Home Blog Page 77

हरिद्वार में तीन दिवसीय समारोह का हुआ भव्य समापन:  देशभर से संत-महात्मा, धर्मगुरु और‌ राजनीतिक नेतृत्व हुए शामिल

0

 

राष्ट्र चेतना और सनातन संस्कृति पर संतों व शीर्ष नेतृत्व का मंथन

ब्रह्मलीन गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह का हुआ समापन

हरिद्वार । हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र स्थित भारत माता मंदिर परिसर में ब्रह्मलीन गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय भव्य समारोह का गुरुवार को विधिवत समापन हुआ
इस अवसर पर समाधि मंदिर एवं प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया।समारोह के समापन अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक तथा जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं और गणमान्य अतिथियों ने गुरुदेव के समाधि स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

तीन दिवसीय इस आयोजन में देशभर से संत-महात्मा, धर्मगुरु, सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक नेतृत्व शामिल हुआ। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र चेतना, सनातन संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा और मानव सेवा जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गंगा तट पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि इस पावन अवसर पर उपस्थित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने मां गंगा को नमन करते हुए ऋषि-मुनियों की परंपरा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि भले ही शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और जीवन दर्शन समाज को निरंतर मार्गदर्शन दे रहे हैं। प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा उनके जीवन मूल्यों और विचारधारा को पुनः जागृत करने का प्रतीक है।

 

उन्होंने कहा कि हरिद्वार केवल एक तीर्थस्थल नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना का केंद्र है, जहां से भारतीय संस्कृति की अखंड धारा प्रवाहित होती है। राष्ट्र की सुरक्षा केवल भौगोलिक सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि उसकी सांस्कृतिक जड़ों की रक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने सनातन संस्कृति, अद्वैत वेदांत, भक्ति परंपरा और गुरु-शिष्य संवाद को भारत की आत्मा बताया।

उन्होंने कहा कि आधुनिकता और संस्कृति एक-दूसरे की पूरक हैं। यदि तकनीकी ज्ञान के साथ संस्कार जुड़े हों तो राष्ट्र को कोई भी कमजोर नहीं कर सकता। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि उत्तराखंड में सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि ने आध्यात्मिक साधना को समाज सेवा से जोड़कर एक विशिष्ट जीवन दर्शन प्रस्तुत किया। भारत माता मंदिर की स्थापना के माध्यम से उन्होंने राष्ट्र प्रेम और सांस्कृतिक गौरव को मूर्त रूप दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति और विरासत को वैश्विक पहचान मिल रही है तथा उत्तराखंड विकास और विरासत के संतुलन के साथ आगे बढ़ रहा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि सनातन परंपरा के सशक्त ध्वजवाहक थे। करुणा, मैत्री और राष्ट्रभक्ति उनके जीवन के मूल मूल्य रहे। उन्होंने भारत माता मंदिर को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह मंदिर जाति, क्षेत्र और भाषा की सीमाओं से ऊपर उठकर पूरे भारत को एक सूत्र में बांधता है।
हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भारत माता मंदिर की स्थापना दूरदर्शी राष्ट्र मंदिर की अवधारणा के साथ की गई थी, जिसे अब और अधिक सशक्त स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने चारधाम मार्गों पर चिकित्सीय सेवाएं देने वाले चिकित्सकों की सराहना करते हुए इसे सच्ची राष्ट्र सेवा बताया।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि राष्ट्र, धर्म और मानव चेतना के अमर पथप्रदर्शक थे। उनका जीवन सनातन संस्कृति, राष्ट्र धर्म और मानव कल्याण को समर्पित रहा।

केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि संत समाज से उन्हें सदैव प्रेरणा और मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा है तथा इस आयोजन में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

कार्यक्रम में आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि महाराज, कार्ष्णि पीठाधीश्वर स्वामी गुरु शरणानंद महाराज, उप मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश बृजेश पाठक, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सूबे में भी शुरू होगी सहकारिता आधारित भारत टैक्सी सेवा: डॉ धन सिंह रावत

0

ड्राइवर को मिलेगा पूर्ण स्वामित्व, सुरक्षा और सम्मान

देहरादून 6 फरवरी 2026

उत्तराखंड में सहकारिता आंदोलन को एक नई और सशक्त दिशा देते हुए राज्य में शीघ्र ही सहकारिता आधारित टैक्सी सेवा की शुरुआत की जाएगी। यह जानकारी उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दी। उन्होंने बताया कि यह पहल केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय की ‘भारत टैक्सी’ सेवा से प्रेरित है, जिसका शुभारंभ गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा किया गया।

केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सहकारिता के तहत नई पहल करते हुये ‘भारत टैक्सी’ योजना का शुभारंभ किया, जिसमें टैक्सी चालकों को केवल चालक नहीं बल्कि वाहन और सेवा का वास्तविक स्वामी बनाया गया है। इस सहकारी मॉडल का उद्देश्य बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों की तरह कमीशन आधारित पूंजी निर्माण नहीं, बल्कि सारथियों को उनके मुनाफे का अधिकार देकर उनकी आय, सुरक्षा और आत्मसम्मान को सुदृढ़ करना है।

*उत्तराखंड में सहकार टैक्सी की अपार संभावनाएं*
सूबे के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ अब तेजी से पर्यटन, तीर्थाटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी उभर रहा है। राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था और शांत वातावरण के कारण देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि
चारधाम यात्रा में प्रतिवर्ष 30 लाख से अधिक श्रद्धालु उत्तराखंड आते हैं,
जबकि पिछले वर्ष एक आंकड़े के अनुसार 4 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक राज्य में पहुंचे, जो अब तक का रिकॉर्ड माना जा रहा है।
इन पर्यटकों में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक भी शामिल रहे।

डॉ. रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा उत्तराखंड के धार्मिक, पर्यटन और सांस्कृतिक स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार प्रमोट किया जा रहा है, जिससे राज्य में तीर्थाटन, पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग के क्षेत्र में निरंतर वृद्धि हो रही है। ऐसे परिदृश्य में सहकारिता आधारित टैक्सी सेवा उत्तराखंड के लिए आर्थिक, सामाजिक और रोजगार सृजन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।

सहकारिता मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित सहकार टैक्सी योजना के अंतर्गत सारथी भाई-बहनों के लिए
स्वामित्व (Swamitva), सुरक्षा (Suraksha), सामाजिक कवच और सम्मान (Samman) को केंद्र में रखकर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा
“सहकारिता आधारित टैक्सी योजना को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। शीघ्र ही इसका विस्तृत रोडमैप तैयार कर उत्तराखंड में सहकार टैक्सी योजना को धरातल पर उतारा जाएगा।”

डॉ. धन सिंह रावत ने यह भी बताया कि इस योजना को चार पहिया, तीन पहिया और दो पहिया टैक्सी वाहनों के साथ जोड़ा जाएगा, जिससे शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ पर्वतीय और ग्रामीण इलाकों में भी स्थानीय युवाओं और चालकों को सीधा लाभ मिलेगा।

सहकारिता आधारित टैक्सी सेवा से न केवल टैक्सी चालकों को आर्थिक सशक्तिकरण मिलेगा, बल्कि यह योजना उत्तराखंड में बढ़ते पर्यटन, चारधाम यात्रा और वेडिंग डेस्टिनेशन गतिविधियों को भी संगठित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर सहकारी ढांचे से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।

*वी.पी. सिंह बिष्ट*
जनसंपर्क अधिकारी/मीडिया प्रभारी
माननीय सहकारिता मंत्री

जन समस्याओं की अवहेलना हुई तो नपेंगे अफसर  : रेखा आर्या

0

सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ग्वालकोट में “जन-जन की सरकार जन जन के द्वार” आयोजित

*400 से ज्यादा लोग हुए लाभान्वित*

सोमेश्वर/अल्मोड़ा, 6 फरवरी।
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि अगर कोई अधिकारी जन समस्याओं की अनदेखी करेगा तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।
हमारी सरकार हर नागरिक की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता का यही विश्वास भारतीय जनता पार्टी की नीतियों का आधार है।

सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ग्वालाकोट में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में 500 से अधिक लोगों की सहभागिता रही, जबकि 95 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

रेखा आर्या ने बताया कि जन समस्याओं में मुख्य रूप से टूटी नालियां, सड़कें, पेंशन, फसल सुरक्षा के लिए तारबाड़, पेयजल, राशन कार्ड और खेल मैदान निर्माण जैसी मांगें सामने आईं। उन्होंने मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों से इन समस्याओं पर तत्काल जवाब मांगा और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

