Home Blog Page 87

पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को मिलेगा पद्म भूषण सम्मान

0

उत्तराखंडवासियों के लिए गौरव का क्षण: सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी जी को पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किए जाने की घोषणा पर हर्ष व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री भगत सिंह कोश्यारी जी को पद्म भूषण सम्मान प्रदान किए जाने की घोषणा समस्त उत्तराखंडवासियों के लिए अत्यंत गौरव और प्रसन्नता का विषय है। यह सम्मान उनके संपूर्ण सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा और समाजहित के प्रति समर्पण का यथोचित सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कोश्यारी जी का संपूर्ण सार्वजनिक जीवन सादगी, सिद्धांतनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा है। अपने दीर्घ राजनीतिक जीवन में उन्होंने सदैव जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और उत्तराखंड सहित देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री भगत सिंह कोश्यारी जी का जीवन संघर्ष, मूल्यों की राजनीति और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण है। पर्वतीय क्षेत्रों के विकास, सामाजिक समरसता के सुदृढ़ीकरण और सांस्कृतिक चेतना के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए गए उनके प्रयास हम सभी के लिए प्रेरणास्तंभ हैं।

मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों की ओर से भगत सिंह कोश्यारी जी को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित होने पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं दीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की उपस्थिति में कई लोगों ने थामा‌ कांग्रेस का हाथ

0

 

भाजपा की जनविरोधी नीतियों, विफल शासन और लगातार बढ़ते दमन से त्रस्त होकर आज समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े कई गणमान्य एवं जागरूक नागरिकों ने उत्तराखंड कांग्रेस का दामन थामा। यह कार्यक्रम प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री हरीश रावत जी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर श्री हरीश रावत जी ने कहा कि आज उत्तराखंड में भाजपा सरकार पूरी तरह दिशाहीन, अहंकारी और जनभावनाओं से कटी हुई है। बेरोजगारी, महंगाई, किसान उत्पीड़न, महिलाओं की असुरक्षा और युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ ने जनता को सड़कों पर आने के लिए मजबूर कर दिया है। भाजपा सरकार ने उत्तराखंड की अस्मिता और संसाधनों को चंद पूंजीपतियों के हाथों गिरवी रख दिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो संविधान, लोकतंत्र और आम आदमी के हक़ की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ रही है। आज कांग्रेस से जुड़ने वाले सभी साथियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि परिवर्तन की लहर शुरू हो चुकी है और उत्तराखंड की जनता अब भाजपा के खोखले नारों में फंसने वाली नहीं है।
कांग्रेस का दामन थामने वालों में नव पर्वतीय विकास संस्था के अध्यक्ष विनोद कुमार एडवोकेट के नेतृत्व में एडवोकेट प्रभाकर कुमार एडवोकेट पंकज शर्मा एडवोकेट नवीन कुमार विनोद केसला राधेश्याम सुभाष कुमार रेनू अजय प्रधान आर्यन प्रधान मनमोहन मौर्य यशोदा मौर्य मदनलाल शिवम विकास राव वसीम अली अहमद प्रयास रानी देवी जरीना खातून शांति देवी गुलशन खान नितेश सेठी इत्यादि लगभग दो दर्जन लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करी।
नवप्रवेशी सदस्यों ने भी एक स्वर में भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करते हुए कहा कि राज्य को बचाने और जनहित की राजनीति को पुनः स्थापित करने के लिए कांग्रेस के साथ खड़ा होना आज समय की मांग है।
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का संचालन लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष संजय शर्मा ने किया, संबोधनकर्ताओं में मुख्य रूप से उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी विशाल डोभाल इत्यादि ने अपनी बात रखी।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार के झूठे वादों, भ्रष्टाचार, संस्थागत दमन और जनविरोधी फैसलों की कड़ी आलोचना की गई।

उत्तराखंड कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में भाजपा की हर जनविरोधी नीति का सशक्त और निर्णायक विरोध किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली, श्रम प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दिनेश कौशल, मनमोहन शर्मा, दिनेश चौहान, प्रीतम आर्य, अखिलेश उनियाल, गोपाल गढ़िया, दर्शन लाल, पूनम कंडारी ,राजेंद्र शाह, प्रतिमा सिंह, हरेंद्र बेदी, अरुण बलूनी उपस्थित रहे।

