Home Blog Page 80

जन सहयोग और जनभागीदारी से सफल हुआ कोटद्वार ‘बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल’:  प्रकृति संरक्षण और पर्यटन को दी नई ऊर्जा

0

 

कोटद्वार बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल का भव्य समापन, विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खण्डूरी भूषण रहीं मुख्य अतिथि

कोटद्वार को बर्ड वॉचिंग डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, प्रकृति संरक्षण और पर्यटन को मिली नयी दिशा

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रदान किए गए पुरस्कार, जिलाधिकारी ने बर्ड फेस्टिवल को बताया प्रेरणादायी

कोटद्वार में आयोजित 31 जनवरी और 1 फरवरी को आयोजित दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल का भव्य एवं सफल समापन हुआ। समापन समारोह की मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्षा एवं स्थानीय विधायक ऋतु खण्डूरी भूषण रहीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के अवसर पर जिलाधिकारी ने स्मृति चिन्ह भेंट कर विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया। साथ ही राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लालपानी की छात्राओं ने लोकभाषा गढ़वाली में स्वागत गीत गाकर विधानसभा अध्यक्षा का अभिनंदन किया। विधानसभा अध्यक्षा ने वरिष्ठ फोटो पत्रकार एवं बर्डर राजू पुशोला को सम्मानित कर उनके द्वारा खींची गयी तस्वीरों से तैयार किए गए कैलेंडर का विमोचन किया। साथ ही वरिष्ठ बर्डर अजय खंतवाल तथा राजीव बिष्ट को भी सम्मानित किया गया तथा सभी बर्ड वाॅचर्स को स्मृति चिन्ह देकर अभिनंदन किया गया।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय वन्यजीव संस्थान, हमारा पिरुल हमारी पहचान, फाइन आर्ट गैलरी सहित अन्य स्टॉलों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हस्तशिल्प एवं क्राफ्ट से निर्मित घरेलू उपयोग की वस्तुओं की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार किए गए ये उत्पाद न केवल उपयोगी हैं, बल्कि अपनी कलात्मकता के कारण अत्यंत आकर्षक भी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने के साथ-साथ पारंपरिक कला को भी सहेजने का कार्य कर रहे हैं। भारतीय वन्यजीव संस्थान के स्टॉल पर प्रदर्शित विभिन्न पक्षियों की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने उनकी प्रशंसा की। वहीं, पेंटिंग के माध्यम से उकेरे गए पक्षियों के चित्रों को भी उन्होंने सराहा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने दूरबीन के माध्यम से पक्षियों का अवलोकन कर प्रकृति और जैव विविधता के संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्षा ने अपने संबोधन में कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी और बर्ड वॉचिंग न केवल मानसिक सुकून प्रदान करती है, बल्कि यह प्रकृति से जुड़ने का एक रोमांचक और रचनात्मक माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही बर्ड वॉचिंग और प्रकृति फोटोग्राफी के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, ताकि वे पर्यावरण को बेहतर ढंग से समझ सकें और उसके संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनें।

उन्होंने कहा कि मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन और सामंजस्य अत्यंत आवश्यक है। जंगलों का संरक्षण करते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ना ही सतत विकास का मार्ग है। मानव–वन्यजीव संघर्ष पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जितने आवश्यक वन्यजीव हमारे लिए हैं, उतने ही हम उनके लिए भी हैं, इसलिए इनके संरक्षण की सामूहिक जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने देशवासियों को कोटद्वार एवं आसपास की समृद्ध जैव विविधता से रूबरू होने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और प्रकृति आधारित पर्यटन को नयी दिशा मिलती है।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्षा तथा सभी बर्ड वॉचर्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दो दिवसीय बर्ड फेस्टिवल सभी के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा सौंपे गए दायित्वों के उत्कृष्ट निर्वहन की सराहना करते हुए कहा कि फेस्टिवल से बना सकारात्मक मोमेंटम बनाए रखना आवश्यक है, ताकि इसे एक स्थायी बर्ड वॉचिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा सके। जिलाधिकारी ने बताया कि सफारी वाहनों की संख्या बढ़ाने तथा इसके लिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने मीडिया के सहयोग की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में कोटद्वार एक प्रमुख बर्ड वॉचिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित होगा और बड़ी संख्या में पर्यटक यहाँ आएंगे।

