Home Blog Page 88

देहरादून में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में: CDO ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

0

 

देहरादून। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले भव्य समारोह की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। इस राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने शनिवार को विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े नोडल अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया तथा तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि परेड ग्राउंड में प्रवेश की अलग अलग व्यवस्थाएं की गई है। गेट संख्या-1 से मुख्य मंच, गंगा एवं अलकनंदा ब्लॉक के पास धारकों का प्रवेश होगा। गेट संख्या-2 से भागीरथी ब्लॉक के पास धारकों का प्रवेश सुनिश्चित किया गया है। गेट संख्या-3 से परेड दल एवं झांकियों का प्रवेश होगा। गेट संख्या-4 से आसन, टौंस एवं यमुना ब्लॉक के पासधारकों एवं दर्शकों के लिए प्रवेश की व्यवस्था की गई है।

गंगा ब्लॉक में माननीय मुख्यमंत्री के अतिथिगण, माननीय विधायकगण, माननीय दायित्वधारीगण एवं उनके परिवारजन के लिए आरक्षित किया गया है। अलकनंदा ब्लॉक माननीय न्यायमूर्ति, न्यायिक अधिकारीगण, माननीय आयोग अध्यक्षगण, अधिकारीगण एवं उनके परिजनों के लिए आरक्षित रहेगा। भागीरथी ब्लॉक में सैन्य अधिकारी एवं उनके परिवारजन बैठेंगे। यमुना ब्लॉक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, राज्य आंदोलनकारी एवं उनके परिजनों के लिए व्यवस्था की गई है। टौंस ब्लॉक प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों के लिए तथा आसन ब्लॉक अन्य अतिथिगणों के लिए आरक्षित रहेगा। इसके अतिरिक्त दर्शक दीर्घा में जनसामान्य के लिए बैठने की व्यवस्था की गई है। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी ब्लॉकों में समुचित सीटिंग, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह का शुभारंभ प्रातः 10 बजे होगा। प्रातः 10 बजे परेड दलों की पंक्तिबद्धता एवं परेड कमांडर द्वारा परेड का भार ग्रहण किया जाएगा। इसके पश्चात प्रातः 10ः20 बजे माननीय मुख्यमंत्री तथा 10ः28 बजे माननीय राज्यपाल का गरिमामय आगमन होगा। ठीक 10ः30 बजे ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के उपरांत कार्यक्रम आगे बढ़ेगा। प्रातः 10ः35 बजे से परेड का मार्च पास्ट, स्कूली बच्चों के कार्यक्रम, झांकियों का प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके पश्चात 11ः25 बजे पुलिस मेडल वितरण किया जाएगा। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा एवं महानुभावों का प्रस्थान होगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर निर्धारित मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी व्यवस्थाओं का समयबद्ध अभ्यास सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी न रहे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी केके मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम सदर हरिगिर, एसडीमए अपूर्वा सिंह, एसडीएम विनोद कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढ़ौडियाल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े नोडल अधिकारी उपस्थित थे।

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार:  आमवाला न्याय पंचायत में लगा बहुउद्देशीय शिविर

0

शिविर में उमडा जन सैलाब, 81 शिकायतों में से 10 का मौके पर निस्तारण*

*शिविर में 360 लोगों की स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क सेवाओं का वितरण*

*ग्रामीणों के द्वार पर सरकारः आमवाला में 921 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ।*

*देहरादून।
सुशासन, संवेदनशील प्रशासन एवं जनसेवा संकल्प के अंतर्गत संचालित कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत शनिवार को विकासखंड सहसपुर की न्याय पंचायत आमवाला में एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार द्वारा की गई। इस अवसर पर विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से कुल 921 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। शिविर में कनिष्ठ प्रमुख सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

ग्रामीणों द्वारा संयुक्त मजिस्ट्रेट के समक्ष कुल 81 शिकायतें प्रस्तुत की गई, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिए कि उनका प्राथमिकता एवं समयबद्ध रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा इसकी सूचना संबंधित शिकायतकर्ता एवं जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण भी किया एवं पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट सहित अन्य योजनाओं के लाभ वितरित किए।

