Home Blog Page 78

जिलाधिकारी के निर्देशन में भिक्षावृत्ति के विरुद्ध कार्रवाई; दो बालकों का रेस्क्यू

0

 

देहरादून,। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में जनपद में भिक्षावृत्ति पर प्रभावी करवाई गतिमान है । आज भिक्षावृत्ति एवं कूड़ा बीनने जैसी गतिविधियों में संलिप्त बच्चों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत भिक्षावृत्ति निरोधक टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कोलागढ़ चौक एवं पंडितवारी, चकराता रोड क्षेत्र से भिक्षावृत्ति/कूड़ा बिनने में संलिप्त दो नाबालिग बालकों को रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू के उपरांत दोनों बच्चों की नियमानुसार जनरल डायरी (GD) दर्ज की गई तथा उनका चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।
समस्त औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात दोनों बालकों को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें ‘समर्पण’ बाल संरक्षण गृह में सुरक्षित रूप से रखवाया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि भिक्षावृत्ति में लिप्त बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। बाल अधिकारों के संरक्षण हेतु संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने आमजन से भी अपील की है कि भिक्षावृत्ति को प्रोत्साहित न करें तथा यदि कहीं भी इस प्रकार की गतिविधियां दिखाई दें तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि बच्चों को सुरक्षित भविष्य प्रदान किया जा सके।

—0—-

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी देहरादून

DM की संवेदनशील पहल:  नारी निकेतन की संवासिनियों को मिला आत्मीयता व स्नेह का अनुभव

0

देहरादून: मानवीय संवेदनाओं और पुनर्वास की भावना को केंद्र में रखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में आज राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र (नारी निकेतन), देहरादून की संवासिनियों के लिए एक विशेष पिकनिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।


इस पहल के अंतर्गत नारी निकेतन की संवासिनियों को क्रॉस रोड मॉल ले जाया गया, जहाँ उन्हें बहुप्रतीक्षित फिल्म “बॉर्डर–2” दिखायी गई। इसके उपरांत संवासिनियों के लिए स्थानीय होटल में स्नेहपूर्ण वातावरण में लंच की व्यवस्था की गई। इस दौरान संवासिनियों के चेहरों पर खुशी, आत्मविश्वास एवं अपनत्व का भाव स्पष्ट रूप से झलकता रहा।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती मीना बिष्ट, नारी निकेतन की अधीक्षिका श्रीमती सोनल राणा सहित केंद्र का अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा, जिन्होंने पूरे आयोजन को सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराया।
जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में नारी निकेतन की संवासिनियों के मानसिक, सामाजिक एवं भावनात्मक सशक्तिकरण हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज की मुख्यधारा से जुड़ाव, आत्मसम्मान की अनुभूति तथा सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है।

जिलाधिकारी का मानना है कि संरक्षण गृहों में रह रही महिलाओं को यदि सम्मान, स्नेह और सामान्य सामाजिक वातावरण मिले, तो उनका पुनर्वास अधिक प्रभावी एवं सार्थक हो सकता है। जिला प्रशासन इसी भावना के साथ आगे भी ऐसे संवेदनशील एवं प्रेरणादायी प्रयास करता रहेगा।
—0—-

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी देहरादून

सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में 05 से 08 फरवरी तक सजेगा उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026

0

प्रेस क्लब देहरादून में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस, महोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत

लोकसंस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का मंच बनेगा उत्तरायणी कौथिक महोत्सव

*प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को मिलेगा ‘नंदा शिखर सम्मान’, राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित*

*वोकल फॉर लोकल को मिलेगा बढ़ावा, 13 जिलों के कारीगर लगाएंगे स्टॉल*

चार दिवसीय उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026 के संबंध में आज प्रेस क्लब, देहरादून में सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक श्रीमती गीता धामी द्वारा एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में महोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा, उद्देश्य, तिथियाँ एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अवगत कराया गया कि परेड ग्राउन्ड, देहरादून में 05 फरवरी से 08 फरवरी 2026 तक चलने वाले इस महोत्सव के माध्यम से प्रदेश के उन प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को मंच और सम्मान प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने साहस, परिश्रम, संकल्प और प्रतिभा से समाज, गांव और प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। ऐसे विशिष्ट व्यक्तित्वों को “नंदा शिखर सम्मान” से अलंकृत किया जाएगा, जो उत्तराखंड के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के करकमलों द्वारा प्रदान किया जाएगा।