फेस्टिवल के समापन अवसर पर मैराथन दौड़, पेंटिंग, क्विज़ एवं निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। मैराथन दौड़ की ओपन बालिका वर्ग की मैराथन प्रतियोगिता में काजल ने प्रथम स्थान, नव्या नेगी ने द्वितीय स्थान तथा सोनाक्षी नेगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार 16–19 आयु वर्ग (बालक) में रितिक, विजय एवं अहान ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ओपन बालक वर्ग में प्रभु ने प्रथम स्थान, अनुज ने द्वितीय स्थान तथा मोहित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

क्विज प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जीआईसी कोटडीढांग की याशिका कुंवर ने प्रथम स्थान, ब्लूमिंग वेल की मीनाक्षी ने द्वितीय स्थान, जबकि हेरिटेज एकेडमी की विदुषी रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार क्विज के जूनियर वर्ग में जे.पी. इंटर कॉलेज के आदित्य प्रथम, ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल के अंश राणा द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय काशीरामपुर के उसामा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

चित्रकला प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में ब्लूमिंग वेल पब्लिक स्कूल की अदिति बडोला प्रथम स्थान पर रहीं, ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल की कनिका तिवारी द्वितीय स्थान पर तथा जीआईसी कुंभीचौड़ के हिमांशु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार जूनियर वर्ग में ब्लूमिंग वेल पब्लिक स्कूल के आदित्य बडोला प्रथम स्थान पर रहे, हेरिटेज पब्लिक स्कूल की अमृता रावत द्वितीय स्थान पर तथा जीआईसी कुंभीचौड़ की दीक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

निबंध प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जीआईसी कुंभीचौड़ के मोहम्मद बिलाल प्रथम स्थान पर रहे, जीआईसी कोटद्वार की मानसी शाह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि हेरिटेज एकेडमी के युगरत्न नेगी तृतीय स्थान पर रहे। वहीं जूनियर वर्ग की निबंध प्रतियोगिता में राजकीय जूनियर उच्च प्राथमिक विद्यालय काशीरामपुर की सृष्टि प्रथम स्थान पर रहीं, टीसीयू पब्लिक स्कूल की सृष्टि आर्य ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय जूनियर उच्च प्राथमिक विद्यालय काशीरामपुर की अदीना तृतीय स्थान पर रहीं।

प्रभागीय वनाधिकारी लैंसडौन जीवन मोहन दगाड़े ने कार्यक्रम की सफलता के लिए विधानसभा अध्यक्षा, जिलाधिकारी, आयोजन से जुड़े समस्त विभागों, प्रतिभागियों, बर्ड वॉचर्स, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से कोटद्वार बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल को व्यापक पहचान मिली है और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों से प्रकृति संरक्षण को नयी दिशा मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, बर्ड वॉचर्स एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में फोटोग्राफी, पेंटिंग, बर्ड वॉचिंग से जुड़े विभिन्न सत्रों का आयोजन किया गया। यह आयोजन कोटद्वार को प्रकृति पर्यटन के एक उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम में पार्षद संजय भंडारी, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी, बर्ड वॉचर, स्कूल बच्चे एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

राम नाम से कांग्रेस का विरोध पुराना: रेखा आर्या

0

 

वीबी जी रामजी योजना पर आयोजित जिला सम्मेलन में शामिल हुई कैबिनेट मंत्री

नानकमत्ता/उधमसिंहनगर। रविवार को उधम सिंह नगर के नानकमत्ता स्थित प्रेम पैलेस में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने वीबी जी रामजी योजना जन जागरण जिला सम्मेलन में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रेखा आर्या ने कहा कि मनरेगा के मुकाबले यह योजना हर तरीके से बेहतर है और इसे 20 साल के अनुभव से मिली सीख के आधार पर तैयार किया गया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ इसलिए इस योजना की आलोचना कर रही है क्योंकि राम के नाम से उनका विरोध बहुत पुराना है।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि 100 के बजाय अब 125 दिन रोजगार की गारंटी, रोजगार न मिलने की स्थिति में भत्ता देने और साप्ताहिक डिजिटल भुगतान जैसे प्रावधान इस योजना को श्रमिकों के लिए बेहतर बनाते हैं।