मंत्री ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समय पर निस्तारण नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्यक्रम में जो समस्याएं सामने आई हैं, वे अगले किसी कार्यक्रम में दोहराई नहीं जानी चाहिए।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए थे, जहां लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
इस दौरान चार पात्र महिलाओं —
यमुना आर्या, मीनाक्षी नहाल, पिंकी और गायत्री देवी — को महालक्ष्मी किट वितरित की गई।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, ब्लॉक प्रमुख हवालबाग हिमानी कुंडू, मंडल अध्यक्ष स्याही देवी गणेश जलाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, मनोहर सिंह, जानकी, देवेंद्र सिंह नयाल, वीरेंद्र, आनंद डंगवाल, चंदन प्रकाश, देवेंद्र मेहरा, प्रदीप नगरकोटी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में 10 फरवरी को  निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में उठाएं सुविधाओं का लाभ

0

दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के पूजनीय श्री महंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जन्मदिवस (प्रकटोत्सव 10 फरवरी) के उपलक्ष्य में कैंप में मिलेंगी निःशुल्क सुविधाएं

7, 8, 9 फरवरी को सुबह 09 बजे से शाम 05 बजे तक सुपरस्पेशलिटी सेवाओं के लिए कराएं रजिस्ट्रेशन
ऽ शिविर में एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सभी तरह के लैब टैस्ट, सभी प्रोसीजर एवम् 3 दिन की दवाईयां निःशुल्क मिलेंगी
देहरादून। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन एवं पूजनीय श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जन्मदिवस (प्रकटोत्सव 10 फरवरी) के पावन अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून द्वारा 10 फरवरी 2026 (मंगलवार) को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसे इस वर्ष सेवा दिवस के रूप में श्रद्धा, सेवा और समर्पण की भावना के साथ मनाया जाएगा। इस शिविर में जनरल चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ सभी सुपरस्पेशलिटी सेवाएं भी पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर के लिए पंजीकरण सुबह 08 बजे से प्रारंभ होगा, जबकि मरीज सुबह 09 बजे से दोपहर 03 बजे तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि पूजनीय श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के प्रकटोत्सव को सेवा दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक उच्चस्तरीय एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि सुपरस्पेशलिटी सेवाओं के लिए 7, 8 एवं 9 फरवरी को सुबह 09 बजे से शाम 05 बजे तक पूर्व पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके लिए मरीज मोबाइल नंबर 9389922423 पर संपर्क कर सकते हैं, जबकि सामान्य विभागों के लिए 10 फरवरी को शिविर स्थल पर सीधे पंजीकरण किया जाएगा।
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के अंतर्गत एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सभी प्रकार की लैब जांचें एवं आवश्यक चिकित्सकीय प्रोसीजर बिना किसी शुल्क के किए जाएंगे। शिविर में पंजीकृत मरीजों के ऑपरेशन एवं अन्य चिकित्सा प्रक्रियाएं भी पूर्णतः निःशुल्क संपन्न कराई जाएंगी। शिविर मंे डाॅक्टरों से परामर्श लेने के बाद मरीजों को 3 दिनों की दवाईयाँ निःशुल्क वितरित की जाएंगी।
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा आयोजित यह सेवा दिवस जनकल्याण, मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का सशक्त प्रतीक है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।

परीक्षा पे चर्चा: स्कूली परीक्षा चुनौती नहीं बल्कि परिपक्व होने का एक पड़ाव:-  सीएम धामी 

0

 

‘परीक्षा पे चर्चा’ केवल संवाद नहीं, बल्कि बन चुका है राष्ट्रीय आंदोलन : सीएम धामी

सीएम धामी परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में हुए शामिल

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेशविला रोड स्थित सेंट एंग्नेस स्कूल में प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री जी के परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण से जुड़ा है। यह आयोजन अब केवल संवाद नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है।

प्रधानमंत्री का संदेश हमें यह सिखाता है कि परीक्षा जीवन की एक कड़ी हो सकती है, लेकिन सम्पूर्ण जीवन नहीं।
मुख्यमंत्री ने अपने स्कूली जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्कूल का समय अमूल्य होता है, जो दोबारा लौटकर नहीं आता। इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी निरंतर प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा एक अवसर है, जिसमें छात्र एक योद्धा की तरह पूरे आत्मविश्वास, धैर्य और शांति के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं। केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना ही काबिलियत नहीं, जीवन में और भी अनेक लक्ष्य होते हैं।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से लक्ष्य तय कर प्राथमिकताओं के साथ आगे बढ़ने तथा परीक्षा के दबाव से मुक्त रहकर सकारात्मक सोच के साथ सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें और उनकी तुलना दूसरों से न करें।

