथ-पत्र के आधार पर राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाए जाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि संगठनों द्वारा प्रस्तुत शपथ-पत्रों एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर प्रकरण को प्रबल संस्तुति के साथ शासन को प्रेषित किया जाएगा, ताकि उचित स्तर पर निर्णय लिया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि आप हमारे राज्य के निर्मातागण आपकी समस्याओं का निस्तारण करना शासन-प्रशासन का परम दायित्व है। जिलाधिकारी ने समिति के गठन के संबंध में कहा कि सभी संगठन आपसी समन्वय एवं सर्वसम्मति से समिति सदस्यों के नाम प्रस्तावित कर प्रेषित करें। प्राप्त नामों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन राज्य आंदोलनकारियों की भावनाओं एवं योगदान का सम्मान करता है तथा विषय के समाधान हेतु संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री के संकल्पानुसार राज्य आंदोलनकारी चयन हमारी प्राथमिकता है। प्राप्त सुझाव, मानको में संशोधन चयन कमेटी निर्धारण आपके सौजन्य व विमर्श से ही किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि संवाद एवं समन्वय के माध्यम से ही समस्याओं का सकारात्मक समाधान संभव है तथा प्रशासन इस दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी हरी गिरी सहित विभिन्न राज्य आंदोलनकारी संगठनों के प्रतिनिधिकृओमी उनियाल, उर्मिला शर्मा, डी.एस. गुंसाई, सुरेश कुमार, चिंतन कुमार, राजेश शर्मा, पर्मिला रावत, मौहम्मद ईकबाल, संजीव कुमार मनवाल आदि उपस्थित रहे।

-0-

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी देहरादून

प्रदेश में बढ़ते अपराधों एवं चरमराई कानून व्यवस्था पर कांग्रेसियों ने पुलिस मुख्यालय घेरावकर सरकार पर बोला हमला 

0

 

राज्य की ध्वस्त पडी कानून व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने आज प्रदेश अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल, के नेतृत्व में पुलिस मुख्यालय का घेराव कर सरकार को चेतावनी दी कि यदि राज्य की कानून व्यवस्था पटरी पर नहीं आई तथा लगातार हो रही हत्याओं पर लगाम नहीं लगा तो कांग्रेस पार्टी उग्र आन्दोलन को मजबूर होगी। पुलिस मुख्यालय घेराव कार्यक्रम में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ0 हरक सिंह रावत ने भी प्रतिभाग किया।