शिविर में प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 12 शिकायतें विद्युत विभाग से संबंधित रहीं। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग की 10, सिंचाई एवं वन विभाग की 9-9, राजस्व, पेयजल एवं आडब्ल्यूडी की 8-8, शिक्षा एवं ग्राम्य विकास की 3-3 तथा पशुपालन, पंचायत राज, नलकूप, कृषि एवं उरेडा विभाग की 1-1 शिकायतें दर्ज की गईं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में एलोपैथिक में 215, होम्योपैथिक में 90 एवं आयुर्वेदिक में 55 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। पशुपालन विभाग द्वारा 70 पशुपालकों को पशु औषधियां वितरित की गईं। राजस्व विभाग द्वारा 23 प्रमाण पत्र जारी किए गए। डेयरी विभाग द्वारा 35, कृषि विभाग द्वारा 23 एवं उद्यान विभाग द्वारा 30 किसानों को कृषि यंत्र, बीज एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ प्रदान किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा 31 पात्र व्यक्तियों को पेंशन स्वीकृत की गई। जिला पूर्ति विभाग द्वारा 30 राशन कार्ड धारकों की केवाईसी कराई गई। बाल विकास विभाग द्वारा 125 तथा पंचायती राज विभाग द्वारा 05 मामलों का निस्तारण किया गया। श्रम विभाग द्वारा 08 श्रमिकों को पंजीकरण योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। इसके अतिरिक्त बाल विकास, एनआरएलएम, श्रम, मत्स्य, विद्युत, पेयजल निगम, शिक्षा, रीप, डेयरी एवं ग्राम्य विकास विभागों के माध्यम से भी अनेक लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में कनिष्ठ प्रमुख धीरज गुलेरिया, ग्राम प्रधान विवेक, रजनी नेगी, विकास जोशी, मंजू पंवार, तनुजा घले सहित तहसीलदार विवेक राजौरी, खंड विकास अधिकारी मुन्नी शाह सहित अन्य विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

 

मेरा भारत, मेरा वोट’ संदेश के साथ 25 जनवरी को प्रदेश भर में आयोजित होंगे मतदाता जागरूकता कार्यक्रम

0

 

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर देहरादून समेत कईं जिलों में हो रहे मतदाता जागरूकता के आयोजन

– राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर देहरादून में 500 से अधिक ‘माय भारत स्वयंसेवक’ कर रहे प्रतिभाग

– 25 जनवरी 2026 को ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी एवं महन्त इंद्रेश मोथरोवाला, देहरादून में होगा आयोजन

– माय भारत टिहरी गढ़वाल एवं जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर की ओर से पूर्णानंद स्पोर्टस स्टेडियम, ऋषिकेश में होगा आयोजन

– पदयात्रा का उद्देश्य मेरा भारत मेरा वोट के संदेश के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी को अधिकतम करना है

रविवार, 25 जनवरी 2026 को मेरा युवा भारत (माय भारत) उत्तराखंड, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। जो ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी एवं महन्त इंद्रेश मोथरोवाला में होगा, जिसमें 500 से अधिक माय भारत स्वयंसेवक प्रतिभाग कर रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य मेरा भारत मेरा वोट (माय भारत माय वोट) के संदेश के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी को अधिकतम करना है। यह कार्यक्रम एक राष्ट्रव्यापी युवा लामबंदी पहल है , जिसका उद्देश्य विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए सूचित नैतिक और सहभागी चुनावी जुड़ाव को बढ़ावा देना है। मतदाता जागरूकता को शारीरिक फिटनेस और सामुदायिक भागीदारी के साथ जोड़कर इस पहल का लक्ष्य राष्ट्रीय मतदाता दिवस को युवाओं के नेतृत्व वाले एक जीवंत जन आंदोलन में बदलना है।

#MyBharatMyVote के तहत फिट इंडिया संडेज ऑन साइकल का आयोजन टिहरी गढ़वाल में भी किया जा रहा है। जो पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, ऋषिकेश में होगा। फिट इंडिया संडेज ऑन साइकल का आयोजन माय भारत टिहरी गढ़वाल एवं जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर, टिहरी गढ़वाल की ओर एकसाथ कराया जा रहा है।

इस कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्यों में से एक युवा नागरिकों को मतदान के महत्व के बारे में संवेदनशील बनाना मतदाता पंजीकरण और चुनावी विवरणों में सुधार के लिए प्रोत्साहित करना और जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है। यह पदयात्रा सामूहिक नागरिक कार्रवाई के माध्यम से मतदाता जागरूकता संदेश फैलाने के लिए एक दृश्यमान और सहभागी मंच के रूप में कार्य करेगी।