 

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी

गणतंत्र दिवस को भव्य एवं गरिमामय बनाने हेतु देहरादून में सभी तैयारियाँ पूर्ण: DM और  SSP ने किया निरीक्षण 

0

डीएम-एसएसपी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, राष्ट्रीय पर्व की तैयारियां परखी

*देहरादून ।
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से मनाने हेतु राजधानी देहरादून में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। रविवार को जिलाधिकारी सविन बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मुख्य मंच सहित प्रत्येक ब्लॉक में माननीय अतिथियों, माननीय विधायकों, दायित्वधारियों एवं गणमान्य नागरिकों के सुगम आगमन तथा बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों के लिए विशेष एवं सम्मानजनक बैठने की व्यवस्था करने पर भी बल दिया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर वाहनों की पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारण, सुदृढ़ साउंड सिस्टम, एंकर व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनरेटर बैकअप की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने प्रवेश द्वार एवं मुख्य मंच की साज-सज्जा को आकर्षक एवं गरिमामय बनाए रखने तथा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियाँ सुनिश्चित करते हुए नोडल अधिकारियों को अपने ड्यूटी प्वांइट पर तैनात रहने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासपरक विभागीय झांकियों के सुचारू मूवमेंट हेतु भी उचित व्यवस्था, प्रत्येक ब्लॉक में पर्याप्त सीटिंग, पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाएँ सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार सहित विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े नोडल अधिकारी मौजूद थे।

कार्यक्रम स्थल परेड ग्राउंड में प्रवेश की खास व्यवस्थाएं की गई है। गेट संख्या-1 से मुख्य मंच, गंगा एवं अलकनंदा ब्लॉक के पास धारकों का प्रवेश होगा। गेट संख्या-2 से भागीरथी ब्लॉक के पास धारकों का प्रवेश सुनिश्चित किया गया है। गेट संख्या-3 से परेड दल एवं झांकियों का प्रवेश होगा। गेट संख्या-4 से आसन, टौंस एवं यमुना ब्लॉक के पास धारकों एवं दर्शकों के लिए प्रवेश की व्यवस्था की गई है।

गणतंत्र दिवस समारोह का शुभारंभ प्रातः 10 बजे होगा। प्रातः 10 बजे परेड दलों की प्रतिबद्धता एवं परेड कमांडर द्वारा परेड का भार ग्रहण किया जाएगा। इसके पश्चात प्रातः 10ः20 बजे माननीय मुख्यमंत्री तथा 10ः28 बजे माननीय राज्यपाल का गरिमामय आगमन होगा। ठीक 10ः30 बजे ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के उपरांत कार्यक्रम आगे बढ़ेगा। प्रातः 10ः35 बजे से परेड का मार्च पास्ट, स्कूली बच्चों के कार्यक्रम, झांकियों का प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके पश्चात 11ः25 बजे पुलिस मेडल वितरण किया जाएगा। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा एवं महानुभावों का प्रस्थान होगा।

राष्ट्रीय मतदाता पदयात्रा में देहरादून में लगभग 800 युवाओं ने किया प्रतिभाग

0

‘मेरा भारत, मेरा वोट’ संदेश के साथ प्रदेश में निकाली गईं पदयात्राएं और साइकिल रैली

– देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर निकाली गईं पदयात्राएं और साइकिल रैली

– कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा

– नरेंद्र नगर टिहरी गढ़वाल में पूर्णानंद स्टेडियम से भद्रकाली तक साइकिल रैली का आयोजन किया गया

– पौड़ी गढ़वाल में युवाओं, स्वयंसेवकों एवं अधिकारियों ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान की शपथ ली

– नैनीताल पदयात्रा में 200 से अधिक युवाओं ने किया प्रतिभाग

रविवार, 25 जनवरी 2026 को मेरा युवा भारत (MY Bharat) उत्तराखंड, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर प्रदेश में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन किेए गए। जिसके अंतर्गत देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल में पदयात्राएं और साइकिल रैली निकाली गईं। जिला खेल कार्यालय नरेंद्र नगर टिहरी गढ़वाल के सौजन्य से पूर्णानंद स्टेडियम से भद्रकाली, भद्रकाली से पूर्णानंद वापसी तक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। पौड़ी गढ़वाल के कण्डोलिया पार्क में सहायक निर्वाचन अधिकारी एस०ए०एल० शाह ने युवाओं को मतदाता शपथ दिलाई। नैनीताल में पदयात्रा का शुभारंभ सेंट पॉल्स स्कूल, काठगोदाम से हुआ, जो क्वीन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी तक निकाली गई।