ध्वस्त कानून व्यवस्था के चलते राज्यभर में लगातार हो रही निर्मम हत्याओं के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज प्रदेश अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ0 हरक सिंह रावत के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से पुलिस मुख्यालय तक मार्च निकालते हुए पुलिस मुख्यालय का घेराव करते हुए पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपते हुए उत्तराखंड में दिन-दहाड़े हो रहे हत्याकांडों एवं बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की।
पुलिस मुख्यालय घेराव के उपरान्त पुलिस महानिदेशक को सौंपे ज्ञापन में कांग्रेस पार्टी ने कहा कि विगत कुछ समय से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून सहित विभिन्न जनपदों में दिन-दहाड़े घटित हो रही हत्या एवं गंभीर आपराधिक घटनाओं से आमजन में भय, असुरक्षा एवं चिंता का वातावरण व्याप्त है। उत्तराखंड जैसे शांतिप्रिय एवं देवभूमि कहे जाने वाले राज्य की राजधानी एवं अन्य महानगरों में हाल के दिनों में दिन-दहाड़े घटित हुई हत्याकांड की घटनाओं ने समूचे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इन घटनाओं से आम नागरिकों में भय, असुरक्षा एवं आक्रोश का वातावरण व्याप्त है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं तथा कानून का भय नगण्य होता प्रतीत हो रहा है। इस प्रकार की घटनाएँ न केवल राज्य की कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा रही हैं, अपितु राज्य की सामाजिक शांति एवं नागरिकों के विश्वास को भी प्रभावित कर रही हैं।
कंाग्रेस पार्टी ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में राज्य की कानून-व्यवस्था की यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक एवं अस्वीकार्य है। राज्य की कानून व्यवस्था पूर्ण रूप से चरमरा चुकी है तथा अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है। इसका ताजा उदाहरण विगत 15 दिन के अन्दर राजधानी देहरादून सहित विभिन्न जिलों में दिन दहाड़े 5 जघन्य हत्याकांड की घटनायें हैं। पुलिस की नाक के नीचे हुई इन हत्याकांड की घटनाओं में शामिल सभी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है जो कि गम्भीर चिन्ता का विषय है। यदि राज्य की कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए समय रहते कठोर एवं ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इससे सामाजिक अस्थिरता एवं जनविश्वास में गंभीर गिरावट की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पुलिस प्रशासन से राज्यभर में घटित हत्याकांड की घटनाओं पर ठोस परिणामों की अपेक्षा करते हुए मांग करते हुए कहा किः- प्रदेश के सभी संवेदनशील एवं अपराध-प्रवण क्षेत्रों में विशेष पुलिस अभियान चलाया जाए। संगठित अपराध एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम दमनात्मक कार्यवाही की जाए। प्रत्येक गंभीर आपराधिक घटना की समयबद्ध एवं उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित की जाए। पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय कर लापरवाही पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए। आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करने हेतु दृश्यमान एवं प्रभावी कदम तत्काल उठाए जाएँ।
प्रदेश महिला अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से दिया गया ज्ञापन पठित रूप में प्रेषित किया।
पुलिस मुख्यालय घेराव कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, विधायक लखपत सिंह बंुटोला, जिला पचांयत अध्यक्ष श्रीमती सुखसविन्दर कौर, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, शूरवीर सिंह सजवाण, पूर्व विधायक मनोज रावत, राजकुमार, प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, महामंत्री राजेन्द्र भंडारी, राजेन्द्र शाह, राजीव महर्षि, गोदावरी थापली, सूर्यकांत धस्माना महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला, जयेन्द्र रमोला, पूरन ंिसह रावत, मुरली मनोहर, नवीन जोशी, सुरेन्द्र रांगड, डॉ0 प्रतिमा सिंह, अभिनव थापर, गरिमा दसौनी, राजेश चमोली, सुजाता पॉल, महानगर अध्यक्ष डॉ0 जसविन्दर सिंह गोगी, जिलाध्यक्ष संजय किशोर, महानगर अध्यक्ष हरिद्वार अमन गर्ग, राकेश सिंह मिया, अनुसूचित जाति अध्यक्ष मदन लाल, विरेन्द्र रावत, प्रभुलाल बहुगुणा, गौरव चौधरी, विरेन्द्र पोखरियाल, अमरजीत ंिसह, शिवानी थपलियाल मिश्रा, नरेशानन्द नौटियाल, रॉबिन त्यागी, महेन्द्र सिंह नेगी, अर्जुन सोनकर, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, विनोद चौहान, मानवेन्द्र सिह, टीकाराम पाण्डेय, टीटू त्यागी, सुमेन्द्र बोरा, अश्विनी बहुगुणा, अमेन्द्र बिष्ट, यशपाल चौहान, ओमप्रकाश सती, शीशपाल बिष्ट, संदीप चमोली, प्रदीप जोशी, संजय शर्मा, जगदीश धीमान, नीनू सहगल, प्रशांत खंडूरी, सावित्री थापा, ऐतात खान, महेश प्रताप राणा, कर्नल रामरतन सिंह नेगी, हेमा पुरोहित,ललित भद्री, उर्मिला थापा, प्रणीता बडोनी, रीता पुष्पवाण, मोहन काला, विजयपाल रावत, देवेन्द्र सिंह, कविन्द्र इष्टवाल, सुरेन्द्र रावत, गोपाल गडिया, मोहन खत्री, आशा मनोरमा शर्मा, सुनित सिंह राठौर, मोहन काला, पुष्पा पंवार, निधि नेगी, अनिल नेगी, सुलेमान अली, राजकुमार जायसवाल, अनुराधा तिवाडी, विरेन्द्र पंवार, भगवती प्रसाद सेमवाल, सोहन लाल रतूडी, गिरिराज हिंदवान, शीशपाल बिष्ट, प्रीतम आर्य, विजय प्रताप मल्ल, आशीश उनियाल, श्याम ंिसह चौहान, विजय चौहान, प्रदीप जोशी, संजय कनौजिया, विकास नेगी, सुनील जायसवाल, जितेन्द्र बिष्ट, अनिल बसनेत, अनिल नेगी,दीप बोहरा, स्वाति नेगी, अरूणा कुमार, गुल मोहम्मद, विनीत प्रसाद भट्ट, बलवीर पंवार, सूरज क्षेत्री, महेश जोशी, नितिन बिष्ट, मदन कोली, हिमांशु बहुगुणा, दिनेश कौशल, रितेश क्षेत्री, महेश जोशी, प्रशांत खंडूरी, मनमोहन शर्मा, मंजू चौहान, विजय सिंह गुसांई, अरूण बलोनी, सचिन टिचकुले आदि सैकडों कांग्रेस कार्यकता शामिल थे।