इस कार्यक्रम में ‘MY Bharat’ के स्वयंसेवकों और पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखी जाएगी। गतिविधियों में पदयात्रा कार्यक्रम पहली बार मतदाता बनने वालों का सम्मान मतदाता जागरूकता संवाद शपथ ग्रहण समारोह और सार्वजनिक आउटरीच शामिल हैं।

राष्ट्र निर्माण के लिए इस तरह के लोकतांत्रिक अभ्यासों में युवाओं की भागीदारी एक महत्वपूर्ण घटक है। युवा नागरिकों को जागरूकता जिम्मेदारी और चुनावी प्रक्रिया में स्वामित्व की भावना के साथ सशक्त बनाना लोकतंत्र की नींव को मजबूत करता है। इस पहल के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता के दूत के रूप में उभरने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

मेरा युवा भारत सभी युवा नागरिकों से राष्ट्रीय मतदाता दिवस पदयात्रा में सक्रिय रूप से भाग लेने और भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने में सार्थक योगदान देने का आह्वान करता है।

होमगार्ड वर्दी घोटाला : छोटी मछलियों को निशाना बनाकर बड़ी मछलियों को बचाने का प्रयास कर रही सरकार: डॉ प्रतिमा सिंह

0

 

प्रदेश प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह ने एक बयान जारी करते हुए भाजपा पर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर निशाना साधा उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस अगेंस्ट करप्शन की बात करने वाली भाजपा आज सर से पैर तक भ्रष्टाचार में लिप्त है, अभी हाल ही में होमगार्ड वर्दी घोटाला सामने आया जिसने पंद्रह दिन पहले खुलासा हुआ जिसके पूर्व कमांडेंट ने पत्र शासन को लिखा था जिसके बाद शान ने ख़ुद अधिकारियों की टीम गठित की और फिर डिप्टी कमांडेंट को निलंबित कर दिया बिना उन्हें शो कॉज दिए, अब उनका निलंबन किसको बचाने के लिए किया गया है और ये वित्तीय अनियमितता तो सिर्फ २०२४-२०२५ की ही है इसके पहले की अनियमितताओं की भी जांच होनी चाहिए, सरकार एक अधिकारी को निलंबित करके इतिश्री नहीं कर सकती। सरकार भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सेलेक्टिव कार्यवाही करती है उनके मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ आए से अधिक मामले में जब विजिलेंस ने अनुमति मांगी थी तब धामी जी ने अनुमति नहीं दी पर जिस मजिस्ट्रेट ने ये आदेश दिया था उसका स्थानांतरण करवा दिया गया, सैन्य धाम घोटाला जो शहीदों की आत्मा को कितना दुखी करता होगा उस घोटाले में भी सरकार की चुप्पी बता रही है कि सिर्फ गणेश जोशी नहीं सब मिले हुए हैं, उद्यान घोटाला, बीज घोटाला ,
130 रुपये का डंडा: 375 रुपये में खरीदा गया- 500 रुपये के जूते 1500 रुपये में खरीदे गए 1200 रुपये की पैंट-शर्ट: 3000 रुपये में खरीदी गई 500 रुपये की जैकेट 1580 रुपये में खरीदी गई

ये आंकड़े स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि किस तरह व्यवस्थित तरीके से आम जानता की गाढ़ी कमायी को अपनी जेब में डाला जा रहा है, ये वही भाजपा है जिसने जब शहीदों के ताबूत बेच दिए जवानों के खाने के सामान बेच दिए तो ये जवानों की वर्दी का क्या सम्मान करेंगे।ये वही भाजपा है जिसने लोकायुक्त के मुद्दे पर जानता को छलने का कार्य किया था आज डबल इंजन की सरकार को सात साल से ज़्यादा का समय हो गया है पर लोकायुक्त अभी भी गुणशुदा है भाजपा की यही सच्चाई है सत्ता में आने के लिए भ्रष्टाचार का एक नैरेटिव कांग्रेस के ख़िलाफ़ बनाने का प्रयास किया पर आज तक एक भी भ्रष्टाचार का मामला साबित नहीं हुआ एन एच ७४ घोटाले में सीबीआई की जाँच अब तक नहीं हुई ये बातें सिर्फ़ जानता को भ्रमित करने के लिए भाजपा करती है।उत्तराखंड को अब भ्रष्टाचार के मॉडल के रूप में जाना जाता है, किसान की आत्महत्या भी भ्रष्टाचार का परिणाम है उस मुद्दे में भी सरकार अपनों को बचाने का प्रयास कर रही है, स्मार्ट सिटी के नाम पर हज़ारों करोड़ का घोटाला हो जाता है, भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार में नगर निगम में भूमि घोटाले से लेकर सफ़ाई कर्मचारी घोटाला भी हो जाता है पर सरकार मौन रहती है आज एक अधिकारी को बलि का बकरा बनकर धामी वाह वही लूट रहे हैं।
डॉ प्रतिमा सिंह
प्रवक्ता
उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी

बड़ी कार्रवाई:  होमगार्ड वर्दी खरीद घोटाले पर सीएम धामी का जोरदार एक्शन:  DIG अमिताभ श्रीवास्तव निलंबित

0

बड़ी कार्रवाई:  होमगार्ड वर्दी खरीद घोटाले पर सीएम धामी का जोरदार एक्शन:  DIG अमिताभ श्रीवास्तव निलंबित

देहरादून। उत्तराखंड की धामी सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्य किया जा रहा है। अब तक कई अधिकारीयों पर सख्त कार्रवाई की जा चुकी है। इसी कड़ी में होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़े कथित घोटाले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त कार्रवाई की है। निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के आदेश दिएगए हैं।

 

विभाग में हर वर्ष होमगार्ड्स के लिए वर्दी, जूते, बेल्ट, कैप, बैज और अन्य आवश्यक सामग्री की खरीद होती है। वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान इस मद में करोड़ों रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। प्रारंभिक जांच में इस खरीद प्रक्रिया में गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के संकेत मिले हैं।

जांच में सामने आया है कि टेंडर प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता का पालन नहीं किया गया। कई योग्य फर्मों को बाहर कर चुनिंदा कंपनियों को लाभ पहुंचाने के आरोप हैं। इसके अलावा, बाजार दर से अधिक कीमतों पर सामग्री खरीदने, कम गुणवत्ता वाले सामान को उच्च गुणवत्ता बताकर बिल पास कराने और एक ही फर्म को बार-बार टेंडर देने जैसी शिकायतें भी सामने आई हैं।

रिकॉर्ड के अनुसार, खरीदी गई वर्दी सामग्री के स्टॉक और वास्तविक उपलब्धता में अंतर पाया गया है। कुछ मामलों में सामग्री कागजों में खरीदी हुई दिखाई गई, लेकिन विभाग तक उसके पहुंचने की पुष्टि नहीं हो सकी। भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

महानिदेशक होमगार्ड्स की ओर से शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया को नियमों के विपरीत बताया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कई स्तरों पर वित्तीय अनियमितताएं हुईं और नियमों का जानबूझकर उल्लंघन किया गया। इस पूरे मामले में डिप्टी कमांडेंट अमिताभ श्रीवास्तव की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी। संयुक्त जांच समिति टेंडर दस्तावेजों, भुगतान रिकॉर्ड और सप्लायरों की भूमिका की गहन जांच करेगी। दोषी पाए जाने पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

समर्पण सोसाइटी द्वारा संचालित बाल विवाह मुक्ति रथ का सीएम धामी ने किया फ्लैग ऑफ

0

देहरादून से राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में समर्पण सोसाइटी फॉर हेल्थ रिसर्च एंड डेवलपमेंट द्वारा संचालित बाल विवाह मुक्ति रथ का फ्लैग ऑफ किया। यह रथ दूरस्थ, ग्रामीण और उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रवाना किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान समयबद्ध, सघन और प्रभावी संदेश जन-जन तक पहुँचाने का काम करेगा। रथ के माध्यम से विभिन्न गाँवों, शहरी बस्तियों, स्कूलों, पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सामुदायिक स्थलों में नुक्कड़ नाटक, संवाद सत्र, शपथ कार्यक्रम, परामर्श शिविर, IEC सामग्री वितरण और जनसंवाद जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