देहरादून में पदयात्रा का आयोजन ग्राफिक इरा हिल यूनिवर्सिटी से एयरफोर्स कैम्प एवं महन्त इंद्रेश मोथरोवाला तक की गई। इस अवसर पर 800 से अधिक माय भारत स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में सभी अतिथियों द्वारा फर्स्ट टाइम यंग वोटर्स को बैच लगाकर सम्मानित किया गया। सभी युवा प्रतिभागियों द्वारा ह्यूमन चैन बनाकर स्वतंत्र एवं निर्भीक मतदान की शपथ ली।

प्रदेश में कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।

देहरादून में पदयात्रा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पद्म श्री विजेता डॉ बी0 के0 एस0 संजय रहे, विशिष्ट अतिथि वाईस चांसलर प्रोफेसर नपिंदर सिंह , डॉ अमित भट्ट, डॉ अमल शुक्ला, अवदेश कौशल, डॉ आदित्य हरबोला , मोहित सिंह लेफ़्टिनेंट एन. सी. सी. , मोनिका नांदल, उपनिदेशक माय भारत शामिल रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्म श्री विजेता डॉ बी0के0एस0 संजय ने युवाओं को हरी झण्डी दिखाकर राष्ट्रीय मतदाता पदयात्रा के लिए रवाना किया। पदयात्रा के दौरान माय भारत स्वयंसेवकों द्वारा नागरिकों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। स्वयंसेवकों द्वारा राष्ट्र निर्माण के लिए यह पहल लोकतांत्रिक अभ्यासों में युवाओं की भागीदारी को मजबूत करेगा साथ ही युवा नागरिकों को जागरूकता जिम्मेदारी और चुनावी प्रक्रिया में स्वामित्व की भावना के साथ सशक्त बनाना लोकतंत्र की नींव को मजबूत करता है।

मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की पदयात्रा मेरा भारत मेरा वोट थीम के साथ टर्नर लेक से एयरफोर्स कैम्प से वापस ग्राफ़िक इरा आकर समाप्त हुई। उपनिदेशक और कार्यक्रम के नोडल अधिकारी राहुल डबराल द्वारा सभी अतिथियों एवं माय भारत स्वयंसेवकों का धन्यवाद कर कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया। कार्यक्रम में प्रजेश, विजय, सुभाष आदि मौजूद रहे।

नरेंद्र नगर टिहरी गढ़वाल में प्रतियोगी साइकिलिस्ट द्वारा बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया गया। टॉप 5 साइकइलिस्ट को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता ओपन वर्ग में कराई गई जिसका समापन आज पूर्णानंद स्टेडियम में हुआ। पुरस्कार वितरण नगर पालिका अध्यक्ष मुनि की रेती श्रीमती नीलम बिजलवान द्वारा किया गया।कार्यक्रम की सफलता देखते हुए नीलम विजय वाणी ने बड़ा साइकिल आयोजन करने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर माई भारत से आशीष पंत और जिला खेल अधिकारी दीपक रावत, प्रशिक्षक सुरेंद्र चौधरी, वहिद अहमद, अर्जुन प्रसाद शहजाद, वैभव आदि मौजूद रहे।

इस अवसर पर मेरा युवा भारत, पौड़ी गढ़वाल के उपनिदेशक शैलेश भटृट ने मतदाताओं को जागरूक करते हुए कहा- भारत का संविधान हमें मतदान का अधिकार देता है परंतु यह अधिकार केवल सुविधा नहीं बल्कि एक पवित्र कर्तव्य है।

इस अवसर पर कण्डोलिया पार्क से टेका यात्री शेड तक साईकिल रैली एवं पदयात्रा को जिला क्रीडा अधिकारी श्री जयवीर सिंह रावत द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में जी.पी संतोषी, डी०आर० टम्टा, प्रियांशु पटवाल, प्रगति, अनन्त, युवराज बिष्ट, पकंज नेगी, नितिन चौहान, प्रियंका असवाल आदि उपस्थित रहे।