संदर्भित है कि परीक्षा पे चर्चा 2026 के अंतर्गत देशभर में चार करोड़ से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने पंजीकरण किया है, जिससे पूर्व का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी टूटने जा रहा है। उत्तराखंड राज्य से इस वर्ष लगभग 7 लाख विद्यार्थी, 53 हजार से अधिक शिक्षक एवं 14 हजार से अधिक अभिभावक जुड़े हैं, जबकि गत वर्ष यह संख्या 2 लाख 98 हजार विद्यार्थियों तक सीमित थी।

राज्य के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए 10 प्रेरक वीडियो में से एक वीडियो राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुआ है, जो राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाला कुराली, विकासखंड जखोली, जनपद रुद्रप्रयाग के छात्र रोहन सिंह राणा द्वारा तैयार किया गया है। रोहन सिंह राणा को प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम में दिल्ली आमंत्रित किया गया है, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक शिक्षा सुश्री दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति में अध्ययन के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान पर भी दिया गया विशेष बल : योगी आदित्यनाथ

0

 

भौतिक विकास के साथ-साथ संस्कारयुक्त शिक्षा से होगा राष्ट्र निर्माण : योगी आदित्यनाथ

भौतिक विकास के साथ-साथ संस्कारयुक्त शिक्षा से होगा राष्ट्र निर्माण : योगी आदित्यनाथ

पौड़ी गढ़वाल। आज इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित दो मंजिला भवन के उद्घाटन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यमकेश्वर पहुंचे। कार्यक्रम से पूर्व दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इसके पश्चात दोनों नेताओं ने इंटर कॉलेज जमकेश्वर के नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्रियों के यमकेश्वर आगमन पर कार्यक्रम स्थल पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा स्वागत किया गया।इस दौरान इंटर कॉलेज यमकेश्वर के परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भौतिक विकास जीवन का अंतिम उद्देश्य नहीं है, बल्कि यह केवल तात्कालिक आवश्यकताओं की पूर्ति का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक संजोने का भी कार्य करें। उन्होंने पौराणिक गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरुकुल पद्धति व्यक्ति को सशक्त, संस्कारवान एवं पारंगत बनाने का प्रभावी माध्यम थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें अध्ययन के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान पर भी विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित की गई है, उसी प्रकार शिक्षण की गुणवत्ता भी उच्च होनी चाहिए। शिक्षा को संस्कारों से जोड़ते हुए उन्होंने सकारात्मक सोच के साथ देश व प्रदेश के हित में कार्य करने का आह्वान किया।

खेल में कैरियर बनाएं पहाड़ के युवा : रेखा आर्या

0

 

सोमेश्वर के गोविंदपुर में क्रिकेट टूर्नामेंट विजेताओं को किया सम्मानित

*सोमेश्वर/अल्मोड़ा, 5 फरवरी।* खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के गांव गोविंदपुर में आयोजित मकर संक्रांति क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश में खेल ढांचे का लगातार विस्तार किया जा रहा है और अब दूर दराज की गांव में भी खेल मैदान और मिनी स्टेडियम बनाने पर सरकार का फोकस है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति विकसित हो रही है और ऐसे में पहाड़ी क्षेत्र के युवाओं को खेल को करियर के रूप में अपनाना चाहिए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों के लिए पदक जीतने पर आउट ऑफ टर्न जॉब और सरकारी नौकरियों में चार प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था कर दी है। जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अब अपने करियर को लेकर चिंतित होने की जरूरत नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने टूर्नामेंट की विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया । इसके साथ ही पिछले दिनों राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले युवाओं को भी मेडल पहनकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, जिला पंचायत सदस्य पुष्पा आर्य, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, गोपाल खोलिया, अशोक जलाल, राहुल खोलिया, गणेश अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