यह अभियान 24 जनवरी 2026 से 08 मार्च 2026 तक चलेगा और इसका उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और बाल विवाह जैसी प्रथाओं को रोकना है।

संस्था वर्तमान में भारत सरकार द्वारा प्रारंभ किए गए 100 दिवसीय सघन अभियान (100 Days Intensive Campaign) के अंतर्गत निरंतर सामुदायिक स्तर पर गतिविधियाँ आयोजित कर रही है, जिनका सकारात्मक प्रभाव विभिन्न क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।
इसी क्रम में, भारत सरकार के बाल विवाह उन्मूलन अभियान तथा Just Right to Children अभियान के अंतर्गत 1,00,000 गाँवों को बाल विवाह मुक्त बनाने के राष्ट्रीय संकल्प के अनुरूप, जिला स्तर पर इस अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु “बाल विवाह मुक्ति रथ” का शुभारंभ किया गया।
रास्ट्रीय बालिका दिवस पर दिनांक 24 जनवरी 2026 को माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड श्री पुष्कर सिंह धामी जी द्वारा देहरादून से “बाल विवाह मुक्ति रथ” को फ्लैग ऑफ कर विधिवत शुभारंभ किया गया। माननीय मुख्यमंत्री द्वारा कहा गया की यह रथ एक चलित जन-जागरूकता अभियान के रूप में कार्य करेगा, जिसका उद्देश्य दूरस्थ, ग्रामीण एवं उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों तक पहुँच बनाकर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध समयबद्ध, सघन एवं प्रभावी संदेश जन-जन तक पहुँचाना है।
यह अभियान 24 जनवरी 2026 से 08 मार्च 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न गाँवों, शहरी बस्तियों, स्कूलों, पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं सामुदायिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक, संवाद सत्र, शपथ कार्यक्रम, परामर्श शिविर, IEC सामग्री वितरण तथा जनसंवाद जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी।
कार्यक्रम में डॉ. गीता खन्ना, अध्यक्ष, उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की गई। अपने संबोधन में डॉ. गीता खन्ना ने बाल विवाह को एक गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए कहा कि “बाल विवाह केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके उन्मूलन हेतु सभी विभागों, पंचायतों, स्कूलों, स्वयंसेवी संगठनों एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।”
उन्होंने बाल विवाह मुक्ति रथ को एक अत्यंत सकारात्मक और प्रभावशाली पहल बताते हुए सभी विभागों से इस अभियान में सहयोग की अपेक्षा की।

इस अवसर पर कार्यक्रम में निदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी एवं उनकी टीम, चाइल्डलाइन, नागरिक सुरक्षा की टीम, ग्रास रूट संस्था देहरादून के प्रतिनिधि, आसरा ट्रस्टके प्रिनिधि, जिला बाल विवाह प्रतिषेद अधिकारी व् टीम एसोसिएशन फॉर वोलेंट्री एक्शन व् विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रतिभाग किया। समर्पण संस्था की सम्पूर्ण जस्ट राईट टीम कार्यक्रम में उपस्थित रही l
समर्पण सोसाइटी द्वारा यह अभियान बाल संरक्षण, बाल अधिकारों की रक्षा, किशोरियों के सशक्तिकरण एवं सुरक्षित भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। संस्था का मानना है कि सरकार, प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही प्रदेश व् भारतवर्ष को बाल विवाह मुक्त बनाया जा सकता है।
बाल विवाह मुक्ति रथ न केवल जागरूकता का माध्यम बनेगा, बल्कि यह समाज में सकारात्मक संवाद, व्यवहार परिवर्तन एवं बाल अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता को भी सशक्त करेगा।

सीएम धामी ने ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में 8वें ज्योतिष महाकुम्भ के किया प्रतिभाग : ज्योतिष आचार्यों मिला आशीर्वाद

0

 