नैनीताल में पदयात्रा का शुभारंभ सेंट पॉल्स स्कूल, काठगोदाम से हुआ, जो क्वीन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी तक निकाली गई। पदयात्रा से पूर्व सेंट पॉल्स स्कूल, काठगोदाम में एक उद्घाटन सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री गजराज सिंह बिष्ट, महापौर, नगर निगम हल्द्वानी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री गोविंद जायसवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल; सुश्री जरीना रोल्सटन, निदेशक, सेंट पॉल्स स्कूल; एवं श्रीमती दीपा सिंह, एनएसएस समन्वयक, एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत मेरा युवा भारत, नैनीताल की उप निदेशक श्रीमती डॉल्वी तेवतिया द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए मतदान के अधिकार, उसकी शक्ति तथा लोकतंत्र में इसकी अहम भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पहली बार मतदाता बनने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज में भी मतदान के प्रति जागरूकता फैलाएं।

इसके उपरांत मुख्य अतिथि श्री गजराज सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि सशक्त लोकतंत्र की नींव जागरूक नागरिकों से ही बनती है और इसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी युवाओं से निर्भीक होकर मतदान करने एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया। इसके पश्चात श्री गोविंद जायसवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल द्वारा उपस्थित सभी युवाओं को मतदान की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के अंत में श्री आशीष कुमार एवं श्री शाह द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया गया। 200 से अधिक युवाओं ने हाथों में जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां एवं तिरंगे झंडे लेकर अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में पदयात्रा में सहभागिता की।

पदयात्रा के समापन के पश्चात सभी युवा क्वीन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी में जिला मजिस्ट्रेट, नैनीताल की अध्यक्षता में आयोजित SVEEP (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर श्री विवेक राय, अपर जिलाधिकारी; श्री गोपाल गिरी, जिला विकास अधिकारी; एवं श्री जी.एस. चौहान, सिटी मजिस्ट्रेट, हल्द्वानी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस सफल आयोजन में श्री मदन मोहन, श्री प्रकाश बिष्ट, श्रीमती भावना बिष्ट सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में युवाओं की व्यापक सहभागिता ने यह संदेश दिया कि युवा वर्ग लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पूर्णतः सजग, जागरूक और प्रतिबद्ध है।

Big Action: MDDA द्वारा अब तक 10 हजार बीघा भूमि पर चला बुलडोजर, 1000 से अधिक अवैध निर्माणों पर सीलिंग

0

 

एमडीडीए के बुलडोजर से नहीं बचेगी एक इंच भी अवैध प्लॉटिंग

नक्शा नहीं, नियम नहीं… तो बख़्शा नहीं ! एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में एमडीडीए का ज़ीरो टॉलरेंस एक्शन जारी*

 

देहरादून । मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत अवैध निर्माणों एवं अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध अब तक का सबसे सख़्त, व्यापक और निर्णायक अभियान छेड़ रखा है। एमडीडीए द्वारा अब तक लगभग 10 हजार बीघा भूमि पर की गई अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया गया, जबकि 1000 से अधिक अवैध निर्माणों को सील किया जा चुका है। यह कार्रवाई न केवल संख्या के लिहाज़ से ऐतिहासिक है, बल्कि इससे अवैध गतिविधियों में लिप्त और नियम तोड़ने वालों में भय का माहौल बना है। एमडीडीए की यह कार्रवाई अब किसी एक दिन, एक क्षेत्र या किसी प्रतीकात्मक कार्रवाई तक सीमित नहीं है। हर दिन बुलडोजर ज़मीन पर है, अवैध निर्माण चिन्हित किए जा रहे हैं और नियामानुसार सीलिंग व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि नक्शा पास कराए बिना, नियमों को ताक पर रखकर और अवैध रूप से प्लॉट काटने वालों पर निरंतर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में प्राधिकरण ने अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को सख्ती से लागू किया है। पदभार संभालने के बाद से ही उपाध्यक्ष के निर्देशों पर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान को तेज़ किया गया है। फील्ड निरीक्षण, तकनीकी रिपोर्ट और शिकायतों के आधार पर अवैध निर्माणों की पहचान की जा रही है और बिना किसी देरी के कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। प्राधिकरण का स्पष्ट मानना है कि अवैध प्लॉटिंग केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि शहरी नियोजन, पर्यावरण संरक्षण और जनसुरक्षा पर सीधा हमला है। अवैध कॉलोनियां भविष्य में जलभराव, ट्रैफिक जाम, पेयजल संकट और आपदा की स्थिति पैदा करती हैं, जिसकी कीमत आम नागरिकों को चुकानी पड़ती है। इसी को देखते हुए एमडीडीए ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अवैध निर्माण करने वालों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