उन्होंने कहा कि फसलों की कटाई और बुवाई के सीजन में इस योजना के तहत सार्वजनिक काम 60 दिन के लिए रोक दिए जाएंगे ताकि श्रमिक कृषि कार्य में भी काम कर सके और इस योजना के तहत भी उनके लिए रोजगार के अवसर न छूटें।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस योजना के जरिए अब सुनियोजित लक्ष्य के साथ निर्माण कार्य होंगे और यह योजना गांवों को 2047 के विकसित भारत में सहयात्री बनाएगी।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम सिंह दुरना, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, रमेश जोशी, अमित नारंग, उत्तम दत्ता, रमेश जोशी, तरुण दत्ता, विकास गुलाटी, ओम नारायण राणा, देवेंद्र सिंह, राजेश तिवारी, राजेश बजाज, रश्मि रस्तोगी, विनीत सक्सेना, बिट्टू चौहान, रवि रस्तोगी, पुष्पेंद्र राणा, विजय तोमर, रविंद्र राणा आदि उपस्थित रहे।

DM Action: जिला प्रशासन ने बड़ी कर्यवाही करते हुए गंगा में प्रवाहित हो रहे 14 भवनों का ग्रे-वाटर किया गया बंद

0

नगर निगम एवं जल संस्थान द्वारा क्षेत्र की 02 नालियों की गई टेपिंग

डीएम के ऋषिकेश दौरे का असर; 14 भवन स्वामियों पर कार्रवाई ग्रे वॉटर बंद; 2 नालिया टैपिंग

*देहरादून । जिला प्रशासन देहरादून द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना सीवर संयोजन के सीधे गंगा जी में जा रहे 14 घरों का ग्रे वॉटर बंद कर दिया है तथा 2 नालियों की टैपिंग कर दी गई है । विगत दिवस जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा चंदेश्वर नाला ऋषिकेश का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ढालवाला नाले में अपशिष्ट जल (ग्रे-वाटर) प्रवाहित होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर निगम, ऋषिकेश एवं जल संस्थान (गंगा), ऋषिकेश के अधिकारियों को नाले में छोड़े जा रहे अपशिष्ट जल के सभी पाइप तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जल संस्थान (गंगा), ऋषिकेश एवं नगर निगम, ऋषिकेश के अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि ढालवाला नाले के आसपास कुल 21 भवन स्थित हैं। इनमें से 14 भवनों का ग्रे-वाटर सीधे नाले में जा रहा था, जबकि शेष 07 भवनों का ग्रे-वाटर विधिवत सीवर लाइन से संयोजित पाया गया।
संयुक्त निरीक्षण के उपरांत जल संस्थान ऋषिकेश द्वारा नाले में ग्रे-वाटर प्रवाहित कर रहे 14 भवनों के स्वामियों को नोटिस जारी किए गए तथा मौके पर ही उनके भवनों से नाले में जाने वाली अपशिष्ट जल निकासी को बंद कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में नगर निगम एवं जल संस्थान द्वारा क्षेत्र की 02 नालियों की भी टेपिंग कर दी गई है।
इस प्रकार अब ढालवाला नाला, चन्द्रेश्वर नगर में 14 भवनों एवं 02 नालियों से किसी भी प्रकार का ग्रे-वाटर खुले नाले में प्रवाहित नहीं हो रहा है। जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Good Initiative: श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के ‘रन फॉर कैंसर अवेयरनेस’ में डॉक्टरों ने की बढ़चढ़ की भागीदारी