पंडित पुरुषोत्तम गौड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से किया सम्मानित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, देहरादून में अमर उजाला द्वारा आयोजित 8वें ज्योतिष महाकुम्भ के कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान पंडित पुरुषोत्तम गौड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके साथ अन्य ज्योतिष आचार्यों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह प्राचीन और दिव्य ज्ञान में छिपे वैज्ञानिक रहस्यों को आम लोगों तक पहुंचाने का अद्भुत प्रयास है। इस पहल से निकलने वाला निष्कर्ष मानव जीवन और सामाजिक समस्याओं के निराकरण के साथ राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए सार्थक मार्गदर्शन प्रदान होगा। उन्होंने कहा भारतीय सनातन संस्कृति में ज्ञान, विज्ञान और अध्यात्म का अद्वितीय संगम देखने को मिलता है। सनातन संस्कृति केवल आस्था और विश्वास पर आधारित नहीं है बल्कि ये गहरे वैज्ञानिक दृष्टिकोण, चिंतन और शोध का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा ज्योतिष भारत का अत्यंत समृद्ध, गूढ़ और वैज्ञानिक शास्त्र है। ऋषि-मुनि केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं थे, वे उच्च कोटि के वैज्ञानिक भी थे। आर्यभट्ट ने खगोल विज्ञान और गणित में क्रांतिकारी सिद्धांत स्थापित किए, महर्षि पराशर ने ज्योतिष शास्त्र को व्यवस्थित और वैज्ञानिक स्वरूप प्रदान किया, वराहमिहिर ने खगोल, भृगु मुनि ने भविष्य कथन और कालगणना की परंपरा को समृद्ध किया। आधुनिक विज्ञान जिन खगोलीय घटनाओं को समझने के लिए विशाल यंत्रों का सहारा लेता है, उन्हीं घटनाओं के मूल सिद्धांत हमारे ऋषि-मुनियों ने सहस्रों वर्ष पूर्व ग्रह-नक्षत्रों की गति, समय-चक्र, मानव जीवन और प्रकृति के गहन अध्ययन कर प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा अब नासा भी मानने लगा है कि भारतीय ज्योतिष विज्ञान के द्वारा बहुत सी भौगोलिक घटनाओं को भली प्रकार समझा जा सकता है। ज्योतिष शास्त्र भौतिक जीवन, आध्यात्मिक चेतना और दैविक व्यवस्था, इन तीनों के बीच संतुलन स्थापित करता है। ज्योतिष शास्त्र हमें ये सिखाता है कि मानव जीवन और ब्रह्मांड एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। सूर्य, चंद्रमा और ग्रह केवल आकाशीय पिंड मात्र नहीं हैं बल्कि वे समय-चक्र, प्रकृति के संतुलन और मानव जीवन की प्रवृत्तियों को दिशा देने वाले महत्वपूर्ण कारक भी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा दुनिया भर में ज्योतिष और वास्तु शास्त्र का व्यापक अध्ययन किया जा रहा है। ज्योतिष जैसे पवित्र ज्ञान को पूरी जिम्मेदारी के साथ समाज के सम्मुख रखा जाए, ताकि ये जनकल्याण का माध्यम बने। मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति की पताका संपूर्ण विश्व में लहरा रही है और दुनिया भर के देश हमारी प्राचीन संस्कृति दर्शन, ज्ञान और विज्ञान से परिचित हो रहे हैं।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सरकार उत्तराखंड को देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा एक ओर भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के गहन अध्ययन के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज की स्थापना की है। आयुर्वेदिक एवं प्राकृतिक चिकित्सा, योग और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में एक एक स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन की स्थापना भी करने जा रहे हैं। हमने राज्य में ज्योतिष विद्या को बढ़ावा देने के लिये उत्तराखंड ज्योतिष परिषद का भी गठन किया है। जिससे हमारी युवा पीढ़ी प्राचीन भारतीय ज्ञान और विज्ञान को समझे और इसका लाभ उठाकर अपनी जीवन यात्रा को निर्देशित कर सके।

इस दौरान कार्यक्रम में स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज,ग्राफिक एरा ग्रुप के अध्यक्ष कमल घनसाला,संपादक अमर उजाला अनूप बाजपेई एवं ज्योतिषाचार्य मौजूद थे।

देहरादून में 24 जनवरी को1 से लेकर 12 तक स्कूलों में रहेगा अवकाश : आदेश जारी

0

उत्तराखंड के कई जिलों में लगातार बारिश के चलते आंगनबाड़ी केंद्रों एवं शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। देहरादून में भी भारी बारिश एवं शीतलहर के चलते डीएम द्वारा 24 जनवरी को शैक्षिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

विधि विधान के साथ 23 अप्रैल को सुबह 6:15 बजे खुलेंगे बद्रीनाथ धाम के कपाट

0

 