*17 गांव के खिलाड़ियों को बांटी क्रिकेट किट*

सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के कंडारकुआं मंडल में दीपाधार मंदिर प्रांगण में आसपास के 17 गांवों के युवक मंगल दल एवं क्रिकेट खेलने वाले युवाओं को क्रिकेट किट वितरित की गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि युवा जब खेलकूद की गतिविधियों से जुड़ते हैं तो इससे न केवल नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, बल्कि युवाओं का शारीरिक व मानसिक विकास भी बेहतर होता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव-गांव तक विकास की योजनाएं पहुंचा रही है और सोमेश्वर क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में विकास कार्य कराए गए हैं।

इस अवसर पर भुवन जोशी, हरीश परिहार, गोपाल सती, भुवन फर्त्याल, दीवान नेगी, जानकी, गोपाल राम, त्रिलोक सिंह रावत, भूपाल परिहार, धन सिंह रावत, तारा सिंह परिहार, विशन सिंह कन्वाल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

सरकार आपके द्वारः न्याय पंचायत द्वारा में प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने सुनी जन समस्याएं

0

जनहित में बडी पहलः दिव्यांग प्रमाण पत्र, 18 आधार अपडेशन, 07 आयुष्मान कार्ड मौके पर निर्गत

*मां खेडा सूरी कृषि स्वयं सहायता समूह को 80 प्रतिशत अनुदान पर 02 पावर विडर, 03 चाफ कटर तथा 03 आटा चक्की वितरण*

*जय माता महालक्ष्मी स्वयं सहायता समूह को 5 लाख का ऋण, चार किसानों को भी 1-1 लाख का ऋण वितरण*

*द्वारा बहुउदेशीय शिविरः 587 लाभार्थियों को मिला सेवाओं का लाभ*

*345 निःशुल्क स्वास्थ्य जांच से लेकर औषधि वितरण, शिविर में मिला संपूर्ण स्वास्थ्य लाभ,*

*मौके पर निस्तारण की मिसालः 80 में से 35 शिकायतों का ऑन द स्पॉट समाधान*

*स्थानीयों की शिकायत पर मालदेवता-द्वारा मार्ग पर नशे और अराजकता के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश*

*देहरादून। ‘‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’’ प्रशासन गांव की ओर अभियान के अंतर्गत गुरूवार को विकासखंड रायपुर के न्याय पंचायत द्वारा के जन मिलन केंद्र में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रभारी मंत्री श्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव श्री आर0 मीनाक्षी सुन्दरम् एवं जिलाधिकारी श्री सविन बंसल ने क्षेत्रीय जनता की समस्याएँ सुनी तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से 587 लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया। शिविर से पहले प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने ग्राम पंचायत द्वारा में आंगनबाड़ी केंद्र और राजकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते हुए शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

द्वारा में आयोजित शिविर के दौरान कृषि विभाग द्वारा 80 प्रतिशत अनुदान पर मां खेडा सूरी कृषि स्वयं सहायता समूह ग्राम काण्डा से जुड़े 11 किसानों को 02 पावर विडर, 03 चाफ कटर तथा 03 आटा चक्की प्रदान की गई।

साधन सहकारी समिति सरोना द्वारा जय माता महालक्ष्मी स्वयं सहायता समूह को 05 लाख और कृषक जयराम सिंह, बलदेव सिंह, वीरेन्द्र सिंह व दर्शन सिंह को 1-1 लाख रूपए का ऋण वितरण किया गया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा 05 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट एवं 10 बालिकाओं को किशोरी किट वितरित की गई।

समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री दिव्यांशा केंद्र देहरादून के सहयोग से एडिप एवं राष्ट्रीय व्योश्री योजना के अंतर्गत 72 वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजनों को 04 व्हील चेयर सहित 205 सहायक उपकरण निशुल्क वितरित किए गए।

प्रभारी मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार अंत्योदय की भावना से कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सुगमता से सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत सम्पूर्ण प्रशासनिक अमला सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में पहुँचकर आमजन को योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान कर रहा है। उन्होंने बताया कि बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से अब तक हजारों लोगों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें राहत प्रदान की गई है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि अधिकांश समस्याएँ ग्राम एवं तहसील स्तर की होती हैं, जो जानकारी के अभाव में अनावश्यक रूप से लंबित रह जाती हैं। उन्होंने ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे ग्रामीण स्तर पर सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करें। प्रभारी मंत्री ने बताया कि विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण (वीबी-जी रामजी) के अंतर्गत अवस्थापना सुविधाओं से संबंधित कार्यों के माध्यम से ग्रामों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।