0

श्री महंत इंदिरेश अस्पताल ने मिलिट्री अस्पताल संग दिया कैंसर जागरूकता का सन्देश

*श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के चेयरमेन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने कैंसर जागरूकता पहल की सराहना की

*विश्व कैंसर दिवस (4 फरवरी) के उपलक्ष्य में आयोजित हुई रैली

विश्व कैंसर दिवस ( 4 फरवरी ) के उपलक्ष्य में आयोजित गतिविधियों के अंतर्गत रविवार, 1 फरवरी 2026 को उत्तराखंड सब एरिया के तत्वावधान में श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के ऑन्कोलॉजी विभाग तथा मिलिट्री हॉस्पिटल, देहरादून द्वारा संयुक्त रूप से कैंसर जागरूकता हेतु वॉकाथॉन एवं रन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन रविवार को किया गया तथा रन को ब्रिगेडियर प्रफुल मोहन, कमांडेंट, मिलिट्री हॉस्पिटल, एवं डॉ. पंकज गर्ग, विभागाध्यक्ष, ऑन्कोलॉजी विभाग, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस आयोजन में 250 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें सशस्त्र बलों के जवान, उनके परिजन, मिलिट्री हॉस्पिटल देहरादून के चिकित्सा एवं नर्सिंग अधिकारी, तथा श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के एमबीबीएस छात्र शामिल थे। इतनी व्यापक भागीदारी ने कैंसर जागरूकता और रोकथाम के प्रति समाज की बढ़ती सहभागिता और सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाया।
यह रन एक जनस्वास्थ्य ऑन्कोलॉजी पहल के रूप में आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, कैंसर की रोकथाम एवं समय पर पहचान (Early Diagnosis) के महत्व को रेखांकित करना तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करना था, ताकि समाज में कैंसर के समग्र बोझ को कम किया जा सके।


कार्यक्रम का कुशल समन्वय डॉ. कनिका कपूर एवं डॉ. पल्लवी कौल, कैंसर सर्जन, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल, तथा कर्नल एडब्ल्यू काशिफ एवं लेफ्टिनेंट कर्नल आलोक गुप्ता, मिलिट्री हॉस्पिटल द्वारा किया गया, जिससे आयोजन का संचालन सुचारु रूप से संपन्न हुआ और समुदाय की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित हुई। कार्यक्रम का सशक्त एवं पेशेवर संचालन एनबी/सब बीएस देशवाल द्वारा किया गया, जिनकी प्रस्तुति ने आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. कनिका कपूर ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कैंसर से जुड़े आम मिथकों को दूर किया तथा कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान और उपचार से संबंधित वैज्ञानिक एवं प्रमाण-आधारित तथ्यों की जानकारी दी।


रन के परिणामों में पुरुष वर्ग में 10 डोगरा रेजीमेंट के अग्निवीर लक्ष्य कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में श्रीमती कांती देवी, पत्नी सूबेदार मेजर सबल सिंह (501 इंजीनियर रेजीमेंट) ने प्रथम स्थान हासिल किया। छात्र वर्ग में एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज, देहरादून के एमबीबीएस छात्र भव्यलीन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. रचित आहूजा, डॉ. अजीत तिवारी, डॉ. दिव्या, डॉ. तेजा, डॉ. शाहनवाज़, डॉ. प्रिया, श्री संतोष, सुश्री अल्का, सुश्री शिवानी एवं सुश्री ऋतिका का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने स्वयंसेवक के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई।
श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के चेयरमेन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज, ने इस पहल की सराहना की तथा कैंसर देखभाल को सुदृढ़ करने और समाज में जागरूकता फैलाने हेतु ऑन्कोलॉजी विभाग के निरंतर प्रयासों की प्रशंसा की।

बजट 2026-27: केंद्रीय बजट देश और राज्यों के विकास को प्रदान करेगा नई दिशा, देगा आर्थिक मजबूती- सीएम धामी

0

 