देवभूमि उत्तराखंड स्थित चारधामों में प्रमुख बद्रीनाथ धाम के कपाट आगामी 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर नरेंद्रनगर स्थित राजदरबार में विधि-विधान के साथ बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा की गई।
परंपरा के अनुसार राजपुरोहितों और धर्माचार्यों की उपस्थिति में पंचांग गणना के बाद तिथि निर्धारित की गई।

घोषणा के अनुसार, बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही चारधाम यात्रा की तैयारियों को भी गति मिल गई है।

वहीं, चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ के कपाट 18 मई को दोपहर 12 बजकर 57 मिनट पर विधिवत रूप से खोले जाएंगे। कपाट खुलने की तिथियों की घोषणा से श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है, जबकि प्रशासन और मंदिर समितियों ने यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

कपाट खुलने के साथ ही देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।

अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच की घोषणा का हश्र पेपर लीक मामले में  सीबीआई जैसा :  गणेश गोदियाल

0

 

अंकिता भंडारी हत्याकांड में मुख्यमंत्री की सीबीआई जांच की घोषणा का हश्र भी पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की घोषणा के जैसा होता दिखाई दे रहा हैः- गणेश गोदियाल

देहरादून 23 जनवरी:
आज कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सर्वप्रथम जम्मू कश्मीर के डोडा में सैन्य वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से हताहत हुए जवानों की शहादत पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अंकिता भंडारी हत्याकांड में जनता के आक्रोष को देखते हुए आनन-फानन में सीबीआई जांच की आधी-अधूरी घोषणा तो की गई परन्तु इस घोषणा का हश्र भी पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच की घोषणा जैसा हो रहा है। इन दोनों मामलों में सीबीआई की तरफ से अभी तक कोई बयान आया या नहीं आया है इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच कराये जाने के लिए राज्य सरकार की नीयत साफ नहीं है इसीलिए धामी सरकार जांच में पहले दिन से ही लीपापोती करती आई है। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती है तो अंकिता को न्याय दिलाने के लिए फिर से आन्दोलन शुरू किया जायेगा।
पत्रकार वार्ता में श्री गणेश गोदियाल ने यह भी कहा कि काशीपुर के किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण में अभी तक जांच पूरी नहीं हो पाई है और न ही दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई है। पुलिस विभाग द्वारा मामले में लीपापोती के लिए कुछ पुलिस कर्मियों को रुद्रप्रयाग एवं चमोली भेजा गया है उन्हें आम जनता की सुरक्षा की बजाय मुख्यमंत्री जी की सुरक्षा में क्यों नहीं लगाया गया?
एक अन्य बयान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अरविंद पांडेय के घर चाय पीने के लिए प्रदेश के कई भाजपा नेता उत्सुक थे, हेलीकॉप्टर भी तैयार था पर अचानक कुछ हुआ और प्लान कैंसिल हो गया यही भाजपा के लोग कांग्रेस के नेताओं की सुनी अनसुनी बातों को लेकर नारेटिव सेट करते हैं, चटकारे लेते हैं गुटबाज़ी की, और अपने घर में देखने का वक्त नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से कह रही है कि भाजपा खंड-खंड में बटी हुई है तभी जैसे ही अरविंद पांडे ने धामी के खिलाफ बोलना शुरू किया उसे अपने गुट में शामिल करने वालों की होड़ लग गई इसीलिए ये कहावत कहीं गई है कि जिसके घर शीशे के होते हैं वो दूसरे के घरों में पत्थर नहीं मारते।
मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी होर्डिंग पोस्टर में किसकी फोटो लगाये ये उसकी मर्जी है पर दुष्यंत गौतम की फोटो अचानक भाजपा के बैनर पोस्टर से गायब होना ये बता रहा है कि कहीं ना कहीं भाजपा भी ये मान रही है कि दुष्यंत गौतम ही अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी हैं और ऐसे लोगों से इतने विलम्ब में दूरी बनाकर जनता जी आंख में धूल झोकने की कोशिश है।
पत्रकार वार्ता में मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, प्रवक्ता डॉ0 प्रतिमा सिंह, प्रवक्ता गरिमा दसौनी, सोशल मीडिया के अभिनव थापर आदि उपस्थित थे।

डॉ0 प्रतिमा सिंह
प्रवक्ता मीडिया विभाग
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी