देहरादून: बीते मंगलवार को ट्रियो कप 2026 का फाइनल मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। रोमांच, जोश और बेहतरीन खेल से सजे इस खिताबी मुकाबले में पावर पैंथर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नवी स्पोर्ट्स क्लब को 17 रनों से शिकस्त दी और टूर्नामेंट की पहली चैंपियन टीम बनने का गौरव अपने नाम किया।
यह टूर्नामेंट एक प्रतिष्ठित कॉर्पोरेट क्रिकेट प्रतियोगिता था, जिसमें कुल 30 टीमों ने हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि पावर पैंथर्स टीम एमडीडीए और यूपीसीएल की संयुक्त टीम थी, जिसमें अन्य विभागों से जुड़े खिलाड़ी भी शामिल रहे। ऐसे में यह जीत न केवल टीम के लिए, बल्कि उत्तराखंड के विभागीय खेल जगत के लिए भी गर्व का विषय मानी जा रही है।

पहले बल्लेबाज़ी में दमदार प्रदर्शन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पावर पैंथर्स ने निर्धारित 25 ओवरों में 187 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से दीपक तोमर ने शानदार जुझारू पारी खेली, जबकि राजेश ने 41 रनों की अहम पारी निभाकर पारी को संभाला। वहीं मनवीर पंवार ने महज़ 8 गेंदों पर 20 रन ठोककर टीम को तेज़ रफ्तार दी और स्कोर को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए नवी स्पोर्ट्स क्लब का संघर्ष
188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवी स्पोर्ट्स क्लब की टीम ने भी पूरा दम लगाया। अर्चित अग्रवाल ने 46 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम की कोशिशें नाकाफी रहीं और पूरी टीम 23.2 ओवरों में 170 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

गेंदबाज़ों ने पलटा मैच
पावर पैंथर्स की जीत में गेंदबाज़ों का योगदान बेहद अहम रहा। अक्षय कुमार सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4.2 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं किरन सिंह ने सूझबूझ भरी गेंदबाज़ी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट लेकर मुकाबले का रुख पूरी तरह पावर पैंथर्स के पक्ष में मोड़ दिया।
मैच के दौरान प्रवेश सेमवाल ने अपने अनोखे अंदाज़ में मंच संचालन कर माहौल को जीवंत बनाए रखा, जबकि अलंकार गौतम की रोचक और जोशीली कमेंट्री ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
ये लोग बने ऐतिहासिक पल के गवाह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में रणजीत मान, निलेश पाठक, सनी ठाकुर, अक्षय घरती, सुभाष रावत, दीक्षांत मिश्रा, आदित्य नेगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
ट्रियो कप 2026 का यह आयोजन न सिर्फ रोमांचक क्रिकेट का गवाह बना, बल्कि विभागीय और कॉर्पोरेट खेलों को नई पहचान देने वाला साबित हुआ। पावर पैंथर्स की यह ऐतिहासिक जीत लंबे समय तक याद की जाएगी।