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट देश और राज्यों के विकास को नई दिशा देने के साथ ही सभी वर्गों के लिए अवसरों को बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि बजट में आर्थिक विकास तेज करने, लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और सबका साथ सबका विकास सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी और समावेशी बजट के लिए बधाई देते हुए कहा कि किसानों, महिलाओं, वंचितों, युवाओं, छोटे उद्यमियों और पिछड़े वर्ग पर विशेष ध्यान दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। ये पूरे देश के साथ उत्तराखंड के लिए भी लाभकारी साबित होंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाएंगे।
बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना है। उत्तराखंड के परिपेक्ष में बजट ने पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर ध्यान केंद्रित किया है, जो विकास के लिए जरूरी है।

उन्होंने कहा कि किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और एमएसएमई के लिए किए गए बजट प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में पर्यावरण और ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और बायोफार्मा क्षेत्र में किए गए निवेश से राज्य और देश दोनों का दीर्घकालिक लाभ सुनिश्चित होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह बजट सबका साथ, सबका विकास और आत्मनिर्भर भारत के उद्देश्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ पूरी तरह सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट न केवल देश की आर्थिक ताकत को बढ़ाएगा, बल्कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी समान रूप से विकास के अवसर देगा।

केन्द्रीय बजट में शिक्षा, शोध, स्वास्थ्य व कौशल विकास पर फोकस: डॉ. धन सिंह रावत

0

देशभर कर 15,000 स्कूलों व 500 कॉलेजों में स्थापित होंगी एवीजीसी कंटेंट लैब

*डिजिटल नॉलेज ग्रिड के माध्यम से वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनेंगे युवा*

देहरादून, 1 फरवरी 2026
सूबे के शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत आम बजट 2026–27 का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट शिक्षा, शोध, स्वास्थ्य और कौशल विकास को सशक्त बनाने वाला दूरदर्शी व सर्वसमावेशी बजट है। यह बजट युवाओं को भविष्य के लिये तैयार करने के साथ-साथ भारत को वैश्विक ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

डॉ. रावत ने बताया कि केन्द्रीय बजट में शिक्षा क्षेत्र के लिये 1,39,289 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो गत वर्ष की तुलना में 8.27 प्रतिशत अधिक है। बजट में पाँच यूनिवर्सिटी टाउनशिप स्थापित करने का प्रावधान किया गया है, जहाँ शोध, स्टार्ट-अप, नवाचार और इंडस्ट्री-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। ये संस्थान विद्यार्थियों को इंडस्ट्री-रेडी बनाने पर विशेष फोकस करेंगे।

उन्होंने कहा कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजी के सहयोग से देशभर के 15,000 विद्यालयों और 500 कॉलेजों में एवीजीसी कंटेंट लैब स्थापित की जाएँगी। इसके साथ ही डिजिटल नॉलेज ग्रिड की स्थापना से छात्रों को उच्च गुणवत्ता की डिजिटल शिक्षा सामग्री उपलब्ध होगी, जिससे वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बन सकेंगे। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक जनपद में एक-एक महिला छात्रावास (गर्ल्स हॉस्टल) की स्थापना से बालिका शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इस जन-कल्याणकारी बजट के लिये प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि केन्द्रीय बजट के अनुरूप राज्य स्तर पर ठोस प्रस्ताव तैयार किये जाएँ, ताकि प्रदेशवासियों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

*वी. पी. सिंह बिष्ट*
जनसम्पर्क अधिकारी / मीडिया प्रभारी
माननीय शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री, उत्तराखण्ड सरकार।

केंद्रीय बजट 2026-27 शानदार और विकसित भारत के लक्ष्य को करने वाला है साकार: डॉ. नरेश बंसल

0

 

डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक क्षण रहा, क्योंकि आज़ाद भारत के इतिहास में पहली बार केंद्रीय बजट रविवार के दिन प्रस्तुत किया गया। यह वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी का लगातार नौवां बजट रहा, जिससे वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली देश की पहली महिला वित्त मंत्री बन गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का यह 15वां बजट है। भाजपा-नीत एनडीए सरकार के कार्यकाल में निरंतर आर्थिक विकास और नियंत्रित महंगाई देखने को मिली है।
डॉ. बंसल ने कहा कि आमजन के कल्याण को ध्यान में रखते हुए यह केंद्रीय बजट तीन संकल्पों से सुसज्जित है। वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया, जिसका कुल आकार 53.5 लाख करोड़ रुपये है, जबकि पिछले वर्ष का बजट 50.65 लाख करोड़ रुपये का था।
डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2021-22 में किए गए अपने वादे को पूरा किया है, जिसके तहत वर्ष 2025-26 तक राजकोषीय घाटे को GDP के 4.5 प्रतिशत से नीचे लाने का लक्ष्य रखा गया था। वर्ष 2025-26 के लिए राजकोषीय घाटा GDP का 4.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो बजट अनुमान (BE) के अनुरूप है। वर्ष 2026-27 में यह और घटकर GDP का 4.3 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। सरकार ने FY27 के लिए कर्ज-GDP अनुपात 55.6 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है। FY27 में 11.7 लाख करोड़ रुपये का कर्ज लिया जाएगा। 16वें वित्त आयोग की 41 प्रतिशत हिस्सेदारी की सिफारिश को भी स्वीकार किया गया है।
डॉ. बंसल ने कहा कि गरीब कल्याण के संकल्प के साथ तैयार किया गया यह बजट शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास को हर घर तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता को दोहराता है। यह बजट ऐसे भारत के निर्माण की दिशा में अग्रसर है, जहाँ अवसर सभी की पहुँच में होंगे। पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों के लिए विशेष योजनाओं का प्रावधान यह सुनिश्चित करता है कि विकास की इस यात्रा में कोई भी पीछे न छूटे। महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना और ‘एक जिला, एक उत्पाद’ पहल के समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों में स्टार्टअप्स और लघु उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि वित्त मंत्री जी ने बजट में उल्लेख किया है कि भारत में वर्ल्ड क्लास ट्रैकिंग की जब भी चर्चा होगी, उत्तराखंड का नाम शीर्ष पर होगा। मोदी सरकार एवं राज्य सरकार का विजन दुर्गम मार्गों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने का है। यह केवल एडवेंचर टूरिज्म नहीं, बल्कि प्रकृति से जुड़ने का एक आध्यात्मिक अनुभव भी है। उन्होंने कहा कि यह बजट और इससे जुड़ी योजनाएँ देश की बहनों को ‘आर्थिक शक्ति’ बनाने के लिए समर्पित हैं।
डॉ. बंसल ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक युग की आवश्यकताओं के अनुरूप ढालते हुए मोदी सरकार द्वारा Content Creator Labs का प्रस्ताव ‘विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण निवेश है। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से नया आयकर अधिनियम लागू होगा। देश के प्रत्येक जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। खेलो इंडिया मिशन प्रारंभ करने, देश में तीन नए आयुर्वेद एम्स खोलने, मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने हेतु पाँच क्षेत्रीय हब स्थापित करने, बैंकिंग सेक्टर के लिए एक हाई-लेवल कमेटी गठित करने, सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित करने, रेयर-अर्थ कॉरिडोर स्थापित करने में सहयोग, इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 लॉन्च करने, भारत को ग्लोबल बायो-फार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने तथा रोजगार सृजन हेतु अनेक कदम उठाने जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान इस बजट में किए गए हैं। साथ ही मौद्रिक स्थिरता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 का बजट ऐसे समय में प्रस्तुत किया गया है जब वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बनी हुई है। भू-राजनीतिक तनाव, कमोडिटी कीमतों में उतार-चढ़ाव, प्रमुख केंद्रीय बैंकों की असमान मौद्रिक नीतियाँ और बढ़ता व्यापार विखंडन भविष्य की संभावनाओं को प्रभावित कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए 50 प्रतिशत दंडात्मक टैरिफ से वित्तीय बाजारों में अस्थिरता देखी गई है। इसके बावजूद, आदरणीय प्रधान सेवक श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगतिपथ पर अग्रसर है। यह नया भारत है, जो अपनी चुनौतियों का समाधान स्वयं करना जानता है।
डॉ. नरेश बंसल ने विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने वाले इस विकासोन्मुख बजट के लिए आदरणीय वित्त मंत्री जी, प्रधानमंत्री जी तथा केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त किया।
द्वारा
निजी सचिव
डॉ. नरेश बंसल जी
माननीय भाजपा राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष एवं
राज्यसभा सांसद