विधायक रायपुर श्री उमेश शर्मा (काऊ) ने मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जन-जन की सरकार कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों से क्षेत्रीय जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों का जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री एवं विधायक द्वारा शिविर में लगे विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ भी ली गई।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने प्रभारी मंत्री, क्षेत्रीय विधायक एवं प्रमुख सचिव को आश्वस्त किया कि शिविर में प्राप्त समस्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

शिविर में क्षेत्रीय जनता द्वारा कुल 80 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 35 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। क्षेत्रवासियों द्वारा मालदेवता से द्वारा मोटर मार्ग पर बाहरी व्यक्तियों द्वारा नशा करने तथा स्थानीय नागरिकों एवं महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायत पर क्षेत्राधिकारी (पुलिस) को विशेष चेकिंग अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

द्वारा ग्राम प्रधान अनुराधा ने मालदेवता से द्वारा मोटर मार्ग पर पुलिया निर्माण, बनगांव द्वारा में जर्जर पेयजल टैंक की मरम्मत एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समोली द्वारा के उच्चीकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

राजकीय प्राथमिक विद्यालय को सेंटर फॉर एक्सीलेंस बनाने हेतु शिक्षा विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। ग्राम जोलियों में आंगनबाड़ी भवन, सड़क, पेयजल टैंक एवं सोलर लाइट की मांग रखी गई। समोली, ठिक्कर व बगोल में पेयजल समस्या के समाधान हेतु जल संस्थान को निर्देश दिए गए।

सेमतवाला मार्ग के सुधारीकरण, तुलसीखाला जल स्रोत संरक्षण, सौडा-द्वारा मार्ग पर नाली निर्माण तथा जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा हेतु घेरवाड़ निर्माण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम प्रधान अखंडवाली द्वारा जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा हेतु घेरवाड़ निर्माण की मांग पर प्रभागीय वनाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एलोपैथिक में 152, होम्योपैथिक में 117 तथा आयुर्वेदिक में 76 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में एक दिव्यांग प्रमाण पत्र निर्गत किया गया तथा 11 आयुष्मान कार्ड एवं 18 आधार कार्ड अपडेट किए गए।

कृषि विभाग द्वारा 75, उद्यान विभाग द्वारा 45 कृषकों तथा पशुपालन विभाग द्वारा 27 पशुपालकों को पशु औषधियाँ वितरित की गईं। समाज कल्याण विभाग द्वारा 52 सामाजिक पेंशन स्वीकृत कर ऑनलाइन की गईं। जिला पूर्ति विभाग द्वारा 06 राशन कार्डों की ई-केवाईसी तथा 09 राशन कार्डों में यूनिट वृद्धि की गई। पंचायत राज विभाग द्वारा 37 राशन कार्ड संशोधन, 05 पीएम किसान तथा 06 परिवार रजिस्टर की नकल जारी की गई।

राजस्व विभाग द्वारा 43 खाता-खतौनी, आय एवं स्थायी प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अतिरिक्त सेवायोजन (07), उरेडा 30, उद्योग (04), डेयरी (35), मत्स्य (12), पीएनबी (02), शिक्षा (18) एवं पर्यटन (07) विभागों के लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिवर में प्रमुख सचिव आर0 मीनाक्षी सुन्दरम्, जिलाधिकारी सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, प्रभागीय वनाधिकारी अमित कवंर, उप जिलाधिकारी हरिगिरी, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एमके शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढ़ौडियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला पर्यटन अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय, सीएओ देवेन्द शर्मा, कृषि भूसंरक्षण अधिकारी अशोक गिरी आदि सहित ब्लाक प्रमुख रायपुर सरोजनी जवाडी, भाजपा मंडल अध्यक्ष उज्जवल नेगी, महा मंत्री महेन्द्र पुण्डिर शेखर बरमोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य द्वारा गुरूंग शिशिर कान्त पुष्पेन्द्र, ग्राम प्रधान द्वारा अनुराधा अन्य जन प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक बडी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