राजीव महर्षि
मीडिया विभाग
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी

Action: DM की संस्तुति पर उप निबन्धक ऋषिकेश निलम्बित, अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारम्भ

0

डीएम की निरीक्षण जांच का त्वरित संज्ञान; गंभीर आरोप व साक्ष्य के चलते गिरी गाज

जिला प्रशासन का औचक निरीक्षण मायने एक्शन तय; सब रजिस्ट्रार कार्यालयों की अनियमिताओं का यही होगा हश्र

आमजन की पीड़ा व शिकायतों से प्रेरित डीएम का औचक निरीक्षण; सामने आयी गहन स्टाम्प चोरी, फर्जी कार्मिक व अनाधिकृत रूप से लिपिक से कराई जा रही विलेख पंजीकरण कार्यवाही; कार्यालय में वर्षों से लम्बित आमजन के मूल अभिलेख; जमीनों का बड़ा खेल; हो गया एक्शन

डीएम का औचक निरीक्षण, सब रजिस्ट्रार कार्यालय ऋषिकेश में गंभीर अनियमितताएं उजागर; सब रजिस्ट्रार के बगैर ही अवैधानिक रूप से लिपिक द्वारा किया जा रहा विलेखों का निबंधन

सम्पति मूल्य आंकलन का कोई ज्ञान नही तो स्टाम्प शुल्क कैसे किया पास; बगले झांकते नजर आयी निबंधक लिपिक

करोड़ो की स्टाम्प चोरी हुई उजागर औद्योगिक क्षेत्रों में आवासीय दरों पर भूखंड के छोटे टुकड़े कर कई रजिस्ट्रीयां बरामद;

उपस्थित फरियादियों ने सुनाई आपबीती, कई पीड़ितों ने दिए बयान; मूल अभिलेख लौटाने; रजिस्ट्री की नकल देने में हजारो आमजन को कर रहे थे परेशान

कई महीनों लम्बित मूल अभिलेख आवेदकों को नहीं किया गया वापिस; वापिस करने की अधिकतम तीन दिन है सीमा, परंतु सैकड़ों मूल विलेख अलमारी में खा रहे थे धूल

अर्जेंट रजिस्ट्री नकल अनुमन्य 24 घंटे के सापेक्ष महीनों/वर्षों से मिली लम्बित

निरीक्षण दौरान कार्यालय में मिला घोस्ट कार्मिक, न कोई नियुक्ति पत्र न उपस्थिति पंजिका में नाम, डीएम ने तलब किया था कार्मिकों का रिकार्ड

देहरादून:  जिला प्रशासन की रिपोर्ट पर शासन ने बड़ा एक्शन लेेते हुए उप निबन्धक ऋषिकेश को निलिम्बत करते हुए मुख्यालय सम्बद्ध कर दिया है। विगत माह आमजन को रजिस्ट्रार कार्यालय में आ रही समस्याओं एवं शिकायतों के सम्बन्ध में जिलाधिकारी सविन बसंल ने सब रजिस्ट्रार कार्यालय ऋषिकेश का औचक निरीक्षण किया था।
आमजन की पीड़ा व शिकायतों से प्रेरित डीएम सविन बसंल के सब रजिस्ट्रार कार्यालय ऋषिकेश के औचक निरीक्षण में गंभीर अनियमिताएं उजागर हुई थी जिनमें गहन स्टाम्प चोरी, फर्जी कार्मिक व सब रजिस्ट्रार के बगैर ही लिपिक द्वारा अनाधिकृत रूप विलेख पंजीकरण कार्यवाही सम्पादित करना,  कार्यालय में वर्षों से आमजन के मूल अभिलेख लम्बित पाये जाना,सम्पति मूल्य आंकलन का कोई ज्ञान न होना, करोड़ो की स्टाम्प चोरी हुई, औद्योगिक क्षेत्रों में आवासीय दरों पर भूखंड के छोटे टुकड़े कर कई रजिस्ट्रीयां बरामद हुई थी। निरीक्षण के दौरान उपस्थित फरियादियों ने आपबीती सुनाते हुए  बताया कि मूल अभिलेख लौटाने; रजिस्ट्री की नकल देने में आमजन को कर रहे परेशान किया जा रहा है। कार्यालय में कई महीनों से मूल अभिलेख आवेदकों को वापिस नही किए गए तथा ना ही मुख्यालय को सूचना प्रेषित की गई। जबकि अधिकतम तीन दिन है सीमा, परंतु सैकड़ों मूल विलेख अलमारी में धूल खा रहे थे अर्जेंट रजिस्ट्री नकल अनुमन्य 24 घंटे के सापेक्ष महीनों/वर्षों से मिली लम्बित मिले। जिस पर यह एक्शन लिया गया। इस एक्शन से अन्य रजिस्ट्रार कार्यालयों में भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।