एमडीडीए ने अवैध प्लॉटिंग करने वाले द्वारा भोले-भाले नागरिकों को गुमराह कर अवैध प्लॉट बेचने की प्रवृत्ति पर भी कड़ा रुख अपनाया है। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति अवैध प्लॉटिंग में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सीलिंग, ध्वस्तीकरण के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई और भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) दुआरा अभी तक सबसे अधिक कार्रवाई विकासनगर, सहसपुर, सेलाकुई, हरबर्टपुर, मेहूंवाला माफी, माजरीग्रांट, पोखरी, नौगांव मांडूवाला, शिमला बाईपास रोड, प्रेमनगर, सहस्रधारा रोड, छिदरवाला, पित्थूवाला, हरभवाला, धर्मावाला, धौलास, लांघा रोड सहित डोईवाला क्षेत्र के तेलपुरा, चीनी मिल रोड, थानो रोड, भोगपुर, घमंडपुर, भानियावाला, रानीपोखरी, लालतप्पड़, कुआंवाला, हर्रावाला, बालावाला, गुलरघाटी, नकरौंदा, नथुवाला, मोहकमपुर, दूधली, शेरपुरा, बीएफ कैंप, साथ ही रायपुर और धर्मपुर क्षेत्र में की गई है।

*अवैध निर्माण का मतलब तयशुदा ध्वस्तीकरण- बंशीधर तिवारी*

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 10 हजार बीघा भूमि पर बुलडोजर चलाया जा चुका है और 1000 से अधिक अवैध निर्माणों को सील किया गया है, इसके बावजूद नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई और तेज़ की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान रुकने वाला नहीं है। बिना अनुमति निर्माण करने वालों के लिए संदेश साफ है, अब अवैध निर्माण का अंजाम तय है। उपाध्यक्ष ने आम जनता से अपील की कि भूमि खरीदने या निर्माण से पहले एमडीडीए से विधिवत अनुमति अवश्य लें, अन्यथा होने वाले नुकसान की पूरी जिम्मेदारी स्वयं की होगी।

*चिन्हित होते ही सीलिंग और ध्वस्तीकरण-मोहन सिंह बर्निया*

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माणों को चिन्हित होते ही तुरंत ही नियमानुसार सील और ध्वस्त किया जा रहा है। सचिव ने कहा कि एमडीडीए का उद्देश्य नियोजित विकास सुनिश्चित करना है, लेकिन जो कानून को चुनौती देंगे, उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।

*एमडीडीए का साफ संदेश है- या तो नियमों के दायरे में रहकर काम करें, या फिर बुलडोजर के लिए तैयार रहें।*

लोकतंत्र की मजबूती में मतदाता की है निर्णायक भूमिका : बंशीधर तिवारी

0

 

16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर एमडीडीए में शपथ कार्यक्रम आयोजित

*“My India, My Vote” थीम के अंतर्गत मनाया जा रहा है राष्ट्रीय मतदाता दिवस*

देहरादून । मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण) में आज 25 जनवरी 2026 को मनाए जाने वाले 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में एक गरिमामय शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने एमडीडीए के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई। इस अवसर पर सचिव मोहन सिंह बर्निया सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के पत्र संख्या 491/SVEEP-I/NVD/2025 दिनांक 15 जनवरी 2026 के क्रम में, “My India, My Vote” थीम के अंतर्गत राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। आयोग के निर्देशानुसार लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान की महत्ता को रेखांकित करने तथा सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को शपथ दिलाने की अपेक्षा के अनुरूप एमडीडीए में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करेंगे तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव या भेदभाव से मुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाता जागरूकता को सुदृढ़ करने हेतु कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का लोगो प्रदर्शित किया गया तथा स्टेशनरी, प्रचार सामग्री एवं एमडीडीए की वेबसाइट पर भी इसका प्रसार किया गया। इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम की छायाचित्र सामग्री को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर #NVD2026 हैशटैग के साथ साझा करने की कार्यवाही भी की गई, ताकि व्यापक स्तर पर नागरिकों को मतदान के प्रति प्रेरित किया जा सके।

एमडीडीए द्वारा यह पहल न केवल कर्मचारियों के बीच लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि सशक्त लोकतंत्र की नींव जागरूक और निर्भीक मतदाता से ही पड़ती है। प्राधिकरण भविष्य में भी मतदाता जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।

*उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान*

राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रत्येक नागरिक का मत देश के भविष्य की दिशा तय करता है। एमडीडीए के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने आज शपथ लेकर यह संकल्प लिया है कि वे स्वयं भी जिम्मेदार मतदाता बनेंगे और समाज में मतदान के प्रति सकारात्मक संदेश देंगे। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहचान हैं। बिना किसी दबाव, भय या प्रलोभन के मताधिकार का प्रयोग करना ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करें और अधिक से अधिक नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित करें।

*सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान*

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित यह शपथ कार्यक्रम कर्मचारियों में लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों की भावना को सुदृढ़ करता है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एमडीडीए ने मतदाता जागरूकता से जुड़े सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। हमारा प्रयास है कि मतदान के महत्व का संदेश कार्यालय के साथ-साथ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और अधिकाधिक लोग निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम को जन-जन का कार्यक्रम बनाया: सीएम धामी

0

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 130वें एपिसोड को सुना

मन की बात कार्यक्रम का हर एपिसोड प्रेरणादायी: पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम को जन-जन का कार्यक्रम बनाया: सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दून लाइब्रेरी, निकट परेड ग्राउंड, देहरादून में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 130वें एपिसोड को सुना।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मन की बात कार्यक्रम का हर एपिसोड प्रेरणादायी होता है। समाज में सामान्य परिस्थितियों में अनवरत सेवा करने वाले लोगों को इस कार्यक्रम के माध्यम से देश दुनिया जानती है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम को आमजन और जन-जन का कार्यक्रम बनाया है। इसके माध्यम से अन्य लोग भी प्रेरित होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के अंदर कई नवाचार हो रहे हैं। आज इनोवेशन, साइंस, टेक्नोलॉजी एवं ए.आई हर दृष्टि से भारत आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने ए.आई के बढ़ते प्रभाव पर बोलते हुए कहा कि आने वाले समय में सभी कामों में एआई की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। जो काम कई दिनों में होता है वह महज कुछ ही घंटे में हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा राज्य के अंदर एआई के उपयोग हेतु साइंस आईटी टेक्नोलॉजी से संबंधित विभाग कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री की प्रेरणा से राज्य सरकार ने अनेक ऐसे निर्णय लिए हैं जो राज्य में पहली पहली बार हुए हैं। उन्होंने कहा आज पूरे देश के अंदर हमारे राज्य तस्वीर ऐसे स्थापित हो गई है कि जहां पर अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। 27 जनवरी को यूसीसी लागू करने के पूरे एक साल हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमने 2022 विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की जनता के सामने समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा किया था, जिसे हमने पूरा किया है। उन्होंने कहा हमारा राज्य एक सीमावर्ती क्षेत्र है। यहाँ चार धाम, गंगा, यमुना का उद्गम स्थान है। सुरक्षा की दृष्टि से भी हमारा राज्य बेहद संवेदनशील है ऐसे में राज्य में रहने वाले सभी लोगों के लिए एक समान कानून लागू होना चाहिए था और हमने ऐसा करके दिखाया है।

मुख्यमंत्री ने सभी से आग्रह किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं एवं राज्य स्तर पर लिए निर्णयों को जन-जन तक पहुंचने में सभी आगे आए। जिससे कि अधिक से अधिक लोग योजनाओं से लाभान्वित हो सके।

इस अवसर पर विधायक श्री खजान दास, विधायक श्री सुरेश गढ़िया, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, श्री अनिल गोयल, श्री संजय नेगी, दायित्वधारी रजनी रावत एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