महोत्सव की एक विशिष्ट पहचान यह है कि प्रदेश के 13 जनपदों से आए कारीगर, किसान, शिल्पकार, लोक कलाकार, लघु उद्यमी एवं स्वयं सहायता समूहों की बहनें एक ही मंच पर अपने उत्पादों और कला का प्रदर्शन करेंगी। लगभग 100 स्टॉल पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे प्रतिभागियों को सशक्त बाजार और आत्मनिर्भरता का अवसर प्राप्त होगा। यह पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की भावना को और मजबूती प्रदान करेगी।

महोत्सव के दौरान उत्तराखंड के पारंपरिक खानपान, स्थानीय उत्पादों, मिलेट्स, हस्तशिल्प एवं लोकसंस्कृति का जीवंत संगम देखने को मिलेगा। साथ ही बच्चों के लिए सांस्कृतिक व रचनात्मक प्रतियोगिताएँ तथा महिलाओं एवं बेटियों के लिए आत्म-सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

महोत्सव की शुरुआत कल प्रातः 11 बजे परेड ग्राउंड, देहरादून से निकलने वाली एक दिव्य एवं भव्य शोभायात्रा से होगी। इस शोभायात्रा में मां नंदा देवी एवं गोलज्यू महाराज जी के साथ अन्य देवी-देवताओं की डोलियाँ, ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ जौनसारी, गढ़वाली, कुमाऊँनी, गोर्खाली व पंजाबी वेशभूषा में लोकसंस्कृति का अनुपम दृश्य प्रस्तुत होगा।

चार दिवसीय महोत्सव के दौरान देश-प्रदेश का नाम रोशन करने वाले सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों की प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनमें नरेन्द्र सिंह नेगी, पवनदीप राजन, ललित मोहन जोशी, बी.के. सामंत, सौरभ मैठाणी, गोविंद दिगारी, खुशी जोशी, इंदर आर्या एवं रेशमा शाह सहित अनेक प्रतिष्ठित कलाकार सहभागिता करेंगे। यह महोत्सव उत्तराखंड की गौरवशाली परंपराओं, समृद्ध लोकसंस्कृति, लोककला, लोकगीतों एवं लोकजीवन के संरक्षण, संवर्धन और पुनर्जीवन का एक सशक्त प्रयास है। इसका प्रमुख उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हुए लोकविरासत को जीवंत बनाए रखना है।

अंत में देवभूमि उत्तराखंड की समस्त जनता, मीडिया बंधुओं एवं संस्कृति प्रेमियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनें, प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाएँ और उत्तराखंड की अनूठी लोकविरासत को जीवंत बनाए रखने में सहभागी बनें। इस दौरान दायित्वधारी श्री गीताराम गौड़ जी समेत फाउंडेशन से जुड़े अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।

Big Action: नशे पर प्रभावी अंकुश हेतु दून पुलिस की बड़ी कार्यवाही

0

 

सेलाकुई स्थित फार्मा सिटी कम्पनियों में पुलिस द्वारा औषधि विभाग की टीम के साथ की औचक निरीक्षण की कार्यवाही

संदिग्धता के आधार पर कंपनियों से उठाए दवाइयां के सैंपल, परीक्षण हेतु भेजे जायेंगे प्रयोगशाला

*प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने पर की जायेगी अग्रिम कार्यवाही*

*थाना सेलाकुई*

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी अधीनस्थों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए इसमें लिप्त अभियुक्तों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने तथा औषधी विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए समय-समय पर फार्मास्युटिकल कम्पनियों तथा मेडिकल स्टोरों के औचक निरीक्षण के निर्देश दिये गये हैं।