मार्शल आर्ट में उत्तराखंड का भविष्य है उज्जवल : रेखा आर्या

0

 

नेशनल पेंचक सिलाट चैंपियनशिप के विजेताओं को किया सम्मानित

*देशभर से आए हुए 800 से ज्यादा खिलाड़ी हुए शामिल*

*देहरादून, 31 जनवरी।* खेल मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को थर्ड ऑल इंडिया पेंचक सिलाट चैंपियनशिप के विजेताओं को सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए 800 से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

परेड ग्राउंड के मल्टीपरपज हॉल में आयोजित प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि रेखा आर्या ने कहा कि मार्शल आर्ट श्रेणी के खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर होता जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भी प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडल हासिल किए हैं।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों से कहा कि वह 2030 में भारत में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम और 2036 के ओलंपिक खेलों के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ओलंपिक जैसी खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश की ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों को क्वालीफाई कराने के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अब सरकार के साथ-साथ समाज भी खेलों को प्रोत्साहित करने लगा है। जिस तरह से प्रदेश में खेल संस्कृति विकसित हो रही है, उससे स्पष्ट है कि उत्तराखंड की पहचान जल्द ही खेल भूमि के रूप में भी बन जाएगी।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने विभिन्न स्पर्धाओं में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर आयोजक संस्था के सीईओ मोहम्मद इकबाल, अध्यक्ष किशोर पावले, उत्तराखंड पेंचक सिलाट एसोसिएशन के सचिव बबलू दिवाकर, अध्यक्ष केवल किशन भारती, इंडियन पेंचक सिलाट एसोसिएशन के सचिव तारीक अहमद आदि उपस्थित रहे।

Shooting Competition: मंत्री रेखा आर्या ने अनिल नेगी स्मृति शूटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित

0

 

शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की कुंजी है खेल : रेखा आर्या

देहरादून, 31 जनवरी। उत्तरांचल प्रेस क्लब ने आज वर्ष-2026 के खेल सत्र का शुभारम्भ अनिल नेगी स्मृति शूटिंग प्रतियोगिता के आयोजन के साथ किया। प्रतियोगिता के महिला वर्ग में प्रथम स्थान रश्मि खत्री, द्वितीय स्थान नेहा बिष्ट एवं तृतीय स्थान सुलोचना पयाल ने प्राप्त किया। वहीं पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान जितेन्द्र नेगी, द्वितीय स्थान मुकेश राजपूत तथा तृतीय स्थान पवन नेगी ने हासिल किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि रेखा आर्या, कैबिनेट मंत्री (खेल), उत्तराखंड सरकार एवं अति विशिष्ट अतिथि डॉ. रचित गर्ग, वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को संतुलित रखने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और एक स्वस्थ लोकतंत्र के लिए पत्रकारों का स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पत्रकार अपने व्यस्त जीवन में भी प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल या शारीरिक गतिविधि के लिए अवश्य निकालें।
खेल मंत्री ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देती हैं, बल्कि आपसी सौहार्द, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा को भी बढ़ावा देती हैं। उन्होंने उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा लगातार खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किए जाने की सराहना की तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब सदैव पत्रकारों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकार अक्सर तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं, ऐसे में खेल गतिविधियां उन्हें स्वस्थ रखने के साथ-साथ टीम भावना और सकारात्मक सोच भी विकसित करती हैं।


उन्होंने कहा कि अनिल नेगी स्मृति शूटिंग प्रतियोगिता जैसे आयोजन पत्रकारों के बीच खेल संस्कृति को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं और क्लब वर्षभर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहेगा। अध्यक्ष अजय राणा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल ने किया।
इस अवसर पर दून इंस्टीट्यूट ऑफ शूटिंग की चेयरपर्सन मधु मारवाह, इंस्टीट्यूट के निदेशक मयंक मारवाह, कोच रोहित प्रजापति, कोच भावना के साथ ही प्रेस क्लब वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष व खेल संयोजक सोबन सिंह गुसाईं, कोषाध्यक्ष मनीेष डंगवाल, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा, मीना नेगी, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, वीरेन्द्र डंगवाल ‘पार्थ’, मनबर सिंह रावत, हिमांशु जोशी, हरीश थपलियाल सहित क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

(सोबन सिंह गुसाईं) (योगेश सेमवाल)
खेल संयोजक महामंत्री

सार्वजनिक परियोजनाओं की जमीनी हकीकत परखने QRT संग सड़कों पर उतरे डीएम सविन बंसल 

0

चकराता व कौलागढ़ रोड पर चल रहे भूमिगत परियोजनाओं का किया औचक निरीक्षण

डीएम का आदेशः पर्याप्त संसाधनों के साथ मानकों पर जल्द पूरे हो चल रहे निर्माण कार्य

*जन सुरक्षा व सुविधा सर्वोपरि, मानकों की अनदेखी हुई तो एजेंसियों के विरुद्ध जब्ती व विधिक कार्रवाई तय-डीएम*

*रात में खुदाई, सुबह तक गड्ढा भरना अनिवार्य, सुरक्षा में लापरवाही नही, साइट पर रहे बैरिकेडिंग व साइन बोर्ड*

*डीएम का आदेश, जहां कार्य पूरा, वहां आज ही हो सड़क का ब्लैकटॉप,*

देहरादून । जिलाधिकारी सविन बंसल ने शनिवार को देहरादून-चकराता एवं कौलागढ़ रोड पर विद्युत, पेयजल, सीवरेज एवं गैस पाइपलाइन को भूमिगत किए जाने हेतु संचालित निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणदायी संस्थाओं को कड़े निर्देश दिए कि सड़क कटिंग के लिए जारी अनुमति की निर्धारित समय-सीमा के भीतर समस्त संचालित कार्यो को पूर्ण करते हुए सड़क को पूर्ववत ब्लैकटॉप किया जाए, जिससे आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अनुमति से अधिक सड़क कटिंग, खुदाई अधूरी छोड़ने अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने की स्थिति में संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध जब्ती एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर रात्रि के समय सड़क खुदाई की जाए, वहां सुबह तक गड्ढा भरने का कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक खुदाई स्थल पर बैरिकेडिंग एवं चेतावनी साइनबोर्ड अनिवार्य रूप से रहे।

जिलाधिकारी ने एजेंसियों को मुख्य मार्गों पर रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक ही कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त संख्या में मैनपावर एवं मशीनरी तैनात करते हुए निर्माणाधीन परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं के कार्य निर्धारित मानकों एवं शर्तों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। जिन स्थलों पर कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां आज से ही सड़क का ब्लैकटॉप कराया जाए। निर्माण कार्यों के दौरान सड़क पर बनाए गए पिट अथवा गड्ढों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में देरी अथवा अव्यवस्था के कारण यदि जनता को असुविधा हुई तो संबंधित विभागों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस दौरान जिलाधिकारी ने यमुना कॉलोनी, बल्लूपुर चौक, किशन नगर चौक, ओएनजीसी चौक, राजेंद्र नगर एवं चकराता रोड पर रमाड से बल्लूपुर चौक तक भूमिगत विद्युत केबल, पेयजल लाइन और शहरी गैस वितरण परियोजना के अंतर्गत ओएनजीसी चौक से किशन नगर तक गैस पाइपलाइन बिछाने हेतु संचालित कार्यो का निरीक्षण किया और परियोजना के कार्यो को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम कुमकुम जोशी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह, सीओ ट्रैफिक जगदीश पंत सहित विद्युत, पेयजल, गेल, एडीबी एवं स्मार्ट सिटी परियोजना से संबंधित विभिन्न एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला सूचना अधिकारी, देहरादून।