 

लखनऊ में उत्तरायणी कौथिक में शामिल हुए मंत्री सुबोध उनियाल:  प्रवासी उत्तराखंडियों के योगदान की की सराहना

0

 

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में पर्वतीय महापरिषद, लखनऊ द्वारा आयोजित ‘उत्तरायणी कौथिक 2026’ कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडी भाइयों-बहनों द्वारा राज्य की मूल संस्कृति पर आधारित प्रस्तुत किए गए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री सुबोध उनियाल जी ने कहा कि आज उत्तराखंड के प्रवासी भाई-बहन देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों में निवास करते हुए भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से गहराई से जुड़े हुए हैं। एकता, आपसी समन्वय और सांस्कृतिक चेतना के साथ वे उत्तराखंड की लोक परंपराओं, लोकगीतों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी उत्तराखंडियों के हितों, सम्मान और सहभागिता को सदैव प्राथमिकता देती रही है। प्रवासी भाई-बहनों के लिए विभिन्न योजनाएँ एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं तथा उनके साथ निरंतर संवाद बनाए रखा जा रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम यह है कि आज अनेक प्रवासी उत्तराखंडी अपने पैतृक गाँवों को गोद लेकर, राज्य सरकार के सहयोग से उनके पुनर्जीवन, आधारभूत सुविधाओं के विकास और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

मंत्री श्री सुबोध उनियाल जी ने पर्वतीय महापरिषद, लखनऊ के अध्यक्ष श्री गणेश चंद्र जोशी, महासचिव श्री महेंद्र सिंह रावत सहित समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

भाजपा ने जनसभागिता से बूथ स्तर पर सुनी ‘मन की बात’ 

0

 

पीएम के मन की बात को साल भर धरातल पर उतारेंगे : भाजपा

साल की पहली ‘मन की बात’ से 2026 का मार्गदर्शन हासिल : भट्ट

देहरादून 25 जनवरी। भाजपा परिवार ने जनसहभागिता के साथ प्रदेशभर में पीएम के मन की बात से 2026 का मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने कहा, संस्कृति संवर्धन से विकास और श्री अन्न उत्पादन से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक सभी क्षेत्रों में पहले से तेज गति से आगे बढ़ेगा उत्तराखंड।

प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर चौहान ने जानकारी दी कि मन की बात के 130वें और साल के पहले एपिसोड को राज्य में बूथ स्तर सुना गया। इसी क्रम में समन्वित एक कार्यक्रम के उपरांत, अपने संदेश में प्रदेश अध्यक्ष श्री भट्ट ने कहा, पीएम मोदी के बताए रास्ते पर उत्तराखंड संस्कृति, विरासत, परम्परा और नवाचार को साथ लेकर चौमुखी विकास कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी राज्य के लिए मार्गदर्शक और संरक्षक की भांति हैं, उनकी कही प्रत्येक बात हमारे लिए महत्वपूर्ण है। लिहाजा पीएम के मन की बात कार्यक्रम राज्यवासियों के लिए नित्यक्रम पाठ्यक्रम की तरह है, जो हमे हमेशा आगे बढ़ने को प्रेरित करता है। ये केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों से सीधा संवाद है, जो राष्ट्रनिर्माण, सामाजिक चेतना, जनभागीदारी और सकारात्मक सोच को मजबूती देता है। यह कार्यक्रम हर नागरिक को राष्ट्र की प्रगति में सहभागी बनने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा, इस बार साल का यह पहला एपिसोड है, जो हमे सिखाता है कि आगे पूरे साल हमे कैसे आगे बढ़ना है। विकास के साथ युवाओं में संस्कृति और परंपराओं का जिस संवर्धन का जिक्र पीएम ने किया, उसपर हमे और अधिक तत्परता से काम करना है। मिलेट या श्री अन्न को लेकर प्रधानमंत्री जी के बताए रास्ते पर राज्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है। जिसकी इस नए वर्ष में हमें प्रदेश की आर्थिकी में बड़ी भागेदारी सुनिश्चित करवानी है। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण देवभूमि के लिए वो बेहद आवश्यक हिस्सा है, जिसे हमें जनसहयोग से दैनिक व्यवहार और आदत में शुमार करना होगा।

उन्होंने यह कार्यक्रम हरिद्वार विधानसभा के सप्तऋषि मण्डल में बूथ संख्या 9 पर स्थानीय जनता एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच सुना। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री आशुतोष शर्मा, विधायक हरिद्वार श्री मदन कौशिक जी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री विकास तिवारी,मण्डल महामंत्री श्री देवेश ममगाईं, बूथ अध्यक्ष श्री शिव कुमार सहित पूज्य सन्तगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मनवीर सिंह चौहान
प्रदेश मीडिया प्रभारी
भाजपा उत्तराखंड

एसजीआरआर विश्वविद्यालय में वैश्विक अनुसंधान अनुदान पर अन्तर्राष्ट्रीय कार्यशाला:  विशेषज्ञों ने दिखाई वैश्विक तस्वीर

0

 

दक्षिण कोरिया के प्रतिष्ठित योन्सेई विश्वविद्यालय (क्यू एस रैंकिंग-50) के साथ एसजीआरआर विश्वविद्यालय ने एमओयू साइन किया
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू), देहरादून के रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल द्वारा प्रतिस्पर्धी अनुसंधान वित्तपोषण हेतु शोध प्रस्ताव लेखन पर एक अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विश्वविद्यालय में अनुसंधान संस्कृति को सुदृढ़ करना, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता आधारित शोध को प्रोत्साहित करना तथा वैश्विक शैक्षणिक सहयोग को नई दिशा देना रहा। आयोजन के माध्यम से संकाय सदस्यों और शोधकर्ताओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के अनुसंधान अनुदान प्राप्त करने हेतु आवश्यक रणनीतियों और व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया।
शनिवार को विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यशाला का शुभारंभ कुलपति डॉ. प्रतापन के. पिल्लई, कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर एवं कार्यशाला के आयोजन सचिव डॉ. अशोक भण्डारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर कुलपति डॉ. पिल्लई ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में अनुसंधान और नवाचार ही अकादमिक उत्कृष्टता की आधारशिला हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा अंतर्राष्ट्रीय सहयोग, अंतर्विषयक अनुसंधान और वैश्विक मानकों के अनुरूप शोध को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यशाला में जापान के हिरोशिमा विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वी. जी. पराले तथा भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) में अंतर्राष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग के पूर्व सलाहकार एवं प्रमुख डॉ. एस. के. वार्ष्णेय ने मुख्य वक्ता के रूप में सहभागिता की। डॉ. पराले ने अपने व्याख्यान में जटिल वैश्विक समस्याओं के समाधान हेतु अंतर्विषयक अनुसंधान, अंतर-सांस्कृतिक अनुभवों और अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्किंग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने अंतर्राष्ट्रीय शोध अनुभव साझा करते हुए उच्च प्रभाव वाली अंतर्राष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशन और वैश्विक प्राथमिकताओं के अनुरूप अनुसंधान को दिशा देने के व्यावहारिक सुझाव दिए।
वहीं डॉ. एस. के वार्ष्णेय ने सफल शोध प्रस्ताव लेखन की प्रक्रिया, प्रस्तावों की अस्वीकृति के सामान्य कारणों तथा वित्तपोषण एजेंसियों की अपेक्षाओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शोध प्रस्तावों में स्पष्टता, मौलिकता, व्यवहार्यता और उद्देश्यपरक दृष्टिकोण को अत्यंत आवश्यक बताया तथा प्रतिभागियों को प्रतिस्पर्धी अनुदान प्राप्त करने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण दक्षिण कोरिया के प्रतिष्ठित योन्सेई विश्वविद्यालय (क्यू एस रैंकिंग-50) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर समारोह रहा। इस एमओयू के माध्यम से दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, संकाय एवं छात्र विनिमय कार्यक्रमों, सहयोगात्मक प्रकाशनों और नवाचार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने का मार्ग प्रशस्त हुआ। कार्यशाला में विभिन्न विषयों के संकाय सदस्यों और शोधकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह आयोजन न केवल प्रतिभागियों की शोध क्षमता में वृद्धि का माध्यम बना, बल्कि एसजीआरआर विश्वविद्यालय द्वारा उच्च शिक्षा में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और वैश्विक अनुसंधान उपस्थिति को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में भी सामने आया।