जिला सूचना अधिकारी, देहरादून।

प्रशासन गांव की ओर: कोरूवा में एसडीएम डॉ0 हर्षिता सिंह ने सुनी जन समस्याएं

0

कोरूवा बहुउद्देशीय शिविरः 506 लाभार्थियों को मिला सेवाओं का लाभ

208 निःशुल्क स्वास्थ्य जांच से लेकर औषधि वितरण, शिविर में मिला संपूर्ण स्वास्थ्य लाभ,

*08 आधार अपडेशन, 10 आयुष्मान कार्ड व 08 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरण*

*शिविर में दर्ज 43 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर समाधान*

*देहरादून । ‘प्रशासन गांव की ओर’ अभियान के अंतर्गत गुरुवार को विकासखंड कालसी के न्याय पंचायत कोरूवा में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उप जिलाधिकारी डॉ0 हर्षिता सिंह ने क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनी तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से 506 लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया।

शिविर के दौरान स्थानीय नागरिकों द्वारा उप जिलाधिकारी डॉ. हर्षिता के समक्ष कुल 43 जनशिकायतें प्रस्तुत की गईं। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से संबंधित 23 शिकायतें सर्वाधिक रहीं। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग एवं पेयजल विभाग से 5-5, सिंचाई विभाग से 3, तथा शिक्षा विभाग से 2 शिकायतें प्राप्त हुईं। वहीं विद्युत, उद्यान, दूरसंचार, समाज कल्याण एवं खाद्य आपूर्ति विभाग से संबंधित 1-1 शिकायत दर्ज की गई।

उप जिलाधिकारी ने सभी जनशिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब को कदापि स्वीकार नहीं किया जाएगा। उप जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करें, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान उन्होंने विभागीय स्टालों का निरीक्षण भी किया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एलोपैथिक में 105 तथा आयुर्वेदिक में 103 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में 08 आधार अपडेशन, 10 आयुष्मान कार्ड व 08 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरण भी किया गया। कृषि विभाग द्वारा 85, उद्यान विभाग द्वारा 14 कृषकों को कृषि उपकरण तथा पशुपालन विभाग द्वारा 69 पशुपालकों को पशु औषधियाँ वितरित की गईं। समाज कल्याण विभाग द्वारा 03 सामाजिक पेंशन स्वीकृत कर ऑनलाइन की गईं। जिला पूर्ति विभाग द्वारा 20 राशन कार्डों की ई-केवाईसी तथा 10 राशन कार्डों में यूनिट वृद्धि की गई। पंचायती राज विभाग द्वारा जन्म, मृत्यु, यूसीसी, पेंशन व परिवार रजिस्टर संशोधन के 66 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। राजस्व विभाग द्वारा 10 खाता-खतौनी, आय एवं स्थायी प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अतिरिक्त ग्राम्य विकास 20, डेरी 12, बैंकिग सेवा 45, श्रम 12, कौशल विकास एवं सेवायोजन 10 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में ब्लाक प्रमुख सावित्री चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य महेन्द्र तोमर, प्रतिभा चौहान, सूरज तोमर, ममता राणा, ग्राम प्रधान विनिता देवी, सारदा चौहान, सविता राणा, दयानंद जोशी, रिया चौहान, बबीता देवी, अमित सिंह तोमर, प्रीती चौहान, विवेक रावत, राकेश नेगी, सुनीता देवी सहित तहसीलदार प्रदीप नेगी, खंड विकास अधिकारी जगत सिंह एवं अन्य विभागीय अधिकारी एवं बडी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

जिला सूचना अधिकारी, देहरादून।

विश्व कैंसर दिवस पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने चलाया जनजागरूकता अभियान

0

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, एसजीआरआर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज तथा कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में 4 फरवरी 2026 को विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में एक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। ऑन्कोलॉजी विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर की रोकथाम, शीघ्र पहचान तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति जन-जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ नर्सिंग छात्रा द्वारा स्वागत संबोधन के साथ किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि डॉ. पंकज गर्ग एवं डॉ. मनोज गुप्ता , डाॅ रचित आहूजा संकाय सदस्य, निर्णायक मंडल और छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया। वक्ता ने विश्व कैंसर दिवस के महत्व तथा कैंसर जागरूकता और रोकथाम में नर्सों की भूमिका पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात विश्व कैंसर दिवस की थीम की विस्तृत जानकारी दी गई, जिसमें कैंसर के वैश्विक प्रभाव, शीघ्र निदान की आवश्यकता और कैंसर से होने वाली मृत्यु दर को कम करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि का परिचय एवं सम्मान किया गया, जिन्होंने अपने संबोधन में कैंसर की रोकथाम, प्रारंभिक जांच, जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव तथा सामुदायिक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
नर्सिंग छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रोल प्ले के माध्यम से कैंसर के कारणों, प्रारंभिक लक्षणों, भ्रांतियों और समय पर उपचार के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके बाद स्वास्थ्य शिक्षा सत्र में सामान्य कैंसर, जोखिम कारक, बचाव के उपाय एवं उपलब्ध स्क्रीनिंग कार्यक्रमों की जानकारी दी गई, जिसमें चार्ट और पोस्टर का भी उपयोग किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता और मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने कैंसर जागरूकता, रोकथाम और शीघ्र पहचान से संबंधित रचनात्मक पोस्टर एवं मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायकों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि, कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) जी. रामलक्ष्मी, मेडिकल सर्जिकल नर्सिंग विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पोनमारी के., संकाय सदस्यों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। यह कार्यक्रम अपने उद्देश्यों में सफल रहा और कैंसर जागरूकता के साथ-साथ नर्सिंग छात्रों की सामुदायिक स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण भूमिका को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध हुआ।
बाॅक्स समाचार
कैंसर जागरूकता व्याख्यान कार्यक्रम में
विशेषज्ञों ने सांझा की महत्वपूर्णं जानकारियां
विश्व कैंसर दिवस 2026 के अवसर पर दून सैनिक संस्थान, देहरादून में मुख्यालय उत्तराखंड उप क्षेत्र के तत्वावधान में मिलिट्री हॉस्पिटल देहरादून द्वारा कैंसर जागरूकता व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वैश्विक थीम “यूनाइटेड बाय यूनिक” के अनुरूप आयोजित किया गया, जो व्यक्ति-केंद्रित कैंसर देखभाल तथा प्रत्येक कैंसर यात्रा की विशिष्टता पर बल देती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रिगेडियर प्रफुल्ल मोहन, कमांडेंट, मिलिट्री हॉस्पिटल देहरादून के उद्घाटन संबोधन से हुआ। उन्होंने कैंसर के बढ़ते बोझ पर प्रकाश डालते हुए जागरूकता, शीघ्र निदान तथा समय पर चिकित्सकीय हस्तक्षेप के महत्व पर बल दिया।
“कैंसर क्यों महत्वपूर्ण है और जागरूकता क्यों आवश्यक है” विषय पर जागरूकता व्याख्यान डॉ. पंकज गर्ग, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, शल्य ऑन्कोलॉजी विभाग, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल देहरादून द्वारा दिया गया। उन्होंने कैंसर के प्रारंभिक चेतावनी संकेतों पर प्रकाश डाला तथा इससे जुड़े भय और सामाजिक कलंक को दूर करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके पश्चात “तीन सबसे सामान्य कैंसर से निपटना” विषय पर एक सत्र आयोजित किया गया, जिसे डॉ. पल्लवी कौल, एसोसिएट प्रोफेसर, एवं डॉ. कनिका कपूर, असिस्टेंट प्रोफेसर, शल्य ऑन्कोलॉजी विभाग, देहरादून द्वारा संचालित किया गया। इस सत्र में प्रचलित कैंसर, उनके जोखिम कारक, लक्षण, स्क्रीनिंग प्रक्रियाएँ तथा निवारक उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कैंसर सर्वाइवरों के अनुभव साझा सत्र भी शामिल थे, जिन्होंने साहस, दृढ़ता और आशा के संदेश देकर श्रोताओं को प्रेरित किया तथा शीघ्र पहचान और समय पर उपचार के महत्व को रेखांकित किया। स्वस्थ जीवनशैली और कैंसर रोकथाम विषय पर व्याख्यान कर्नल आलोक गुप्ता, ओसी, एसएचओ द्वारा दिया गया, जिसमें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तंबाकू एवं शराब से परहेज तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर बल दिया गया। इंटरएक्टिव प्रश्न उत्तर सत्र एवं स्वास्थ्य प्रदर्शनी ने जागरूकता और सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ किया। कर्नल अनिल धीमान, उत्तराखंड उप क्षेत्र ने भी प्रशासनिक समन्वय में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस कार्यक्रम में सैन्य अधिकारी, जेसीओ, ओआर एवं परिवारजन उपस्थित रहे।