जिलाधिकारी सविन बसंल ने स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के अन्तर्गत उप निबंधक कार्यालय, ऋषिकेश का उप जिलाधिकारी, ऋषिकेश एवं जिला शासकीय अधिवक्ता (रा०) देहरादून की उपस्थिति में औचक निरीक्षण किया, जिसके परिणामस्वरूप उप जिलाधिकारी, ऋषिकेश एवं जिला शासकीय अधिवक्ता (रा०) की संयुक्त जॉच आख्या के आधार पर हरीश कुमार, उप निबंधक, ऋषिकेश के बिना किसी सूचना के अनुपस्थिति, संदर्भगत कार्यालय में तत्समय तैनात निबंधक लिपिक द्वारा पंजीकरण की कार्यवाही सम्पादित करना पाया गया। तथा फर्जी कर्मचारी से अनाधिकृत तौर से विलेखों का पंजीकरण निष्पादित कराया जाना, पंजीकृत दस्तावेजों को कार्यालय में महिनों / वर्षों तक विधि विरूद्ध तरीके से धारित/लंबित रखना, ग्राम माजरी ग्रांट, तहसील डोईवाला में दून घाटी विशेष महायोजना 2031 के अंतर्गत आरक्षित औद्योगिक भूमि का आवासीय दरों पर पंजीकरण की कार्यवाही चल रही थी। उप निबन्धक हरीश कुमार द्वारा वर्तमान में प्रचलित / विद्यमान नियमों / अधिनियमों का यथा-भारतीय स्टाम्प (उत्तराखण्ड संशोधन) अधिनियम 2015 की धारा 47क, भारतीय रजिस्ट्रेशन मैनुअल के नियम 325, नियम 195 व 196, सुराज भ्रष्टाचार उन्मूलन एवं जनसेवा अनुभाग, उत्तराखण्ड शासन की अधिसूचना संख्या 368/28.04.2016 का संज्ञान नहीं लिया गया है, जिससे स्टाम्प अपवंचना के दृष्टिगत सरकार को गहन राजस्व क्षति हुई है।
निरीक्षण के दौरान पंजीकरण प्रक्रिया में खुलेआम कानून उल्लंघन, फर्जी कर्मचारी से रजिस्ट्रियां कराना तथा वर्षों से संगठित रूप से स्टांप चोरी किए जाने के प्रमाण सामने आए हैं।  उप निबंधक की अनुपस्थिति में अवैधानिक रूप से रजिस्ट्रियां की जा रही थीं तथा पंजीकृत दस्तावेज महीनों-वर्षों तक कार्यालय में दबाकर रखे गए। कार्यालय में बाहरी व्यक्ति द्वारा रजिस्ट्रेशन कार्य कराए जाने से शासन को करोड़ों रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका जताई गई है। जांच में दून घाटी विशेष महायोजना-2031 के अंतर्गत औद्योगिक भू-उपयोग वाली भूमि को आवासीय दर्शाकर दर्जनों छोटे भू-खण्डों में रजिस्ट्री कराए जाने का मामला भी उजागर हुआ है, जिससे न केवल स्टांप अपवंचना हुई बल्कि भूमि क्रेताओं के साथ भी धोखाधड़ी की गई।
निरीक्षण दौरान पाई गई कमियों पर जिला प्रशासन द्वारा उप निबन्धक के निलम्बन एवं अनुशासनात्मक कार्यवाही की संस्तुति शासन को प्रेषित की गई थी। जिला प्रशासन की रिपोर्ट पर शासन द्वारा उप निबन्धक को निलिम्बित करते हुए मुख्यालय से सम्बद्ध करते हुए अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है। जिला प्रशासन के इस एक्शन को राजस्व हितों से खिलवाड़, भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत देखा जा रहा है तथा भविष्य में भी इस तरह के एक्शन देखने को मिल सकते हैं।
–0–