उक्त निर्देशों के अनुपालन में सेलाकुई पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए आज दिनांक: 04-02-26 को औषधि विभाग के साथ सेलाकुई क्षेत्रान्तर्गत स्थित फार्मा सिटी में स्थापित कम्पनियों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान औषधी विभाग की टीम द्वारा कम्पनियों में औषधियों की गुणवत्ता की जांच की गई, साथ ही कुछ दवाइयों के सैम्पल लिये गये, जिन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जायेगा। परीक्षण हेतु भेजी जा रही औषधियों की रिपोर्ट में संदिग्धता पाये जाने पर सम्बन्धित कम्पनी के विरूद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

*पुलिस टीम :-*
1- उ०नि० पी०डी० भट्ट, थानाध्यक्ष सेलाकुई
2- व०उ०नि० जितेंद्र कुमार
3- उ०निरी० संतोष बिष्ट (अभिसूचना इकाई)
4- हे०कां० महेंद्र

*औषधि विभाग टीम*
1- श्री मनिंदर सिंह राणा औषधि निरीक्षक

DGP ने अपराध और कानून व्यवस्था पर की हाई-लेवल समीक्षा बैठक: गंभीर मामलों में लापरवाही पर नपेंगे पुलिसकर्मी

0

 

गंभीर आपराधिक ममलों में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के विरुद्ध सख़्त कार्यवाही

*लैंड फ्रॉड मामलों में समयबद्ध और पारदर्शी कार्यवाही के निर्देश, सीओ की प्रारम्भिक होगी अनिवार्य*

सिविल मामलों में हस्तक्षेप करने वाले पुलिस कर्मियों के विरुद्ध होगी कठोर कार्यवाही*

*पुलिस कर्मियों के भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस नीति के तहत सतर्कता विभाग करे सख्त कार्यवाही- डीजीपी*

*पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड श्री दीपम सेठ* की अध्यक्षता में आज सरदार पटेल भवन स्थित सभागार में एक *महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय अपराध एवं कानून व्यवस्था समीक्षा गोष्ठी* आयोजित की गई। बैठक में पुलिस मुख्यालय के *वरिष्ठ अधिकारियों सहित गढ़वाल एवं कुमाऊँ रेंज प्रभारी सहित समस्त जनपदों, STF के वरिष्ठ/पुलिस अधीक्षक* सम्मिलित हुए।

बैठक में वर्तमान अपराध परिदृश्य, कानून व्यवस्था की स्थिति, विवेचनाओं एवं जनशिकायतों के निस्तारण की व्यापक समीक्षा कर विस्तृत दिशा-निर्देश निर्गत किये गये।

*पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा जारी प्रमुख निर्देश-*
हाल ही में जनपद देहरादून के ऋषिकेश में एक महिला की गोली मारकर हत्या करने की घटना पर लापरवाही बरतने पर *एम्स चौकी प्रभारी SI साहिल वशिष्ट* को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया है। साथ ही कोतवाली नगर, देहरादून में युवती के जघन्य हत्याकांड में प्रथम दृष्टया लापरवाही परिलक्षित होने पर *खुड़बुड़ा चौकी प्रभारी SI प्रद्युम्न नेगी* को भी निलम्बित किया गया है। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की संवेदनशीलता के दृष्टिगत दोनों प्रकरणों की *जांच SP Crime श्रीमती विशाखा अशोक भदाणे* को सौंपी गयी है। घटना में अन्य कर्मियों द्वारा शिथिलता बरते जाने की *07 दिवस* के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया है।

◼️ जनपद हरिद्वार के भगवानपुर थाना क्षेत्र में रविदास जयन्ती पर दो पक्षों में हुए संघर्ष एवं गोलीबारी की घटना में गंभीर लापरवाही पर *हल्का प्रभारी चुड़ियाला SI सूरत शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलम्बित* कर पूरे प्रकरण की जांच पुलिस अधीक्षक क्राइम, हरिद्वार श्री जितेन्द्र मेहरा को सौंपी गयी है। साथ ही घटना में अन्य पुलिस कर्मियों द्वारा लापरवाही बरते जाने की 07 दिवस के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया है।

जनपद ऊधमसिंहनगर के सुखवन्त सिंह आत्महत्या प्रकरण में भूमि सम्बन्धी मामले में पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध आरोपों के दृष्टिगत *भूमि धोखाधड़ी (लैंड फ्रॉड)* के मामलों में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्यवाही हेतु अनिवार्य रूप से *क्षेत्राधिकारी (सीओ)* स्तर पर समयबद्ध जांच के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्राधिकारी द्वारा पारदर्शी जांच करते हुए स्पष्ट रूप से सिविल अथवा क्रिमिनल प्रकृति का उल्लेख किया जाएगा। तदोपरान्त ही अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
साथ ही *लम्बित भूमि संबंधी मामलों की पुलिस मुख्यालय से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।*

माननीय मुख्यमंत्री जी के भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस महानिदेशक द्वारा *सतर्कता विभाग से भ्रष्ट आचरण करने वाले पुलिस कर्मियों* को चिन्हित कर उनके विरूद्ध कार्यवाही में तेजी लाने के लिए कहा गया है।

बैठक में *महानिदेशक, अभिसूचना एवं सुरक्षा- श्री अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक/निदेशक विजिलेंस, अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन श्री ए.पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक, पी/एम- श्रीमती विम्मी सचदेवा, पुलिस महानिरीक्षक, कुमाऊँ परिक्षेत्र- श्रीमती रिधिम अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक, दूरसंचार श्री कृष्ण कुमार वी.के., पुलिस महानिरीक्षक, साइबर श्री नीलेश आनन्द भरणे, पुलिस महानिरीक्षक, अभिसूचना एवं सुरक्षा-श्री करन सिंह नगन्याल, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र श्री सदानन्द दाते, पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक, कार्मिक- श्री योगेन्द्र रावत, श्री धीरेन्द्र गुंज्याल, पुलिस उप महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण* उपस्थित रहे।

*

योजनाओं के क्रियान्वयन में लाई जाए तेजी : मंत्री रेखा आर्या 

0

 

महिला सशक्तिकरण विभाग की भावी योजनाओं पर की तैयारी की समीक्षा

*देहरादून, 3 फरवरी।* महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विभाग के अधिकारियों को भावी योजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। कैबिनेट मंत्री ने मंगलवार को सचिवालय स्थित एफआरडीसी सभागार में योजनाओं की समीक्षा की।

बैठक में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की देखरेख के लिए जो योजना शुरू की जा रही है, उसमें यह भी सुनिश्चित किया जाए कि 18 वर्ष पूर्ण करने के बाद बच्चों का समायोजन कहां किया जाएगा। साथ ही इन बच्चों को जरूरत पड़ने पर मेडिकल सहायता कैसे मिलेगी इसकी भी व्यवस्था की जाए।

उन्होंने कहा कि केंद्र की स्पॉन्सर योजना में राज्य ने 4900 लाभार्थियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य तय किया था। अभी तक कुल 1631 लाभार्थियों का बजट केंद्र से प्राप्त हुआ है, बाकी बजट के लिए केंद्र सरकार के अधिकारियों से बात करें और बजट की व्यवस्था की जाए।

बैठक में कैबिनेट मंत्री ने “आलंबन गांव” योजना के लिए विकास नगर में उपलब्ध जमीन से संबंधित औपचारिकताएं इसी महीने पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस योजना का ड्राफ्ट तैयार करके जल्द से जल्द कैबिनेट में रखा जाए।
बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या बताया कि केंद्र की स्पॉन्सरशिप योजना में जितने लाभार्थियों को शामिल किया जा रहा है, उत्तराखंड में जरूरतमंदों की संख्या उससे कहीं ज्यादा है ।इसलिए अभी तक छूट जा रहे इन पात्र बच्चों को लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री बाल सानिध्य योजना लाई जाएगी।

बैठक में सभी जनपदों के जिला प्रोबेशन अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े थे और मंत्री ने उन सभी से विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, मोहित चौधरी, नीतू फुलेरा अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

DM Action: जिला प्रशासन ने पिटकुल को किया बैन XEN, ठेकेदार पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज

0

रोड कटिंग में मनमानी पड़ी भारी; अनुमति निरस्त, मुकदमा दर्ज मशीनरी जब्त

खुदाई मानकों के उल्लंघन से जनमानस को किया चोटिल; XEN , ठेकेदार पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज

देहरादून।  रोड कटिंग कार्य में अनुमति की शर्तों के उल्लंघन पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लिमिटेड (पिटकुल) की रोड कटिंग अनुमति निरस्त करते हुए कार्य को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है। पिटकुल की अनुमति पर बैन लगा दिया है। तथा एक्शियन एवं ठेकेदार पर मुकदमा तर्ज किया गया।
एलआईसी बिल्डिंग के पास विद्युत केबल अंडरग्राउंड कार्य में आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। जिसका संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधितों के विरुद्ध एक्शन लेने के निर्देश दिए है। जिसके परिपेक्ष में अनुमति निरस्त करते हुए। एक्शियन ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
उप जिलाधिकारी (न्याय) कुमकुम जोशी के नेतृत्व में क्यूआरटी टीम के निरीक्षण में पाया गया कि निर्धारित समय व शर्तों के विपरीत रोड कटिंग की जा रही थी, जिससे यातायात बाधित हुआ और आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ी। जिला प्रशासन ने पिटकुल को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित स्थलों पर तत्काल भरान कर सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए। निर्देशों की अवहेलना की स्थिति में संबंधित अधिशासी अभियंता, ठेकेदार व अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
अधीक्षण अभियंता (परियोजना क्रियान्वयन), पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लिमिटेड (पिटकुल) द्वारा 135 के.वी. आराघर सब-स्टेशन से निर्माणाधीन 132 के.वी. माजरा-लालतप्पड़ एलआईएलओ लाइन को भूमिगत केबिल के माध्यम से बिछाने (कुल लंबाई 1996 मीटर, 5 रोड क्रॉसिंग सहित) हेतु रोड कटिंग की अनुमति का अनुरोध पर परियोजना समन्वय समिति, जनपद देहरादून ने 19.12.2025 को आयोजित बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में अधीक्षण अभियंता, नवम वृत्त, लोक निर्माण विभाग, यमुना कॉलोनी, देहरादून / सदस्य सचिव, परियोजना समन्वय समिति द्वारा पत्र 01.01.2026 के माध्यम से निर्धारित शर्तों एवं प्रतिबंधों के अधीन 16.01.2026 से 15.02.2026 तक, रात्रि 10 बजे से प्रातः 5 बजे तक रोड कटिंग की सशर्त अनुमति प्रदान की गई थी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी के नेतृत्व में जिला प्रशासन की क्यूआरटी टीम द्वारा आईएसबीटी क्रॉसिंग एवं सहारनपुर रोड माजरा क्षेत्र में रोड कटिंग स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्यूआरटी टीम द्वारा पाया कि संबंधित एजेंसी द्वारा अनुमति आदेश में उल्लिखित शर्तों एवं प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए रोड कटिंग कार्य किया जा रहा है, जिससे आम जनमानस को भारी असुविधा, यातायात बाधा एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा अग्रिम आदेशों तक संबंधित स्थलों पर रोड कटिंग कार्य पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है तथा अनुमति निरस्त कर दी गई है। साथ ही अधीक्षण अभियंता (परियोजना क्रियान्वयन), पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लिमिटेड को निर्देशित किया गया है कि समस्त प्रभावित स्थलों पर सड़क का भरान कर यथास्थिति में रिस्टोरेशन कार्य सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शहर की सड़कों, यातायात व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा, नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
—0—

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी देहरादून

महिला कांग्रेस ने बढ़ते महिला अपराधों को लेकर एसएसपी को सौंपा ज्ञापन 

0

 

देहरादून
उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में आज महिला कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिह जी से मुलाकात कर जनपद देहरादून के ऋषिकेश, विकासनगर एवं देहरादून शहर में महिलाओं की लगातार हो रही निर्मम हत्याओं के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा।

इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि राजधानी क्षेत्र के बीचों.बीच इस प्रकार की जघन्य घटनाओं का लगातार सामने आना अत्यंत चिंताजनक और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की राजधानी में महिलाओं की नृशंस हत्याएँ राज्य की कानून.व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर करती हैं और सरकार के महिला सुरक्षा के दावों की पोल खोलती हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन घटनाओं पर प्रभावी और कठोर कार्रवाई नहीं की गईए तो ऐसी घटनाएँ देवभूमि उत्तराखंड की छवि को राष्ट्रीय स्तर पर कलंकित करने का कार्य करेंगी। महिलाओं के मन में भय और असुरक्षा का माहौल बनना किसी भी संवेदनशील समाज के लिए गंभीर चेतावनी है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि सभी मामलों की निष्पक्षए पारदर्शी एवं त्वरित जांच सुनिश्चित की जाएए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए तथा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर केवल दावों की बजाय ठोस और ज़मीनी स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जाएँ। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिला कांग्रेस प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गईए तो महिला कांग्रेस को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होना पड़ेगाए जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन.प्रशासन की होगी।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून द्वारा प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया गया कि सभी मामलों में गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है तथा महिलाओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएँगे।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड महिला कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे जिनमें महानगर अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला थापा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष नजमा खान, प्रदेश महासचिव निधि नेगी, प्रदेश महासचिव अनुराधा तिवारी, प्रदेश सचिव शोभा बडोनी, प्रदेश सचिव रेखा डींगरा, एवं राष्ट्रीय कांग्रेस महिला कॉर्डिनेटर शिवनी थपलियाल मिश्रा आदि मौजूद रहे।

ज्योति रौतेला
अध्यक्ष उत्तराखंड महिला कांग्रेस

लेखक गां में FLO मैगज़ीन 2025–26 ‘FLOCAL’ का भव्य विमोचन एवं फिल्म ‘हक़’ का विशेष प्रदर्शन

0

 

देहरादून:
फिक्की फ्लो देहरादून द्वारा लेखक गांव, थानो के सांस्कृतिक परिसर में FLO मैगज़ीन 2025–26 ‘FLOCAL’ का भव्य विमोचन किया गया। ‘FLOCAL’ की थीम वैश्विक दृष्टिकोण के साथ स्थानीय मूल्यों से जुड़ाव को दर्शाती है, जो महिलाओं की आवाज़, नेतृत्व, रचनात्मकता और सशक्तिकरण का उत्सव है। इस अवसर पर महिलाओं के साहस, निर्णय-क्षमता और आंतरिक शक्ति को दर्शाने वाली फिल्म ‘हक़’ का विशेष प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यक्रम की गरिमा को पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ की उपस्थिति ने और अधिक बढ़ाया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, सुश्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने अपने संबोधन में विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महिलाएँ अपार क्षमता, दृढ़ इच्छाशक्ति और सामर्थ्य से युक्त हैं तथा समाज और राष्ट्र के विकास में उनकी भूमिका निर्णायक है।

विशिष्ट अतिथि, लेखिका एवं लेखक गांव की निदेशक, सुश्री विदुषी पोखरियाल ने लेखक गांव के साहित्यिक, सांस्कृतिक और वैचारिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अत्यंत भावुकता के साथ लेखक गांव की यात्रा—प्राचीन मंदिर से समृद्ध पुस्तकालय तक—का वर्णन किया और इसे रचनात्मकता, आत्मचिंतन एवं विचार-विमर्श का सशक्त केंद्र बताया। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों को समझने, पहचानने और उनके प्रति सजग रहने का आह्वान किया तथा उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डॉ. गीता खन्ना, चेयरपर्सन, फिक्की फ्लो देहरादून ने कहा कि फिक्की फ्लो निरंतर प्रयास कर रहा है कि महिलाओं को न केवल बेहतर भविष्य का मार्गदर्शन मिले, बल्कि उन्हें अपनी पहचान, मंच और अवसर भी प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण ही सामाजिक प्रगति की कुंजी है।

कार्यक्रम में फिक्की फ्लो देहरादून की नेतृत्व टीम की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिनमें—

डॉ. गीता खन्ना – चेयरपर्सन

त्रिप्ती बहल – चेयरपर्सन इलेक्ट

मीनाक्षी सोती – वाइस चेयरपर्सन

स्मृति बत्ता – सेक्रेटरी

हरप्रीत कौर – ट्रेज़रर

मनीत सूरी – जॉइंट सेक्रेटरी

शालिनी धांडा – एडिटर

रूपा सोनी – को-एडिटर

इसके अतिरिक्त ममता रावत, श्रुति गुप्ता, डॉ. गिगल रस्तोगी, नम्रता शर्मा, अंजलि वर्मा, सुनीता विद्यार्थी सहित अनेक फिक्की फ्लो सदस्याएं एवं विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट महिलाएँ उपस्थित रहीं।

यह आयोजन महिलाओं की रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामूहिक शक्ति को समर्पित एक प्रेरणादायक और सार्थक पहल के रूप में संपन्न हुआ।

Action: MDDA क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न क्षेत्रों में अवैध बहुमंजिला निर्माणों पर प्राधिकरण की सख़्त कार्रवाई

0

मानचित्र स्वीकृति के बिना किए जा रहे निर्माणों पर ज़ीरो टॉलरेंस, सीलिंग अभियान रहेगा लगातार जारी

प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सहस्त्रधारा रोड एवं अन्य क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे अवैध निर्माणों पर सख़्त कार्रवाई करते हुए सीलिंग की कार्यवाही की गई है।
प्राधिकरण द्वारा सहस्त्रधारा रोड स्थित डिफेन्स एन्क्लेव, डांडा नूरीवाला क्षेत्र में आयुष तलनिया एवं सुशील तलनिया द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे अवैध बहुमंजिला निर्माण को चिन्हित किया गया था। जांच में निर्माण को नियमों के प्रतिकूल पाए जाने पर संबंधित पक्ष को पूर्व में नोटिस निर्गत किए गए थे। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक उत्तर एवं वैध मानचित्र प्रस्तुत न किए जाने के कारण उक्त अवैध निर्माण पर सीलिंग की कार्यवाही की गई। इसी क्रम में लेन संख्या-01, एकता विहार, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून में अरुण चड्ढा द्वारा किए गए अवैध निर्माण को भी प्राधिकरण की टीम द्वारा सील किया गया। मौके पर पाया गया कि निर्माण कार्य बिना स्वीकृत मानचित्र एवं नियमों की अवहेलना करते हुए किया जा रहा था, जिससे क्षेत्रीय नियोजन एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हो रहा था।
उक्त दोनों कार्यवाहियां संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देशों पर की गईं। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता उमेश वर्मा, संबंधित सुपरवाइजर तथा पर्याप्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, जिससे कार्यवाही शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराई जा सके।

इसके अतिरिक्त, प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत निर्मल बाग, ब्लॉक-सी, श्री राम रेजीडेन्सी ऋषिकेश, देहरादून में राजेश द्वारा किए जा रहे अवैध बहुमंजिला निर्माण पर भी सख़्त कार्रवाई की गई। जांच में निर्माण को नियमों के प्रतिकूल पाए जाने पर संबंधित पक्ष को पूर्व में नोटिस निर्गत किए गए थे। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक उत्तर एवं वैध मानचित्र प्रस्तुत न किए जाने के कारण उक्त अवैध निर्माण पर नियमानुसार सीलिंग की कार्यवाही अमल में लाई गई।

कार्रवाई में सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज अवर अभियंता पूनम सकलानी, अमित भारद्वाज, संबंधित सुपरवाइजर एवं पुलिस बल उपस्थित रहा।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बिना मानचित्र स्वीकृति अथवा नियमों के विपरीत किए गए निर्माण न केवल शहरी नियोजन को प्रभावित करते हैं, बल्कि जनसुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करते हैं। प्राधिकरण आम नागरिकों से अपील करता है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व प्राधिकरण से विधिवत मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें। अवैध निर्माण पाए जाने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार सीलिंग, ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी प्राधिकरण द्वारा यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा शहर को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं नियोजित बनाने के उद्देश्य से ऐसे अवैध निर्माणों के विरुद्ध सख़्त कदम उठाए जाते रहेंगे।

*उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण का बयान*
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण के विरुद्ध किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। बिना मानचित्र स्वीकृति एवं नियमों के विपरीत किए गए निर्माण शहरी नियोजन, पर्यावरण एवं जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। प्राधिकरण द्वारा ऐसे सभी मामलों में सख़्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सीलिंग एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी निर्माण से पूर्व प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सचिव मोहन सिंह बर्निया, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण का बयान*
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि अवैध निर्माण के विरुद्ध सीलिंग एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।