“वोकल फॉर लोकल’’: ग्रामीण महिलाओं के हर्बल रंगों से महकेगी होली, घर-घर बिखरेगी खुशियों की बहार

0

समूह की महिलाओं ने तैयार किए 2.5 कुंतल प्राकृतिक रंग, होली बाजार में बढ़ी रौनक

रायपुर–सहसपुर में तैयार हो रहे हर्बल रंग, सुरक्षित होली की पहल

*वोकल फॉर लोकल’ की धूम, शहर में छाएंगे समूह के पर्यावरण-अनुकूल रंग*

*देहरादून । रंगों के पावन पर्व होली की तैयारियों को लेकर स्थानीय बाजारों में ग्रामीण समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित हर्बल रंग अपनी विशिष्ट छटा बिखेर रहे हैं। ये रंग न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं, बल्कि जन-जीवन में प्रसन्नता के नवीन रंग भी घोल रहे हैं।

राजधानी देहरादून के विकासखंड सहसपुर एवं रायपुर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएँ सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल होली के उद्देश्य से प्राकृतिक रंगों का निर्माण कर उन्हें स्थानीय बाजारों में विक्रय कर रही हैं। इस वर्ष समूहों द्वारा तैयार किए गए ये प्राकृतिक रंग लोगों के घरों में हर्ष और उल्लास फैलाने को तत्पर हैं।

सहसपुर ब्लॉक के आस्था क्लस्टर तथा रायपुर ब्लॉक के नई दिशा एवं दिव्य ज्योति क्लस्टर से संबद्ध लगभग 30 महिलाओं ने टेसू और गुलाब के पुष्प, हल्दी, चंदन, पालक के पत्ते, चुकंदर तथा मेहंदी जैसी प्राकृतिक सामग्रियों से हर्बल रंग तैयार किए हैं। ये रंग त्वचा के लिए पूर्णतः सुरक्षित तथा पर्यावरण के अनुकूल हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर समूह की महिलाओं को योजना के अंतर्गत वित्तीय सहयोग प्राप्त हुआ। इस सहायता से कच्चे माल की खरीद, पैकेजिंग की व्यवस्था तथा बाजार तक पहुँच सुनिश्चित की जा सकी। परिणामस्वरूप सहसपुर एवं रायपुर विकासखंडों में महिलाओं ने लगभग 2.5 कुंटल प्राकृतिक रंग तैयार किए हैं, जिन्हें मांग के अनुरूप अच्छा व्यवसाय प्राप्त हो रहा है। इससे उन्हें प्रति किलोग्राम 100 से 120 रुपये तक का लाभ अर्जित हो रहा है।

रासायनिक रंगों से होने वाले दुष्प्रभावों को देखते हुए इन हर्बल एवं प्राकृतिक रंगों की बाजार में पर्याप्त मांग है, जिससे महिलाओं के परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है। मुख्यमंत्री द्वारा संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से ये महिलाएँ न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि होली के अवसर पर मातृशक्ति के सशक्त स्वरूप का प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत कर रही हैं।

सहसपुर ब्लॉक की समूह सदस्य मीना ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं ने सुरक्षित एवं पर्यावरण-संरक्षण को ध्यान में रखकर प्राकृतिक होली के रंग तैयार किए हैं, जिनकी स्थानीय बाजार में अच्छी बिक्री हो रही है। उन्होंने कहा कि आजीविका मिशन से जुड़ने पर महिलाओं को ऐसा मंच प्राप्त होता है, जहाँ वे अपने कौशल का प्रदर्शन कर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकती हैं।

जिला मिशन प्रबंधक सोनम गुप्ता ने बताया कि समूह की महिलाएँ प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी होली पर्व पर हर्बल रंगों का निर्माण कर रही हैं। ये सभी प्राकृतिक रंग समूह के आउटलेट्स पर विक्रय के लिए उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रायपुर विकासखंड की महिलाएँ इस वर्ष होली के रंगों के उत्पादन में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं।